छोटे रसोई गैस सिलिंडर में विस्फोट, एक व्यक्ति की मौत
By भाषा | Published: April 7, 2021 03:54 PM2021-04-07T15:54:44+5:302021-04-07T15:54:44+5:30
नोएडा, सात अप्रैल जनपद गौतम बुद्ध नगर में थाना सेक्टर-20 क्षेत्र के हरौला में एक छोटे रसोई गैस सिलिंडर में विस्फोट के बाद गंभीर रूप से झुलसे युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक मुनीष चौहान ने बताया कि हरौला गांव में रहने वाला विवेक (19 वर्ष) मंगलवार को अपने घर पर खाना बना रहा था, तभी छोटा रसोई गैस सिलेंडर फट गया। इस घटना में वह गंभीर रूप से झुलस गया।
उपचार के लिए विवेक को नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी बिगड़ती स्थिति को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि वहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।