नई दिल्ली: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर उसके भांजे अली शाह ने बड़ा खुलासा किया है। भारत के मोस्ट वॉन्टेड डॉन ने पाकिस्तान में न केवल अपना नया ठिकाना बदला बल्कि, उसने एक पाकिस्तानी पठान लड़की से भी निकाह किया। हसीना पारकर (दाऊद की बहन) के बेटे ने सितंबर 2022 में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के सामने दाऊद को लेकर यह खुलासा किया।
अली शाह के मुताबिक अंडरवर्ल्ड डॉन ने अभी तक अपनी पहली पत्नी को नहीं दिया तलाक
शाह के बयान के मुताबिक, अंडरवर्ल्ड डॉन ने अभी तक अपनी पहली पत्नी को तलाक नहीं दिया है। भारतीय जांच एजेंसी को दाऊद इब्राहिम की तलाश है। जांच एजेंसी ने कई जगहों पर छापेमारी की थी और दाऊद इब्राहिम के आतंकी नेटवर्क के सिलसिले में सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल की थी।
दाऊद की पहली पत्नी से जुलाई 2022 में दुबई में मिला था अली शाह
अली शाह ने एनआईए को बताया कि दाऊद इब्राहिम ने अभी तक अपनी पहली पत्नी मेहजबीन शेख को तलाक नहीं दिया है। अली के मुताबिक, दाऊद की दूसरी शादी महजबीन से जांच एजेंसियों का फोकस हटाने की कोशिश भी हो सकती है। डॉन के भांजे ने कहा कि वह दाऊद इब्राहिम की पहली पत्नी से जुलाई 2022 में दुबई में मिला था, जहां उसने उसे दाऊद की दूसरी महिला से शादी के बारे में बताया था।
महजबीन शेख व्हाट्सएप कॉल के जरिए भारत में दाऊद के रिश्तेदारों से करती है बातचीत
उन्होंने आगे दावा किया कि महजबीन शेख व्हाट्सएप कॉल के जरिए भारत में दाऊद के रिश्तेदारों से संपर्क बनाए रखती है। हसीना पार्कर के बेटे अली शाह ने भी एनआईए को दाऊद इब्राहिम के ठिकाने के बारे में बताया और दावा किया कि अंडरवर्ल्ड डॉन अब कराची में रहता है।