लोकसभा चुनाव 2019: वायनाड सीट पर बड़े अंतर से जीत की ओर राहुल गांधी!
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: May 23, 2019 16:38 IST2019-05-23T16:38:19+5:302019-05-23T16:38:19+5:30
कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से बड़ी जीत की ओर बढ़ रहे हैं...

लोकसभा चुनाव 2019: वायनाड सीट पर बड़े अंतर से जीत की ओर राहुल गांधी!
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी केरल की वायनाड सीट से बड़े अंतर से जीत दर्ज करने जा रहे हैं। ताजा रुझानों के मुताबिक केरल की वायनाड सीट से राहुल गांधी करीब 4 लाख से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं। फिलहाल सबसे ज्यादा वोट से जीतने का रिकॉर्ड भारतीय जनता पार्टी की प्रीतम मुंडे के नाम दर्ज है। उन्होंने 2014 में बीड सीट पर हुए उपचुनाव में 6 लाख 97 हजार से ज्यादा वोटों के अंतर से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी को हराया था।
अभी तक के रुझानों के मुताबिक राहुल गांधी को 664882 वोट मिले हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी सीपीआई के पीपी सुनीर को 445002 वोट मिले। इस तरह वोटों का अंतर चार लाख हो गया है। उन्हें करीब 65 प्रतिशत वोट मिले। हालांकि उत्तर प्रदेश के अमेठी सीट से राहुल गांधी को बीजेपी की स्मृति ईरानी पिछड़ रहे हैं।
इन नेताओं ने दर्ज की रिकॉर्ड जीत
- गोपीनाथ मुंडे की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद 2014 में बीड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उनकी बेटी प्रीतम मुंडे ने सबसे ज्यादा मतों से जीतने का इतिहास रचा था। प्रीतम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 6,96,321 वोटों के अंतर से हराया था।
- 2004 के आम चुनाव में CPM के अनिल बसु ने पश्चिम बंगाल की आरामबाग लोकसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 5,92,502 वोटों के अंतर से हराया था।
- पूर्व प्रधानमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव ने 1991 में आंध्र प्रदेश के नांदयाल लोकसभा सीट पर उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 5,80,297 मतों के अंतर से हराया था।
- नरेंद्र मोदी ने 2014 के लोकसभा चुनाव में वडोदरा लोकसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 570,128 मतों के अंतर से हराया।