केजरीवाल का बीजेपी पर आरोप, कहा- कानून व्यवस्था संभालने में है असफल
By भाषा | Published: September 15, 2018 02:55 AM2018-09-15T02:55:19+5:302018-09-15T02:55:19+5:30
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकारों पर ‘‘कानून एवं व्यवस्था संभालने में असफल रहने’’ का आरोप लगाया।
नई दिल्ली, 15 सितम्बर: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकारों पर ‘‘कानून एवं व्यवस्था संभालने में असफल रहने’’ का आरोप लगाया। केजरीवाल ने यह आरोप महेंद्रगढ़ जिले में 19 वर्षीय युवती से सामूहिक बलात्कार तथा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक महिला की एक व्यक्ति द्वारा पिटायी का वीडियो वायरल होने के एक दिन बाद लगाया।
केजरीवाल वर्तमान में दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वह हरियाणा आप नेता नवीन जयहिंद के एक ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे जिसमें आरोप लगाया गया था कि रोहतक में आज शाम में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
केजरीवाल ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘भाजपा कहीं पर भी कानून एवं व्यवस्था की स्थिति नहीं संभाल पा रही है, न ही दिल्ली में और न ही हरियाणा में। लोग हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से जवाब चाहते हैं कि हमारी पुत्रियां कहां जाएंगी और उन्हें सुरक्षा कौन मुहैया कराएगा।’’
दिल्ली में एक वीडिया वायरल हुआ है जिसमें एक पुलिसकर्मी का पुत्र एक महिला की पिटायी करते दिख रहा है। उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। गुरूवार को 19 वर्षीय छात्रा से हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में नशीला पदार्थ देकर गैंगरेप किया गया।