"ड्राइवर की लापरवाही ने ली मासूम की जान: मक्सी के पास इंटरसिटी बस में आग, 4 वर्षीय अनय जिंदा जला"
By मुकेश मिश्रा | Updated: May 16, 2026 13:16 IST2026-05-16T13:14:17+5:302026-05-16T13:16:43+5:30
Bus Fire Accident: प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि वाहन की वायरिंग जलने से शॉर्ट-सर्किट हुआ और आग फैल गई।

"ड्राइवर की लापरवाही ने ली मासूम की जान: मक्सी के पास इंटरसिटी बस में आग, 4 वर्षीय अनय जिंदा जला"
Bus Fire Accident: शाजापुर जिले के मक्सी के पास एबी रोड पर स्थित होटल जैन पथ के पास बीती रात इंदौर से ग्वालियर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस बस में अचानक आग लगने से चार वर्षीय मासूम अनय जैन की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब बस चाय-नाश्ते के लिए होटल जैन पथ पर रुकी थी। घटना के समय बस में लगभग 50 से अधिक यात्री सवार थे।
मौके पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने बताया कि बस के बोनट से पहले धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। यात्रियों का कहना है कि आग लगने से पहले बिजली की वायरिंग जलने जैसी बदबू आ रही थी। कई यात्रियों ने यह बात चालक को बताई थी, लेकिन चालक ने जांच कराना अनदेखा कर दिया; यात्रियों का आरोप है कि ड्राइवर की यह लापरवाही हादसे की मुख्य वजह बनी।
आग लगते ही यात्रियों में भगदड़ मच गई।कई लोगों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकला। इस अफरा-तफरी में चार वर्षीय अनय सीट के नीचे दब गया और बाहर नहीं निकल सका। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों और बचावकर्मियों ने सीट के नीचे से अनय का जला हुआ शव निकाला। पिता अभिषेक जैन ने रोते हुए बताया कि वे पत्नी व दो बच्चों के साथ इंदौर से रात करीब 10 बजे शिवपुरी के लिए निकले थे और रास्ते में ही तार जलाने की गंध आनी शुरू हो गई थी। उन्होंने कहा कि बस में न तो इमरजेंसी गेट था और न ही अग्निशमन यंत्र मौजूद था।
स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचित किया, लेकिन बचाव कार्य शुरू देरी से शुरू हुआ। मौके पर पहुंची पहली फायर ब्रिगेड वाहन में पानी ही नही था। बाद में अन्य दमकल वाहनों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में बताया गया है कि वाहन की वायरिंग जलने से शॉर्ट-सर्किट हुआ और आग फैल गई।
घटना के तुरंत बाद बस चालक व क्लीनर मौके से फरार हो गए। यात्रियों व परिजनों ने पुलिस से चालक व क्लीनर की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने कहा है कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज, बस के रूट लॉग और सर्विस रिकॉर्ड तलब किए जा रहे हैं और फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।