Maharashtra Ki Taja Khabar: मुंबई के धारावी में 650 के पार पहुंची कोरोना संक्रमितों की संख्या, आज संक्रमण के 33 नए मामले आए सामने
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: May 5, 2020 08:34 PM2020-05-05T20:34:44+5:302020-05-05T20:34:44+5:30
केंद्र सरकार स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की मानें तो देश भर में पिछले 24 घंटे में 3900 नए मामले सामने आए हैं और 195 लोगों की मौत हुईं हैं।
मुंबई: देश भर में कोरोना संक्रमण के मामले में आज रिकॉर्ड वृद्धि देखी गई है। महाराष्ट्र में इस समय देश के सभी राज्यों से अधिक कोरोना संक्रमित हैं। यहां संक्रमण के मामले में कोई कमी होते नहीं दिख रही है। आज महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में स्थित झुग्गी-झोपड़ी व सघन जन घनत्व वाले धारावी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए हैं।
मुंबई के सिर्फ एक इलाके धारावी में कुल सकारात्मक मामलों की संख्या 665 है। इसके अलावा इस क्षेत्र में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 20 हो गई है।
धारावी में आज #COVID19 के लिए 33 व्यक्तियों को पॉजिटिव पाया गया है। क्षेत्र में कुल पॉजिटिव मामले 665 हो गए हैं, जिसमें 196 डिस्चार्ज शामिल हैं: बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) #गुजरात
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 5, 2020
बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के मामले में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की मानें तो पिछले 24 घंटे में 3900 नए मामले सामने आए हैं और 195 लोगों की मौत हुईं हैं।
इस तरह देश में कुल COVID-19 के सकारात्मक मामलों की संख्या बढ़कर 46433 हो गई है। इसके साथ ही 13161 मरीज ठीक होकर अस्पताल से वापस अपने घर चले गए हैं। देश भर में अब तक कोरोना संक्रमण से 1568 मौतें हुई हैं।
देश में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं
लॉकडाउन का तीसरा चरण 4 मई से शुरू हो गया है। लॉकडाउन के तीसरे चरण में सभी राज्यों ने कुछ छूट भी दी हैं। हालांकि कोरोना से संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या ने देश की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय से मिले आंकड़ों के मुताबिक कोरानो वायरस से अब तक 46,433 लोग संक्रमित हैं जबकि 1568 लोगों की मौत हो गई।
महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा मरीज हैं
महाराष्ट्र में तेजी से कोरोना वायरस का संक्रमण फैल रहा है। यहां ताजा आंकड़ों के मुताबिक मरीजों की कुल संख्या 14541 हो गई है। जबकि राज्य में अब तक 583 लोगों की मौत हुई है। पूरे राज्य में 390 पुलिसवाले कोरोना पॉजिटिव हैं. ये संख्या सबसे ज्यादा मुंबई में है। यहां 150 पुलिसकर्मी कोरोना के शिकार हो गए हैं।