Lok Sabha Elections 2024: "जिस गाड़ी में लगा होगा सपा का झंडा, उसमें बैठा होगा गुंडा", केशव प्रसाद मौर्य ने कहा
By आशीष कुमार पाण्डेय | Updated: May 29, 2024 09:10 IST2024-05-29T07:37:51+5:302024-05-29T09:10:49+5:30
यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर हमला करते हुए कहा कि जिस गाड़ी पर लगा हो सपा का झंडा उसमें बैठा होगा कोई गुंडा।

फाइल फोटो
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के योगी सरकार के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सैयदराजा के नेशनल इंटर कालेज के मैदान पर आयोजित भाजपा की चुनावी जनसभा में चंदौली में आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जनसभा में सपा कार्यकतीओं द्वारा की गई तोड़फोड की निंदा करते हुए कहा कि अभी तो चुनाव भी खत्म नहीं हुए और सपा ने अभी से अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया।
उपमुख्यमंत्री मौर्य ने चंदौली से भाजपा के प्रत्याशी डाक्टर महेंद्र नाथ पांडेय के जनसमर्थन में आयोजित सभा में इंडिया गठबंधन पर जमकर हमला किया। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर चुटकी लेते हुए कहा कि अभी तो यह ट्रेलर है, असली पिक्चर तो अभी बाकी है जब इंडिया बठबंधन की सरकार नहीं बनी है तब उनके कार्यकता इतने उपद्रव कर रहें है, सरकार बनने के बाद वो क्या करेगे यह जनता अच्छे से समझ रही है।
डिप्टी सीएम मौर्य यहीं नहीं थमे, उन्होंने सपा पर व्यंग्य करते हुए कहा, "जिस गाड़ी पर लगा हो सपा का झंडा उसमें बैठा होगा कोई गुंडा। लेकिन सपा यह याद रखे कि जनता और भाजपा मिलकर इनकी गुंडई और अराजकता की राजनिति को धूल चटाएगी।"
उन्होंने समाचार पत्रों में छपे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए तोड़फोड़ और उपद्रव की घोर निंदा करते हुए जनता से सवाल किया कि ऐसे चाल चलन और गुंडागर्दी से भाजपा की सरकार बनने से इंडिया गठबंधन कभी रोक पाएगा। इंडिया गठबंधन का दावा घरातल पर नहीं है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, "सपा-कांग्रेस गठबंधन की नाव डूब चुकी है। इस बार गठजोड़ की हवा निकल जाएगी। एक तरफ माफियाओं का गठजोड़ है, तो दूसरी तरफ मोदी और योगी की सरकार है। सपा मुखिया अखिलेश यादव के आइडियल थे अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी। सपा वाले ये जान लें कि अबकी बार 400 पार का सपना साकार होने जा रहा है। गठबंधन इसको बदल नहीं पाएगा। इंडिया गठबंधन संविधान का दुश्मन है।"
उन्होंने कहा, "कांग्रेस ने देश में आपातकाल लगाने का काम किया है। गरीबों की मदद किसी ने नहीं की। दस साल में भाजपा शासन में जो हुआ वह बीते 60 साल में नहीं हो पाया। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचारियों की नीद हराम हो गई है। गठबंधन के नेता जमानत पर छूटकर मोदी का विरोध कर रहे है। जनता एक बार फिर मोदी सरकार बनाने का मन बना चुकी है। सपा की साइकिल पंचर हो गई है। दस साल तो ट्रेलर था, भाजपा 2043 तक विकसित भारत का सपना साकार करेगी।"
केशव मौर्य ने कहा कि मोदी की गारंटी गठबंधन पर भारी पड़ रही है। पाकिस्तान दुनिया से भीख मांग रहा है। पीएम मोदी ने कहा था कि हम किसी को छेड़ेंगे नहीं और जो छेड़ेगा उसे छोड़ेंगे भी नहीं। देश के खजाने पर गरीबों का हक मोदी की गारंटी है। तुष्टीकरण करने वाले वोट की राजनीति कर रहे है।