उरी में पाकिस्तान ने किया सीजफायर का उल्लंघन, महिला की मौत, जवाबी कार्रवाई में पाक सेना के 10 जवान ढेर, 12 घायल
By सुरेश एस डुग्गर | Updated: June 12, 2020 17:05 IST2020-06-12T17:02:30+5:302020-06-12T17:05:32+5:30
भारतीय सेना पाकिस्तान की इस हरकत का माकूल जवाब दे रही है। उरी के साथ ही पाकिस्तानी सेना ने कस्बा और कीरनी सेक्टर में भी संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। सीमा पार से भारी गोलाबारी की जा रही है।

कल भी पाकिस्तानी सेना ने अकारण संघर्षविराम का उल्लंघन किया था। (file photo)
जम्मूः शुक्रवार को पाकिस्तानी सेना ने उरी के हाजीपीर सेक्टर में भारी गोलाबारी की। इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सेना की चौकियों को निशाना बनाने के साथ ही रिहायशी इलाकों में भी भारी गोलाबारी की। इस गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गई है जबकि एक अन्य महिला घायल हो गई है।
वहीं भारतीय सेना पाकिस्तान की इस हरकत का माकूल जवाब दे रही है।उड़ी के साथ ही पाकिस्तानी सेना ने कस्बा और कीरनी सेक्टर में भी संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। सीमा पार से भारी गोलाबारी की जा रही है। जिसका भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है। कल भी पाकिस्तानी सेना ने अकारण संघर्षविराम का उल्लंघन किया था।
जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया था। इस दौरान पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। पाकिस्तान की कई चौकियां तबाह हुई थीं। उसके 10 सैनिक मारे जाने व 12 से अधिक सैनिकों के घायल होने की सूचना है। इन्हीं घायलों और मारे गए सैनिकों के शवों को उठाने के लिए पाकिस्तानी सेना ने गिरगिट की तरह रंग बदला है। इससे पहले भी पाकिस्तानी सेना कई बार नीलम घाटी में ऐसा कर चुकी है।