कांग्रेस का आरोप- केंद्र सरकार की मदद से अडानी समूह ने 12 हजार करोड़ का घोटाला किया
By शिवेन्द्र कुमार राय | Updated: October 13, 2023 17:58 IST2023-10-13T17:56:06+5:302023-10-13T17:58:00+5:30
कांग्रेस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर किए एक लंबे पोस्ट में आरोप लगाया है कि बीते दो साल में अडानी समूह ने देश को 12 हजार करोड़ रुपये का चूना लगाया है। कांग्रेस ने कहा है कि इसका नतीजा देश को भुगतना पड़ रहा है।

(फाइल फोटो)
नई दिल्ली: कांग्रेस ने अडानी समूह के खिलाफ एक बार फिर मोर्चा खोल दिया है और समूह पर मोदी सरकार की मदद से कोयला घोटाला करने का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर किए एक लंबे पोस्ट में आरोप लगाया है कि बीते दो साल में अडानी समूह ने देश को 12 हजार करोड़ रुपये का चूना लगाया है।
कांग्रेस ने एक्स पर लिखा, "अडानी समूह ने 2019 से 2021 के बीच इंडोनेशिया से कोयले के 30 शिपमेंट मंगवाए। इंडोनेशिया में इस कोयले की कीमत 1,073 करोड़ रुपए थी, जो गुजरात पोर्ट पर 1,570 करोड़ रुपए बताई गई। इस तरह मोदी जी के मित्र अडानी ने कीमत में हेरफेर कर कोयले के सिर्फ 30 शिपमेंट में देश के 533 करोड़ रुपए लूट लिए।"
मोडानी की एक और 'लूटकथा'
— Congress (@INCIndia) October 13, 2023
• अडानी समूह ने 2019 से 2021 के बीच इंडोनेशिया से कोयले के 30 शिपमेंट मंगवाए।
• इंडोनेशिया में इस कोयले की कीमत 1,073 करोड़ रुपए थी, जो गुजरात पोर्ट पर 1,570 करोड़ रुपए बताई गई।
• इस तरह मोदी जी के मित्र अडानी ने कीमत में हेरफेर कर कोयले के सिर्फ…
कांग्रेस ने आगे कहा, "अडानी समूह ने 2021 से 2023 के बीच इंडोनेशिया से कोयले के ऐसे ही 2 हजार शिपमेंट मंगवाए हैं। अगर मुनाफे का यही औसत रखा जाए तो अडानी ने सिर्फ 2 साल में देश को 12,000 करोड़ रुपए से ज्यादा का चूना लगाया है। इस तरह PM मोदी देश का पैसा अपने दोस्त की तिजोरी में डाल रहे हैं।"
कांग्रेस ने कहा है कि इसका नतीजा देश को भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस ने कहा, "देश में उर्जा/बिजली लगातार महंगी होती जा रही है, जिसका बोझ आम इंसान की जेब पर पड़ रहा है। ये PM मोदी और अडानी की दोस्ती का ही असर है कि व्यापार कोई भी हो, फायदा सिर्फ अडानी का होता है... और नुकसान पूरे देश का। मोदी जी अपने दोस्त के साथ मिलकर आम जनता को लूटने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।"
कांग्रेस का आरोप है कि मोदी सरकार की मदद से अडानी समूह अवैध रूप से पैसे कमा रहा है और इसका नुकसान देश को उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस ने कहा है कि अब भी यह महालूट जारी है।