महाराष्ट्र नगर निगम में 114 सीट?, अब जिला परिषद चुनाव पर असदुद्दीन ओवैसी की नजर, उम्मीदवारों के साक्षात्कार शुरू
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 19, 2026 20:39 IST2026-01-19T20:38:54+5:302026-01-19T20:39:44+5:30
एआईएमआईएम ने 100 से अधिक सीटें जीती थीं, जिनमें छत्रपति संभाजीनगर में 33, मालेगांव में 21 और अमरावती में 15 सीटें शामिल हैं।

file photo
छत्रपति संभाजीनगरः महाराष्ट्र के 29 नगर निकायों के चुनावों में 114 सीटें जीतकर मिली सफलता के बाद, असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने पांच फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के लिए उम्मीदवारों के साक्षात्कार शुरू कर दिए हैं। एक पदाधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पार्टी नेता शारिक नक्शबंदी ने संवाददाताओं को बताया कि टिकट के दावेदारों का साक्षात्कार यहां पूर्व सांसद इम्तियाज जलील के कार्यालय में लिया जा रहा है। नक्शबंदी ने कहा, "निकाय चुनावों में हमारी बड़ी जीत के बाद कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है, इसलिए हमने 12 जिला परिषदों (जेडपी) में चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
हम उम्मीदवारों के साक्षात्कार कर रहे हैं। मेरे और मेरे सहयोगियों नासिर सिद्दीकी, विलास शेलके और कुणाल खरात को मिलाकर एक समिति भी बनाई गई है।" राज्य में 15 जनवरी को हुए निकाय चुनावों में एआईएमआईएम ने 100 से अधिक सीटें जीती थीं, जिनमें छत्रपति संभाजीनगर में 33, मालेगांव में 21 और अमरावती में 15 सीटें शामिल हैं।