Gujarat Assembly Election 2022: पंजाब में आप परचम लहराने के बाद गुजरात पहुंचे सांसद चड्ढा, सह-प्रभारी नियुक्त, पाठक के साथ करेंगे काम
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: September 18, 2022 06:24 PM2022-09-18T18:24:37+5:302022-09-18T18:25:52+5:30
Gujarat Assembly Election 2022: पंजाब में इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव से पहले राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को सह प्रभारी बनाया गया था। पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी ने प्रचंड जीत दर्ज की थी।
अहमदाबादः आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को अपने राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा को इस साल के अंत में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का राज्य सह-प्रभारी नियुक्त किया। इससे पहले अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ ने राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक को गुजरात का प्रभारी नियुक्त किया था।
पंजाब में इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव से पहले चड्ढा को पार्टी की ओर से राज्य मामलों का सह प्रभारी बनाया गया था। पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी ने प्रचंड जीत दर्ज की थी। आम आदमी पार्टी ने पिछले 27 वर्षों से गुजरात की सत्ता पर काबिज भाजपा के मुकाबले खुद को मुख्य प्रतिद्वंद्वी के तौर पर पेश किया है।
આમ આદમી પાર્ટી ગુજરાતના સહ-પ્રભારી બનવા બદલ શ્રી @raghav_chadha જીને ખુબ ખુબ અભિનંદન pic.twitter.com/Wm85lTJ04M
— AAP Gujarat | Mission2022 (@AAPGujarat) September 18, 2022
‘आप’ की गुजरात इकाई ने ट्वीट किया, ‘‘राज्यसभा सदस्य और युवा नेता राघव चड्ढा को ‘आप’ का गुजरात मामलों का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं।’’ अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए चड्ढा ने कहा, ‘‘मुझे यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं अरविंद केजरीवाल जी को धन्यवाद देता हूं। मैं अपनी पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा। गुजरात बदलाव चाहता है, गुजरात अच्छी शिक्षा-स्वास्थ्य चाहता है। गुजरात चाहता है केजरीवाल।’’