आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ ली। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गोविन्द माथुर ने राजभवन में आयोजित समारोह में आनंदीबेन को नये राज्यपाल पद की शपथ दिलायी।
पूर्व राज्यपाल राम नाइक परंपरा से हटकर आनंदीबेन पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने 20 जलाई को आनंदीबेन पटेल को उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया था। इससे पहले वह मध्य प्रदेश की राज्यपाल थीं।
गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री रह चुकीं आनंदी बेन पटेल ने राजभवन में राज्यपाल पद की शपथ ली। वह प्रदेश की 34वीं राज्यपाल व उत्तर प्रदेश का गठन होने के बाद 25वीं राज्यपाल हैं। इससे पहले उनको गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निवर्तमान राज्यपाल रामनाइक का कार्यकाल 22 जुलाई को खत्म हो गया था। रविवार को रामनाइक ने कहा था कि, सात दिनों का ये मुझे बोनस मिला। इसलिए आनंदी बेन पटेल को धन्यवाद देता हूं।
2017 में आनंदीबेन ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। इसके बाद वह 2018 में मध्य प्रदेश में राज्यपाल नियुक्त हुईं। उन्हें छत्तीसगढ़ राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था। शपथ ग्रहण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के अलावा यूपी सरकार के मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सेना के मध्य कमान के अधिकारी, विश्वविद्यालयों के कुलपति उपस्थित रहे।
सरोजिनी नायडू यूपी की पहली महिला राज्यपाल थीं। अब प्रदेश को दूसरी महिला राज्यपाल के रूप में आनंदीबेन पटेल मिली हैं। जिस समय सरोजिनी नायडू ने शपथ ली थी, उस वक्त उत्तर प्रदेश का नाम यूनाइटेड प्राविंस था। स्वतंत्रता सेनानी सरोजनी नायडू 15 अगस्त 1947 को प्रदेश की राज्यपाल बनीं। वह इस पद पर 2 मार्च 1949 तक रहीं। यूपी में अब तक 33 राज्यपाल हुए हैं। आनंदीबेन पटेल 34 वीं राज्यपाल हैं। राम नाइक उत्तर प्रदेश के 33वें राज्यपाल थे।
लालजी टंडन ने सोमवार को मध्यप्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ ली
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन ने सोमवार को मध्य प्रदेश के राज्यपाल पद की शपथ ली। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश रवि शंकर झा ने सुबह 11 बजे यहाँ राजभवन में लालजी टंडन को राज्यपाल पद की शपथ दिलायी।
मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनने से पहले वह बिहार के राज्यपाल थे। टंडन, आनंदीबेन पटेल के स्थान पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल बने हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। इस दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं उनके कैबिनेट के सदस्य भी मौजूद थे।
फागू चौहान ने बिहार के राज्यपाल के रूप में शपथ ली
फागू चौहान ने सोमवार को बिहार के 40 वें राज्यपाल के रूप में शपथ ली। राजभवन में आयोजित एक समारोह के दौरान चौहान को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और नीतीश कैबिनेट के कई मंत्रियों और अन्य लोगों की मौजूदगी में पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अमरेश्वर प्रताप साही ने राज्यपाल पद की शपथ दिलाई।
चौहान ने लालजी टंडन का स्थान लिया जिन्हें मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया है। छह बार भाजपा विधायक रहे चौहान ने पिछले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा से विधायक के रूप में इस्तीफा दे दिया था। 71 वर्षीय चौहान को 20 जुलाई को राष्ट्रपति भवन द्वारा बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया था।
चौहान 1985 में दलित मजदूर किसान पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर घोसी से विधानसभा चुनाव जीते थे। वह 1991 में जनता दल के टिकट पर फिर से विधायक बने और 1996 और 2002 में मऊ जिले में उसी निर्वाचन क्षेत्र से जीते। चौहान फिर से मई 2007 में बसपा के टिकट पर जीते लेकिन बाद में भाजपा में शामिल हो गए और मार्च 2017 में उसी सीट से छठी बार विधानसभा चुनाव जीते।
वह उत्तर प्रदेश में भाजपा के पिछड़ा वर्ग से एक प्रमुख चेहरा माने जाने जाते हैं । चौहान के कल पटना एयरपोर्ट पहुंचने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सहित राज्य मंत्रियों ने उनका स्वागत किया तथा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।