Himachal Pradesh Election 2022: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज, मुख्यमंत्री के नाम की हो सकती है घोषणा
By मनाली रस्तोगी | Published: December 9, 2022 11:44 AM2022-12-09T11:44:45+5:302022-12-09T11:46:39+5:30
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में 40 सीटें जीतने के बाद अब कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला करने के लिए आज शिमला में विधायक दल की बैठक बुलाई है।
शिमला: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को दोपहर करीब 3 बजे शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में विधायक दल की बैठक बुलाई है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 40 जीती हैं, जिसके बाद राज्य में कांग्रेस सरकार बनाने वाली है। ऐसे में अभी मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा होनी बाकी है। इसी क्रम में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की आज बैठक होनी है।
कांग्रेस ने 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीटें जीतकर भाजपा की डबल-इंजन सरकार को उखाड़ फेंकने में कामयाबी हासिल की। यह बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि नेताओं द्वारा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला किए जाने की संभावना है। वरिष्ठ चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, प्रभारी राजीव शुक्ला और भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज दोपहर करीब एक बजे शिमला पहुंचेंगे।
पार्टी की बैठक में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहेंगी। कांग्रेस नेता सभी पार्टी विधायकों से विचार-विमर्श के बाद सीएम के नाम पर फैसला करेंगे। कांग्रेस के 40 विधायक अब शिमला के राजीव भवन में मिलेंगे। पार्टी ने पहले विधायकों को चंडीगढ़ शिफ्ट करने की योजना बनाई थी। उनके ठहरने के लिए मोहाली में एक होटल भी तैयार हो गया था। लेकिन पार्टी के 40 सीटें जीतने के बाद योजना बदल दी गई।
सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रतिभा सिंह के अलावा मुकेश अग्निहोत्री अब सीएम पद के शीर्ष दावेदार हैं। अशोक कुमारी, कौल सिंह ठाकुर और ठाकुर राम लाल सहित तीन अन्य संभावित चुनाव हार गए हैं। बता दें कि हिमाचल प्रदेश का 1985 से यह राजनीतिक इतिहास रहा है कि यहां की जनता ने किसी भी पार्टी को लगातार दो बार सत्ता की चाबी नहीं सौंपी है। इस पहाड़ी राज्य में 12 नवंबर को एक चरण में विधानसभा चुनाव के लिए वोट पड़े थे।