जम्मू-कश्मीर: सांबा में इंटरनेशनल बॉर्डर पर पकड़ी गई 36 किलो हेरोइन, तीन घुसपैठिए भी ढेर
By सुरेश एस डुग्गर | Published: February 6, 2022 12:40 PM2022-02-06T12:40:23+5:302022-02-06T12:41:47+5:30
एलओसी के उड़ी इलाके से शनिवार को दो लोगों को पकड़ा गया था। इनके कब्जे से 9 किलो हेरोइन बरामद की गई थी। वहीं, रविवार सुबह सांबा में 36 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
जम्मू: आतंकवाद को जारी रखने की खातिर पाकिस्तान अब नारको टेररिज्म बढ़ाने की कवायद में लगा नजर आ रहा है। हालांकि, भारतीय सुरक्षाबल उसके इरादों को नेस्तनाबूद करते जा रहे हैं। सुरक्षाबलों ने रविवार को सांबा जिला में स्थित अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से घुसपैठ कर भारतीय क्षेत्र में आ रहे तीन घुसपैठियों को ढेर कर दिया।
इनके कब्जे से 36 किलो हेरोइन बरामद की गई है। इससे पहले शनिवार को भी एलओसी के उड़ी इलाके से दो लोगों को पकड़ा गया था जिनके कब्जे से 9 किलो हेरोइन बरामद की गई थी।
बीएसएफ के अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के पाकिस्तानी सीमा पर भारतीय सीमा सुरक्षा बल के मुस्तैद जवानों ने कुछ हलचल देखी। इस दौरान जब नाइट विजन दूरबीन से देखा गया तो पाया कि पाकिस्तान की ओर से तीन घुसपैठिए भारतीय सीमा में प्रवेश करने की फिराक में हैं। तीनों ने जैसे ही भारतीय सीमा में प्रवेश किया तो उनको आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई।
तीनों ने इसे अनसुना कर झाड़ियों में छिपते हुए पाकिस्तानी सीमा की ओर भागने का प्रयास किया। सतर्क सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने उन्हें वहीं ढेर कर दिया। उनके कब्जे से हथियार व मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। फिलहाल, अंतरराष्ट्रीय सीमा के आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान जारी है। मारे गए तीनों घुसपैठियों की पहचान की जा रही है।
बीएसएफ के उप महानिरीक्षक एस. पी. एस. संधू ने बताया कि जवानों ने तड़के करीब ढाई बजे तस्करों की गतिविधियों को देखा। इसके बाद गोलीबारी में घुसपैठिए मारे गए। घटनास्थल से 36 पैकेट ड्रग्स बरामद किया गया है, जिनमें हेरोइन होने का संदेह है।