लाइव न्यूज़ :

भाजपा चुनाव जीतने की मशीन नहीं, दिल जीतने का अनवरत अभियान: मोदी

By भाषा | Updated: April 6, 2021 11:25 IST

Open in App

नयी दिल्ली, छह अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द मोदी ने मंगलवार को कहा कि भाजपा चुनाव जीतने की मशीन नहीं बल्कि देशवासियों का दिल जीतने वाला अविरल व अनवरत अभियान है और भाजपा की सरकारों का मतलब राष्ट्र निर्माण, सही नीति, साफ नीयत और सटीक निर्णय है।

भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भाजपा का मतलब परिवारवाद की राजनीति से मुक्ति और सुशासन है।

केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार से उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पहले सरकारों के प्रदर्शन का मानदंड उसकी घोषणाओं से होता था लेकिन पिछले कुछ सालों में यह अवधारणा बदली है और अब सरकारों का मूल्यांकन केंद्र की योजनाओं का जमीन तक पहुंचने से हो रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘आखिरी पायदान पर खड़े इंसान तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना और हकदार तक उसका हक पहुंचाना हमारी सरकार की विशेषता रही है। यह भाजपा सरकारों के कामकाज का मूल मंत्र रहा है।’’

मोदी ने कहा कि इसके बावजूद भाजपा जब चुनाव जीतती है तो उसे चुनाव जीतने की मशीन कहा जाता है जबकि दूसरे जीतते हैं तो पार्टी और उसके नेताओं की वाहवाही की जाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह के दो मापदंड हम देख रहे हैं। जो लोग कहते हैं कि भाजपा चुनाव जीतने की मशीन है, वह एक प्रकार से भारत के लोकतंत्र की परिपक्वता, भारत के नागरिकों की सूझबूझ का आकलन ही नहीं कर पाते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि भाजपा चुनाव जीतने की मशीन नहीं, देश और देशवासियों का दिल जीतने वाला अविरल, अनवरत अभियान है। हम पांच साल तक ईमानदारी से जनता की सेवा करते हैं। हर परिस्थिति में हम जनता से जुड़े रहते हैं। जनता के लिए जीते रहते हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकारों का मतलब राष्ट्र निर्माण के लिए सही नीति, साफ नीयत और सटीक निर्णय है।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की सरकार का मतलब है राष्ट्र प्रथम। देशहित से समझौता नहीं बल्कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि। भाजपा का मतलब है वंशवाद, परिवारवाद की राजनीति से मुक्ति, भाजपा का मतलब है योग्यता को अवसर, पारदर्शिता और सुशासन। भाजपा का मतलब है सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास।’’

मोदी ने कहा कि आज भाजपा भारत की विविधता में एकता और अनेकता में एकता की प्रतीक बन गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम हर भाषा, क्षेत्र, संप्रदाय और सभी देशवासियों को जोड़कर आगे बढ़ रहे हैं। आज भाजपा से गरीब भी जुड़ा है, मध्यमवर्ग भी हमारे साथ है। हम शहर में भी हैं और गांव में भी हैं। भाजपा आज राष्ट्रीय हित की भी पार्टी है और क्षेत्रीय आकांक्षाओं की भी पार्टी है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

क्राइम अलर्टबिहार की राजधानी पटना से सटे खगौल में अपराधियों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर स्वर्ण व्यापारियों से लूटा 16 किग्रा सोना

भारतयूपी में स्थापना दिवस के जरिए लोगों के घर-घर पहुंचेगी भाजपा, लोगों को PM मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियां बताएँगे पार्टी पदाधिकारी

भारतWATCH: बिहार के सारण जिले में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष का एक लड़की के साथ अश्लील वीडियो वायरल, दोनों आपत्तिजनक अवस्था में थे खेत में एक लड़की नेता के पीछे भाग रही है

ज़रा हटकेमेरठ के रिटायर्ड जज ने ढोल-नगाड़ों के साथ मनाया बेटी के तलाक़ का जश्न, परिवार ने किया भव्य स्वागत | Video

भारतबिहार में सत्ता हस्तांतरण को लेकर सियासी हलचल हुई तेज, 12 अप्रैल को नीतीश कुमार दे सकते हैं मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा, भाजपा में मुख्यमंत्री को लेकर जारी है मंथन 

भारत अधिक खबरें

भारत'वे बंगाल को खत्म करना चाहते हैं': ममता बनर्जी ने BJP पर साधा निशाना, चुनावों से पहले किसानों के लिए अलग से बजट का वादा किया

भारतIST की जगह 'महाकाल मानक समय'? शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गणना ढांचे पर पुनर्विचार का दिया प्रस्ताव

भारतबिहार से दिल्ली तक की नई पारी, नीतीश कुमार 10 अप्रैल को लेंगे राज्यसभा सांसद की शपथ, पूरी डिटेल यहां

भारतये तो ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है..., राघव चड्ढा ने AAP के खिलाफ किया नया वीडियो जारी

भारतWest Asia Conflict: युद्धग्रस्त ईरान में फंसे 345 भारतीय, आर्मेनिया के रास्ते वतन लौटे; भारत की कूटनीतिक जीत