बंबई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश दामा नायडू ने इस्तीफा दिया
By भाषा | Updated: August 16, 2021 20:12 IST2021-08-16T20:12:36+5:302021-08-16T20:12:36+5:30

बंबई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश दामा नायडू ने इस्तीफा दिया
बंबई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति दामा शेषाद्रि नायडू ने सोमवार को ‘‘व्यक्तिगत कारणों’’ का हवाला देते हुए अपनी सेवानिवृत्ति से लगभग तीन साल पहले इस्तीफा दे दिया। मार्च 2019 में बंबई उच्च न्यायालय में स्थानांतरित किए गए न्यायमूर्ति नायडू (59) जून 2024 में सेवानिवृत्त होते। अधिकारियों ने बताया कि न्यायमूर्ति नायडू ने अपने इस्तीफे के लिए ‘‘व्यक्तिगत कारणों’’ का हवाला दिया है। वह सितंबर 2013 में आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में न्यायाधीश के रूप में नियुक्त हुए थे। उन्होंने केरल उच्च न्यायालय में भी न्यायाधीश के रूप में काम किया था। आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में 1962 में जन्मे नायडू ने तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री प्राप्त की थी और मार्च 1997 में वह बार में शामिल हुए थे। न्यायाधीश बनने से पहले उन्होंने आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय और हैदराबाद स्थित दीवानी एवं फौजदारी अदालतों में वकालत की थी।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।