उद्धव ठाकरे खेमे में बेचैनी?, 65 में से पार्षद डॉ. शीतल म्हस्के की अनुपस्थिति रहीं, आखिर क्या है माजरा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 21, 2026 22:23 IST2026-01-21T22:06:36+5:302026-01-21T22:23:01+5:30
शिवसेना (उबाठा) के एक वरिष्ठ नेता ने नवी मुंबई के संभागीय आयुक्त कार्यालय ‘कोंकण भवन’ में डॉ. शीतल म्हस्के की अनुपस्थिति की अटकलों को खारिज कर दिया।

file photo
मुंबईः बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के हालिया चुनावों में निर्वाचित शिवसेना (उबाठा) के 65 सदस्यों में से एक पार्षद को छोड़कर 64 ने बुधवार को अनिवार्य पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर ली, जिससे राजनीतिक हलकों में अटकलें लगने लगीं। अधिकारियों ने बताया कि यह पंजीकरण मुंबई के नए नगर निकाय के गठन से पहले आवश्यक औपचारिकताओं का हिस्सा है। शिवसेना (उबाठा) के एक वरिष्ठ नेता ने नवी मुंबई के संभागीय आयुक्त कार्यालय ‘कोंकण भवन’ में डॉ. शीतल म्हस्के की अनुपस्थिति की अटकलों को खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा कि म्हस्के शिवसेना (उबाठा) के संपर्क में हैं। म्हस्के 15 जनवरी को हुए बीएमसी चुनावों में पूर्वी मुंबई के चांदिवली क्षेत्र के वार्ड नंबर 157 से चुनी गईं। उन्होंने हाल ही में हुए चुनावों में 14,749 वोट हासिल किए और अपनी निकटतम भाजपा प्रतिद्वंद्वी आशा तायडे को हराया।
‘कोंकण भवन’ का दौरा करने वाले समूह में शामिल शिवसेना (उबाठा) के एक नवनिर्वाचित पार्षद ने बताया कि म्हस्के को छोड़कर कुल 64 नवनिर्वाचित सदस्य पंजीकरण के लिए उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि म्हस्के की अनुपस्थिति का कारण ज्ञात नहीं है, और न ही यह जानकारी है कि क्या उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया में शामिल न होने के बारे में पार्टी नेतृत्व को सूचित किया था। इस मामले पर टिप्पणी के लिए म्हस्के से संपर्क नहीं हो सका।
पूर्व महापौर पेडनेकर बीएमसी में शिवसेना (उबाठा) पार्षदों का नेतृत्व करेंगी
शिवसेना (उबाठा) की पार्षद एवं मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर को बुधवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की नव निर्वाचित आम सभा में पार्टी का नेता नियुक्त किया गया जबकि विजय उबाले को नगर निकाय में एआईएमआईएम के समूह नेता के रूप में चुना गया।
पिछले सप्ताह बीएमसी के चुनाव में उबाले ने अखिल भारतीय मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। एआईएमआईएम की राज्य इकाई के नेता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से यह घोषणा की।
असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली एआईएमआईएम ने 15 जनवरी को हुए बीएमसी चुनावों में आठ सीट जीती हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी ने 227 सदस्यीय बीएमसी में 65 सीट जीती हैं। पार्टी ने मध्य मुंबई स्थित पार्टी मुख्यालय, शिवसेना भवन में आयोजित एक बैठक में इस आशय का निर्णय लिया।
पेडनेकर ने बैठक के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे सदन में पार्टी का नेता नियुक्त किया गया है। उद्धव ठाकरे (शिवसेना-उबाठा अध्यक्ष) और आदित्य ठाकरे (पार्टी विधायक) द्वारा मुझे सौंपी गई सभी जिम्मेदारियों का मैं निर्वाह करूंगी।’’