खुशखबरीः माथेरान जंगल में तितलियों की 77 नई प्रजातियां मिलीं, कुल संख्या 140, करीब 125 साल बाद
By भाषा | Published: August 10, 2020 02:17 PM2020-08-10T14:17:05+5:302020-08-10T14:17:05+5:30
बंबई नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (बीएनएचएस) के वैज्ञानिक मंदर सावंत ने बताया कि इसके साथ ही माथेरान जंगल में तितलियों की प्रजातियों की संख्या 140 हो गई है। माथेरान महाराष्ट्र की राजधानी से 80 किलोमीटर की दूरी पर है और यह इलाका 214.73 वर्ग किलोमीटर में फैला है।

जी ए बेथम ने तितलियों की प्रजातियों का पता लगाने के लिए माथेरान के पर्वतीय क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया था। (file photo)
मुंबईः मुंबई के निकट स्थित खूबसूरत पर्वतीय क्षेत्र माथेरान में तितलियों की 77 नई प्रजातियों का पता लगाया गया है। इसक पता पिछले आठ वर्षों में यहां हुए एक अध्ययन से चला है।
बंबई नेचुरल हिस्ट्री सोसाइटी (बीएनएचएस) के वैज्ञानिक मंदर सावंत ने बताया कि इसके साथ ही माथेरान जंगल में तितलियों की प्रजातियों की संख्या 140 हो गई है। माथेरान महाराष्ट्र की राजधानी से 80 किलोमीटर की दूरी पर है और यह इलाका 214.73 वर्ग किलोमीटर में फैला है।
गैर सरकारी अनुसंधान संगठन के एक बयान में बताया, ‘‘ बीएनएचएस द्वारा 2011 से 2019 तक काफी मेहनत से किए गए अध्ययन में माथेरान में तितलियों की 77 नई प्रजातियां मिली हैं।’’ संगठन ने बताया, ‘‘ माथेरान को खूबसूरत बनाने वाली तितलियों की प्रजातियों का पता लगाने के लिए करीब 125 साल के अंतराल के बाद पहली बार इस तरह का अध्ययन किया गया।’’
बीएनएचएस और सौमैया विद्याविहार विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा किया गया यह अध्ययन बायोडायवर्सिटी डेटा जर्नल में प्रकाशित हुआ है। इससे पहले 1894 में ब्रिटेन के अनुसंधानकर्ता जी ए बेथम ने तितलियों की प्रजातियों का पता लगाने के लिए माथेरान के पर्वतीय क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया था। उन्होंने तब 78 प्रजातियों का पता लगाया था।