जीतन राम मांझी की पार्टी का नेता दिलीप कुशवाहा और उसकी पत्नी नेताओं को सप्लाई करते थे लड़कियां
By एस पी सिन्हा | Updated: June 19, 2025 16:35 IST2025-06-19T16:35:24+5:302025-06-19T16:35:29+5:30
दिलीप कुशवाहा और उसकी पत्नी किरण किराए के मकान में लड़कियों को बंधक बनाकर देह व्यापार करवाते थे। यहां से लड़कियों को शहर के होटलों में भेजा जाता था।

जीतन राम मांझी की पार्टी का नेता दिलीप कुशवाहा और उसकी पत्नी नेताओं को सप्लाई करते थे लड़कियां
पटना:बिहार के मुजफ्फरपुर में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा(हम) का नेता दिलीप कुशवाहा और उसकी पत्नी किरण लड़कियों को फंसाकर नेताओं को सप्लाई करती थीं। ऐसे में सेक्स रैकेट चलाने वाले हम नेता दिलीप कुशवाहा और उसकी पत्नी किरण समेत 5 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दिलीप कुशवाहा और उसकी पत्नी किरण किराए के मकान में लड़कियों को बंधक बनाकर देह व्यापार करवाते थे। यहां से लड़कियों को शहर के होटलों में भेजा जाता था। पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए मकान और दो होटल में छापेमारी की। इस दौरान चार युवतियों को मुक्त कराया। साथ ही दंपति सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इस सेक्स रैकेट का खुलासा तब हुआ जब एक युवती ने फंसने के बाद फोन कर पुलिस को लोकेशन भेजा। इस मकान तक अकेली युवतियों, जो किसी कारणवश स्टेशन और बस अड्डों पर होती थीं, उन्हें ऑटो ड्राइवर बहला-फुसलाकर पहुंचाता था। डीएसपी टाउन वन सीमा देवी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में पवन कुमार और अंकित कुमार होटल के मैनेजर हैं।
यह ग्राहकों को फोन करके लड़कियों की फोटो दिखाते थे। फिर उसी के मुताबिक पैसों की डिमांड की जाती थी। इसके बाद दिलीप और उसकी पत्नी किरण, अपने यहां से लड़कियों को होटल भेजती थी।इसके लिए कार का इस्तेमाल किया जाता था। सीमा देवी ने बताया कि छापेमारी में एक कार, एक ऑटो और आपत्तिजनक चीजें भी जब्त की गई हैं।
साथ ही पुलिस ने आरोपी के मोबाइल से कई आपत्तिजनक चैट्स और व्हाट्सएप पर ग्राहकों को भेजी गई लड़कियों की तस्वीरें बरामद की हैं। इनमें कुछ सफेदपोश लोगों के नंबर भी पाए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। सेक्स रैकेट गिरोह के सरगना दिलीप कुशवाहा समेत अन्य आरोपितों के जब्त किए गए मोबाइल की जांच में परत दर परत कई राज सामने आ रहे हैं।
दिलीप के मोबाइल में एक सौ से अधिक लड़कियों की तस्वीर मिली है। इसमें कई की अर्धनग्न तस्वीर भी हैं। इसके अलावा शहर के कई होटल मैनेजर, सफेदपोशों व राजनीतिक पार्टी से जुड़े नेताओं के भी नंबर मिले हैं, जिन पर उसने लड़कियों की तस्वीर भेजी थी। इनमें से होटल सेंट्रल पार्क व सुभद्रा के मैनेजर को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य होटल मैनेजरों की संलिप्तता के बिंदु पर पुलिस अभी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्य के आधार पर अन्य होटल मैनेजरों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। होटल सेंट्रल पार्क से जब्त किए गए डीवीआर को भी खंगाला जा रहा है। इससे यह पता चलेगा कि होटल में कौन-कौन लोग आते थे। डीएसपी टाऊन 1 ने बताया कि 'दिलीप कुशवाहा और लक्ष्मण पासवान काफी सालों से इस धंधे से जुड़े हुए हैं।
साल 2014 में इन दोनों को 10 साल की सजा हुई थी, जिसको लेकर नगर थाना में कांड संख्या 294/2014 दर्ज है। पुलिस सूत्रों की माने तो दिलीप कुशवाहा का राजनीति में अच्छी पकड़ है। जिले के कई बड़े बड़े नेताओं से उसकी जान पहचान है। कई नेताओं को भी लड़की पहुंचाने का काम करता है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच पड़ताल कर रही है।