चंडीगढ़: फर्जी छापेमारी के आरोप में सीबीआई के चार अधिकारी गिरफ्तार, उगाही के इरादे से आईटी कम्पनी पर छापेमारी की
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: May 12, 2022 11:29 AM2022-05-12T11:29:53+5:302022-05-12T11:32:29+5:30
अधिकारियों ने बताया कि ये चारों आरोपी अधिकारी बुधवार को कथित तौर पर ‘‘तलाशी’’ के लिए चंडीगढ़ गए थे, जबकि ये वहां तैनात ही नहीं थे। उनके पास इस अभियान को अंजाम देने के लिए कोई आधिकारिक आदेश भी नहीं था।
नई दिल्ली:चंडीगढ़ पुलिस ने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के चार अधिकारियों को एक आईटी कम्पनी पर, उगाही करने के इरादे से फर्जी छापेमारी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि ये चारों आरोपी अधिकारी बुधवार को कथित तौर पर ‘‘तलाशी’’ के लिए चंडीगढ़ गए थे, जबकि ये वहां तैनात ही नहीं थे। उनके पास इस अभियान को अंजाम देने के लिए कोई आधिकारिक आदेश भी नहीं था।
अधिकारियों ने बताया कि कम्पनी के कर्मचारियों ने शक होने पर उन्हें घेर लिया और पुलिस को बुलाया। घटना गेट नंबर 3, पुलिस लाइन सेक्टर 26 के पास दोपहर करीब ढाई बजे हुई। चंडीगढ़ पुलिस ने इस संबंध में सेक्टर 26 थाने में डीडीआर दर्ज किया है।
सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी की नीति ‘‘भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने‘‘ की है जिसके तहत आरोपी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
(भाषा से इनपुट के साथ)