भारत ने इस्लामाबाद में दो भारतीय अधिकारियों को यातना देने के मुद्दे पर पाकिस्तानी उच्चायुक्त को किया तलब, कड़ा विरोध कराया गया दर्ज

By स्वाति सिंह | Published: June 16, 2020 09:22 PM2020-06-16T21:22:06+5:302020-06-16T21:36:33+5:30

पाकिस्तान के मीडिया ने खबर दी कि सोमवार की सुबह से लापता दो भारतीय कर्मचारियों को पाकिस्तान के अधिकारियों ने ‘‘टक्कर मारकर भागने’’ में कथित तौर पर संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया है। 

India summons Pakistani High Commissioner on the issue of torturing two Indian officials in Islamabad, strong protest was lodged | भारत ने इस्लामाबाद में दो भारतीय अधिकारियों को यातना देने के मुद्दे पर पाकिस्तानी उच्चायुक्त को किया तलब, कड़ा विरोध कराया गया दर्ज

श्रीवास्तव ने आगे कहा कि भारत इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो कर्मचारियों के विरुद्ध पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की कड़ी निंदा और भर्त्सना करता है।

Highlightsभारत ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारियों को पाकिस्तानी एजेंसियों द्वारा जबरन अगवा किया गया

नई दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत को समन कर गिरफ्तार किए दो अधिकारियों को यातना देने के मुद्दे पर पाकिस्तानी उच्चायुक्त को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारियों को पाकिस्तानी एजेंसियों द्वारा जबरन अगवा किया गया और दस घंटे तक अवैध हिरासत में रखा गया। 

श्रीवास्तव ने आगे कहा कि भारत इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो कर्मचारियों के विरुद्ध पाकिस्तानी अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की कड़ी निंदा और भर्त्सना करता है। इससे पहले सोमवार को भारत ने पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत को समन कर इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारियों को कथित तौर पर गिरफ्तार किए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।

पाकिस्तान मिशन के प्रभारी को विदेश मंत्रालय ने किया समन 

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान मिशन के प्रभारी को विदेश मंत्रालय ने समन किया और दो भारतीय अधिकारियों की गिरफ्तारी की खबर पर उन्हें आपत्ति पत्र जारी किया गया। उन्होंने कहा कि आपत्ति पत्र में पाकिस्तान मिशन के प्रभारी को यह स्पष्ट कर दिया गया कि भारतीय अधिकारियों से पूछताछ नहीं होनी चाहिए या उनका उत्पीड़न नहीं किया जाना चाहिए और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पूरी तरह पाकिस्तानी अधिकारियों पर है। सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी पक्ष से कहा गया कि दोनों अधिकारियों को उनकी सरकारी कार के साथ अविलंब उच्चायोग में वापस किया जाए। इस्लामाबाद में सुबह दो अधिकारी लापता हो गए जिसके बाद भारत ने मामले को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाया। सूत्रों ने बताया कि दोनों अधिकारी सुबह साढ़े आठ बजे आधिकारिक कार्य के लिए एक वाहन में उच्चायोग से बाहर गए थे लेकिन वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे। भारत द्वारा पाकिस्तान उच्चायोग के दो अधिकारियों को जासूसी के आरोप में निलंबित किए जाने के दो सप्ताह बाद यह घटना हुई है। 

भारतीय उच्चायोग के दो अधिकारी इस्लामाबाद में लापता    

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तानी उच्चायोग के दो अधिकारियों आबिद हुसैन और मोहम्मद ताहिर को दिल्ली पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वे रुपयों के बदले एक भारतीय नागरिक से भारतीय सुरक्षा प्रतिष्ठानों से संबंधित संवेदनशील दस्तावेज हासिल कर रहे थे। इसके बाद भारत ने हुसैन और ताहिर को ‘अवांछित’ करार दिया था। उनके निष्कासन के बाद पाकिस्तान की एजेंसियों ने इस्लामाबाद में मिशन प्रभारी गौरव अहलुवालिया सहित भारतीय उच्चायोग के कई अधिकारियों का उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।

पाकिस्तानी एजेंसियों ने दो मौकों पर उग्र रूप से अहलुवालिया की कार का पीछा किया जिसके बाद भारत ने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष कड़ी आपत्ति दर्ज कराई थी। दो पाकिस्तानी अधिकारियों को निष्कासित किए जाने के बाद पाकिस्तान की तरफ से भी बदले की कार्रवाई करने का अंदेशा था क्योंकि वह पहले भी ऐसा कर चुका है। पिछले वर्ष अगस्त में जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने के बाद पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में भारतीय राजदूत को निष्कासित कर राजनयिक रिश्तों को कमतर किया था।

Web Title: India summons Pakistani High Commissioner on the issue of torturing two Indian officials in Islamabad, strong protest was lodged

भारत से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे