आंध्र प्रदेश के गंटूर जिले में आठ वर्षीय लड़के में मिले मंकीपॉक्स के लक्षण, अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया
By शिवेंद्र राय | Published: July 31, 2022 12:30 PM2022-07-31T12:30:06+5:302022-07-31T12:32:01+5:30
आंध्र प्रदेश के गंटूर जिले में एक आठ साल के लड़के में मंकीपॉक्स के लक्षण मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। जिस आठ वर्षीय लड़कें में मंकीपॉक्स के लक्षण पाए गए हैं वह ओडिशा का रहने वाला है और 15 दिन पहले आंध्र प्रदेश आया था।
गंटूर:
देश में मंकीपॉक्स के नए मामले मिलने जारी हैं। हाल ही में आंध्र प्रदेश के गंटूर जिले में शनिवार को मंकीपॉक्स का एक संदिग्ध मामला सामने आया है। गंटूर में एक आठ वर्षीय लड़के को मंकीपॉक्स के लक्षणों के साथ सरकारी अस्पताल (जीजीएच) में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक जिस आठ वर्षीय लड़कें में मंकीपॉक्स के लक्षण पाए गए हैं वह ओडिशा का रहने वाला है और 15 दिन पहले आंध्र प्रदेश आया था। आंध्र पहुंचने के एक हफ्ते के बाद लड़के को बुखार और रैशेज हो गए। जीजीएच के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा, “स्थानीय सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग को लड़के में चकत्ते और मंकीपॉक्स के लक्षणों का पता चला था। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और आइसोलेशन में रखा गया। नमूने एकत्र कर एनआईवी पुणे भेजे गए हैं। परिणाम प्रतीक्षित हैं।" अब तक, भारत में मंकीपॉक्स के चार पक्के मामले सामने आए हैं जिनमें से तीन मामले केरल से हैं जबकि एक दिल्ली से है।
इस बीच केरल में मंकीपॉक्स के एक संग्दिग्ध मरीज की मौत हो गई है। वह कुछ दिनों पहले संयुक्त अरब अमीरात से लौटा था और आम तौर पर उसे मंकीपॉक्स से जुड़े कोई बाहरी लक्षण नहीं थे। स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक मृत व्यक्ति के लिए गए नमूनों को अलाप्पुझा में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी यूनिट में परीक्षण के लिए भेजा गया है। बीती 27 जुलाई को ही व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस बीच राहत की बात यह है कि देश में पाया गया मंकीपॉक्स का पहला मरीज पूरी इलाज के बाद पूरी तरह ठीक हो गया है।
देश में मंकीपॉक्स के बढ़ते मामलों के चलते क्रेंद सरकार ने इसकी रोकथाम के लिए गाइडलाइन जारी कीं हैं। इनमें 21 दिनों का आइसोलेशन, घावों को ढककर रखना और ट्रिपल लेयर का मास्क पहनना शामिल है। इसके अलावा सरकार ने मंकीपॉक्स की जांच के लिए टेस्टिंग किट और वैक्सीन बनाने के लिए टेंडर निकाला है।