लोकसभा चुनाव 2019: छत्तीसगढ़ में मतदान समाप्त, शाम पांच बजे तक 69 फीसदी मतदान

By भाषा | Published: April 18, 2019 07:01 PM2019-04-18T19:01:09+5:302019-04-18T19:01:09+5:30

लोकसभा चुनाव 2019: शाम पांच बजे तक लगभग 69 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। इन क्षेत्रों में कुल 49 लाख सात हजार 489 मतदाता हैं। इनमें कांकेर लोकसभा के 15 लाख 54 हजार 995, राजनांदगांव के 17 लाख 15 हजार 492 और महासमुंद लोकसभा के 16 लाख 37 हजार दो मतदाता शामिल हैं।

Lok Sabha Elections 2019: Polling ends in Chhattisgarh, 69 percent polling till 5 pm | लोकसभा चुनाव 2019: छत्तीसगढ़ में मतदान समाप्त, शाम पांच बजे तक 69 फीसदी मतदान

तीनों लोकसभा क्षेत्रों में मतदान समाप्त होने के बाद भी मतदान केंद्रों में लंबी कतारें देखी गई है।

छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा क्षेत्रों में आज शाम मतदान समाप्त हो गया। शाम पांच बजे तक क्षेत्र के लगभग 69 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि लोकसभा निर्वाचन-2019 के अंतर्गत आज दूसरे चरण में छत्तीसगढ़ के तीन लोकसभा क्षेत्रों कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद में मतदान समाप्त हो गया है।

शाम पांच बजे तक लगभग 69 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। इन क्षेत्रों में कुल 49 लाख सात हजार 489 मतदाता हैं। इनमें कांकेर लोकसभा के 15 लाख 54 हजार 995, राजनांदगांव के 17 लाख 15 हजार 492 और महासमुंद लोकसभा के 16 लाख 37 हजार दो मतदाता शामिल हैं।

तीनों लोकसभा क्षेत्रों में मतदान समाप्त होने के बाद भी मतदान केंद्रों में लंबी कतारें देखी गई है। इससे मतदात प्रतिशत में बढ़ोतरी हो सकती है। अधिकारियों ने बताया कि तीनों लोकसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए कुल छह हजार 484 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। कांकेर में 2022, राजनांदगांव में 2322 तथा महासमुंद में 2140 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए । इन लोकसभा क्षेत्रों में कुल 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं जिनमें कांकेर लोकसभा के नौ, महासमुंद के 13 और राजनांदगांव के 14 उम्मीदवार शमिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि तीन लोकसभा क्षेत्रों के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्रों जिनमें राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के पंडरिया, कवर्धा, खैरागढ़, डोंगरगढ़, राजनांदगांव, डोंगरगांव और खुज्जी तथा महासमुन्द लोकसभा क्षेत्र के सराईपाली, बसना, खल्लारी, महासमुंद, राजिम, कुरूद, धमतरी और कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सिहावा, संजारी-बालोद, डौंडीलोहरा और गुन्डरदेही में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। वहीं राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के मोहला-मानपुर, कांकेर लोकसभा क्षेत्र के अन्तागढ़, भानुप्रतापपुर, केशकाल और कांकेर विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ।

अधिकारियों ने बताया कि महासमुन्द लोकसभा क्षेत्र के बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा के अन्तर्गत छह मतदान केन्द्रों पर भी सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक वोट डाले गए। इनमें कामरभौंदी, आमामोरा, ओढ, बडेगोबरा, सहबीनकछार और कोदोमाली मतदान केन्द्र शामिल हैं। बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा के शेष मतदान केन्दों में सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ।

तीनों लोकसभा क्षेत्रों में 36 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। लेकिन मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के मध्य है। राजनांदगांव क्षेत्र में भाजपा की ओर से संतोष पांडेय और कांग्रेस की ओर से भोलाराम साहू, कांकेर में भाजपा की ओर से मोहन मंडावी और कांग्रेस की ओर से बीरेश ठाकुर और महासमुंद लोकसभा सीट में भाजपा की ओर से चुन्नीलाल साहू और कांग्रेस की ओर से धनेंद्र साहू के मध्य मुकाबला है।

राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लोकसभा क्षेत्रों में मतदान को देखते हुए सुरक्षा बल के लगभग 60 हजार जवानों को तैनात किया गया है। वहीं क्षेत्र में ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदान दलों को सुरक्षित बाहर निकालना बड़ी चुनौती है। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव आयोग ने तीन चरणों में मतदान का फैसला किया है।

पहले चरण में 11 अप्रैल को बस्तर लोकसभा सीट के लिए मतदान संपन्न हुआ है। वहीं दूसरे चरण में आज 18 अप्रैल को कांकेर, राजनांदगांव और महासमुंद लोकसभा सीट के लिए मतदान संपन्न हुआ है। तीसरे चरण में 23 अप्रैल को रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर चांपा, दुर्ग और सरगुजा लोकसभा सीट के लिए मतदान होगा। 

Web Title: Lok Sabha Elections 2019: Polling ends in Chhattisgarh, 69 percent polling till 5 pm



Get the latest Election News, Key Candidates, Key Constituencies live updates and Election Schedule for Lok Sabha Elections 2019 on www.lokmatnews.in/elections/lok-sabha-elections. Keep yourself updated with updates on Chhattisgarh Loksabha Elections 2019, phases, constituencies, candidates on www.lokmatnews.in/elections/lok-sabha-elections/chhattisgarh.