महाराष्ट्र स्थानीय चुनाव: मुंबई में 117, नागपुर में 111 और पुणे में 90 सीट?, मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा- जनता ने विकास के लिए मतदान किया
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 16, 2026 16:50 IST2026-01-16T16:49:09+5:302026-01-16T16:50:28+5:30
रुझानों के अनुसार मुंबई महानगरपालिका चुनाव में 227 में से 117 वार्ड में भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे हैं।

file photo
नागपुरः महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य नगर निकाय चुनावों में बहुमत की ओर बढ़ रही है और उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी के नेतृत्व वाला ‘महायुति’ गठबंधन दो-तिहाई बहुमत हासिल कर लेगा। बावनकुले ने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने विकास के लिए मतदान किया है।
रुझानों के अनुसार मुंबई महानगरपालिका चुनाव में 227 में से 117 वार्ड में भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे हैं। इनके अनुसार भाजपा कई अन्य नगर निकायों में भी बढ़त बनाये हुए है। बावनकुले ने यहां पत्रकारों से कहा कि मौजूदा रुझानों को देखते हुए भाजपा को ‘‘51 फीसदी मत प्रतिशत’’ के साथ बहुमत मिल जायेगा।
उन्होंने कहा कि ‘महायुति’ को दो-तिहाई बहुमत मिलने की प्रबल संभावना है। उन्होंने कहा कि नागपुर महानगर पालिका चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा कि लोगों ने शहर के विकास के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के दृष्टिकोण के पक्ष में मतदान किया है। बावनकुले ने कहा कि लोगों ने केंद्र और राज्य सरकारों पर अपना भरोसा जताया है। राज्यभर में 29 महानगर पालिकाओं के चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान हुआ था। आज मतगणना हो रही है।