झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन ने 3,469 शिक्षकों को सौंपा नियुक्ति पत्र, स्थानीय भाषा के शिक्षकों की भी हुई नियुक्ति, इन भाषाओं में होगी पढ़ाई
By अनिल शर्मा | Published: May 19, 2023 03:34 PM2023-05-19T15:34:31+5:302023-05-19T15:51:26+5:30
हेमंत सोरेन ने लिखा- शिक्षा के क्षेत्र में झारखण्ड आगे बढ़े, राज्य के बेटे-बेटियों को उत्कृष्ट शिक्षा के अवसर मिले, यही हमारा लक्ष्य है। इस अवसर पर आप सभी नवनियुक्त माध्यमिक शिक्षकों को अनेक-अनेक शुभकामनाएँ और जोहार।
रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को खेलगांव स्थित ताना भगत इंडोर स्टेडियम में 3,469 माध्यमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपा। मुख्यमत्री ने नियुक्ति पत्र सौंपे जाने के बाद ट्वीट किया- 'आज रांची में वीर शहीद टाना भगत इंडोर स्टेडीयम में 3,469 नवनियुक्त माध्यमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का सौभाग्य मिला।'
हेमंत सोरेन ने लिखा- 'शिक्षा के क्षेत्र में झारखण्ड आगे बढ़े, राज्य के बेटे-बेटियों को उत्कृष्ट शिक्षा के अवसर मिले, यही हमारा लक्ष्य है। इस अवसर पर आप सभी नवनियुक्त माध्यमिक शिक्षकों को अनेक-अनेक शुभकामनाएँ और जोहार।'
आज रांची में वीर शहीद टाना भगत इंडोर स्टेडीयम में 3,469 नवनियुक्त माध्यमिक शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने का सौभाग्य मिला। शिक्षा के क्षेत्र में झारखण्ड आगे बढ़े, राज्य के बेटे-बेटियों को उत्कृष्ट शिक्षा के अवसर मिले, यही हमारा लक्ष्य है।
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) May 19, 2023
इस अवसर पर आप सभी नवनियुक्त…
मुख्यमंत्री ने स्थानीय भाषा के शिक्षकों को विद्यालयों में बच्चों को उनकी अपनी बोली में पढ़ाने के लिए नियुक्ति पत्र भी दिए। इनमें संथाली, मुंडारी, कुडुख और अन्य भाषाएं शामिल हैं। संथाली को पढ़ाने के लिए 42 शिक्षक हैं, 29 बांग्ला, 28 कुदुख, 11-11 नागपुरी और मुंडारी के लिए, 4 कुर्माली में, 2 उड़िया के लिए और एक-एक पंचपरगनिया और हो में हैं।
गौरतलब है कि नियुक्ति पाने वाले सभी शिक्षकों को राज्य के सरकारी विद्यालयों में लगाया जाएगा। इनमें इतिहास और नागरिक शास्त्र के 779, संस्कृत के 398, भूगोल के 341, हिंदी के 337, अर्थशास्त्र के 260 और गणित और भौतिकी के 268 शिक्षक शामिल हैं। इसके अलावा 249 अंग्रेजी शिक्षक, जीव विज्ञान और रसायन विज्ञान में 232, शारीरिक शिक्षा में 184, वाणिज्य में 118, संगीत में 97, उर्दू में 27 और गृह विज्ञान में 50 प्रशिक्षित हैं। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक 279 शिक्षक रांची, 263 पूर्वी सिंहभूम, 240 धनबाद, 230 सरायकेला-खरसावां, 228 गोड्डा और 200 शिक्षक पश्चिमी सिंहभूम में पदस्थ हैं।
इस बीच, भाजपा ने अपनी रोजगार नीति को लेकर झामुमो के नेतृत्व वाली सरकार पर तीखा हमला किया और दावा किया कि राज्य में पिछली भाजपा सरकार के प्रयासों के कारण ये भर्तियां संभव हो सकी हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश ने मुख्यमंत्री सोरेन को इन नियुक्तियों के बारे में तथ्यों के साथ सामने आने की चुनौती दी। उन्होंने कहा, जहां तक इन शिक्षकों की नियुक्तियों का सवाल है, जनता और उम्मीदवार जानते हैं कि यह पूर्ववर्ती रघुबर दास के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की देन है।