Electoral Bonds data case: वेदांता, भारती एयरटेल, मुथुट, बजाज ऑटो, जिंदल समूह और टीवीएस मोटर से भाजपा को चंदा मिला, देखें सूची
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: March 22, 2024 12:57 PM2024-03-22T12:57:56+5:302024-03-22T12:58:28+5:30
Electoral Bonds data case: विशिष्ट अक्षरांकीय संख्या से, चंदा प्राप्त करने वाले राजनीतिक दलों के साथ बॉण्ड के खरीददारों का मिलान करने में मदद मिल सकती है।

file photo
Electoral Bonds data case: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) वेदांता, भारती एयरटेल, मुथुट, बजाज ऑटो, जिंदल समूह और टीवीएस मोटर जैसे बड़े कोरोपोरेट ग्रुप द्वारा खरीदे गये चुनावी बॉण्ड की एक बहुत बड़ी लाभार्थी रही है। निर्वाचन आयोग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी किये गये आंकड़ों के विश्लेषण से यह बात सामने आयी है। निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को चुनावी बॉण्ड के नये आंकड़े सार्वजनिक किए, जिनमें इनकी विशिष्ट अक्षरांकीय संख्या भी शामिल हैं। विशिष्ट अक्षरांकीय संख्या से, चंदा प्राप्त करने वाले राजनीतिक दलों के साथ बॉण्ड के खरीददारों का मिलान करने में मदद मिल सकती है।
वेदांता ग्रुप ने भाजपा, कांग्रेस, बीजू जनता दल (बीजद) और तृणमूल कांग्रेस को चंदा दिया जबकि भारती एयरटेल ने भाजपा, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), शिरोमणि अकाली दल (शिअद), कांग्रेस और जनता दल यूनाइटेडट (जदयू) को चंदा दिया। मुथुट ने भाजपा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (महाराष्ट्र प्रदेश) को, बजाज ग्रुप ने भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) को, अपोलो टायर्स ने कांग्रेस को तथा केवेंटर्स ने भाजपा और कांग्रेस को चंदा दिया। उद्योगपति लक्ष्मी निवास मित्तल ने भाजपा तथा बायोकॉन प्रमुख किरण मजूमदार शॉ ने भाजपा, तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस को चंदा दिया।
रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड ने कांग्रेस, भाजपा, तृणमूल कांग्रेस, सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा को चंदा दिया। पीरामल कैपिटल और सन फार्मा जैसी दवा निर्माता कंपनियों ने भाजपा को , टोरेंट फार्मास्यूटिकल लिमिटेड ने भाजपा, आप और कांग्रेस को , नाटको फार्मा ने भाजपा, तेलुगु देशम पार्टी , तृणमूल कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति को चंदा दिया।