महाराष्ट्र: औरंगाबाद में दस्ताने की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 6 की मौत
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: December 31, 2023 08:01 AM2023-12-31T08:01:28+5:302023-12-31T08:05:09+5:30
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रविवार तड़के एक हाथ के दस्ताने बनाने वाली कंपनी में भीषण आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
छत्रपति संभाजीनगर:महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में रविवार तड़के एक हाथ के दस्ताने बनाने वाली कंपनी में भीषण आग लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई।
इस संबंध में अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वालुज एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित दस्ताना फैक्ट्री में आग सुबह आधी रात में करीब 02:15 बजे लगी। हैंड ग्लव्स फैक्ट्री में लगी आग के कारण अभी तक छह लोगों की मौत हो चुकी है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं और आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर जारी है।
समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए अग्निशमन अधिकारी मोहन मुंगसे ने कहा, "हमें आधी रात में करीब 2:15 बजे एक कॉल के जरिये आलग लगने की सूचना मिली। उसके बाद जब हम घटना स्थल पर पहुंचे तो देखा कि पूरी फैक्ट्री में आग लगी हुई है।"
उन्होंने आगे कहा, "मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने हमें बताया कि फैक्ट्री के अंदर छह लोग फंसे हुए हैं। उसके बाद हमारे अधिकारी फौरन उन्हें बचाने के लिए फैक्टी के अंदर दाखिल हुए लेकिन तब तक सभी छह लोगों की मौत हो चुकी थी। हमने मौके से 6 लोगों का शव बरामद किया है।"
मोहन मुंगसे ने कहा, "फिलहाल दमकल कर्मियों द्वारा आग बुझाने का काम जारी है। मौके पर कई दमकर गाड़ियां लगी हुई हैं और जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।"
इससे पहले स्थानीय लोगों ने दावा किया था कि इमारत के अंदर कम से कम पांच कर्मचारी फंसे हुए थे। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बाद में आग की घटना में छह लोगों की मौत की पुष्टि की।
घटना के संबंधझ में मजदूरों ने बताया कि जब आग लगी तो कंपनी बंद थी और वे सो रहे थे। एक कर्मचारी ने बताया, "जब आग लगी तो इमारत के अंदर 10-15 कर्मचारी सो रहे थे। कुछ लोग भागने में सफल रहे, लेकिन कम से कम पांच-छह लोग अंदर फंस गए।"