अजित पवार का अंतिम संस्कार 29 जनवरी को सुबह 11 बजे होगा?, प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से बात की और संवेदना व्यक्त की, वीडियो
By सतीश कुमार सिंह | Updated: January 28, 2026 15:45 IST2026-01-28T15:16:36+5:302026-01-28T15:45:56+5:30
Ajit Pawar Plane Crash: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर NCP-SCP प्रमुख शरद पवार से बात की और शोक व्यक्त किया।

Ajit Pawar Plane Crash
बारामतीः महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का अंतिम संस्कार 29 जनवरी को सुबह 11 बजे होगा। विद्या प्रतिष्ठान के न्यासी किरण ने कहा, "आज अजित पवार के पार्थिव शरीर को विद्या प्रतिष्ठान के मैदान में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। अंतिम संस्कार कल सुबह 11 बजे होगा।" प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर एनसीपी-एससीपी प्रमुख शरद पवार से बात की और अपनी संवेदना व्यक्त की। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (66) और चार अन्य लोगों की बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के पास विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई। दिल्ली स्थित ‘वीएसआर वेंचर्स’ द्वारा संचालित ‘लीयरजेट 46’ विमान हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के अनुसार, चालक दल के सदस्यों सहित विमान में पांच लोग सवार थे।
#WATCH | Baramati | Kiran, Trustee, Vidya Pratishthan, says, "The mortal remains of Ajit Pawar will be kept at Vidya Pratishthan ground for the public to pay their last respects today. The last rites will be conducted tomorrow at 11 am." pic.twitter.com/D0tnummJUt
— ANI (@ANI) January 28, 2026
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को राकांपा (एसपी) प्रमुख शरद पवार से बात की और बारामती विमान दुर्घटना में उनके भतीजे एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। अधिकारियों ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री ने शरद पवार से बात की और अजित पवार के निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की।’’
बुधवार सुबह पुणे जिले में विमान हादसे में अजित पवार (66) समेत पांच लोगों की मृत्यु हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब विमान जिले के बारामती में उतर रहा था। इससे पहले दिन में, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अजित पवार आम लोगों के नेता थे और जमीनी स्तर पर उनकी पकड़ काफी मजबूत थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “अजित पवार जननेता थे और उनका जमीनी स्तर पर गहरा जुड़ाव था। महाराष्ट्र की जनता की सेवा में वह हमेशा समर्पित रहे और एक परिश्रमी नेता के रूप में उनका व्यापक सम्मान था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासनिक मामलों की उनकी समझ तथा गरीबों व वंचितों को सशक्त बनाने के प्रति उनका समर्पण भी उल्लेखनीय था। उनकी असामयिक मृत्यु से बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। उनके परिवार और उनके असंख्य समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”
PM Narendra Modi spoke to NCP-SCP chief Sharad Pawar on the demise of Maharashtra Deputy CM Ajit Pawar and expressed his condolences. pic.twitter.com/3RCEXV89Sg
— ANI (@ANI) January 28, 2026
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की और आरोप लगाया कि ‘‘अन्य सभी एजेंसियां’’ की ‘‘निष्पक्षता पूरी तरह खत्म’’ हो चुकी है। बनर्जी ने कहा कि मौजूदा तंत्रों के माध्यम से सच्चाई सामने नहीं आएगी।
उन्होंने कहा कि केवल उच्चतम न्यायालय की देखरेख में की गई जांच ही विश्वसनीय होगी। हुगली जिले में सिंगूर के लिए रवाना होने से पहले उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हमें सिर्फ उच्चतम न्यायालय पर भरोसा है। बाकी सभी एजेंसियां पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुकी हैं।’’ बनर्जी ने यह भी संकेत दिया कि अजित पवार अपने चाचा शरद पवार के नेतृत्व वाले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में लौटने की योजना बना रहे थे।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में सामने आई खबरों से ऐसे कदम के संकेत मिल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज सुबह अजित पवार की मृत्यु की खबर सुनकर मैं सचमुच स्तब्ध रह गई। इससे पता चलता है कि इस देश में राजीतिक दलों के नेताओं के लिए भी कोई सुरक्षा नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आज सत्तारूढ़ वर्ग का हिस्सा रहे लोग भी सुरक्षित नहीं दिखते।’’
नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बुधवार को बारामती में विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। पवार जिस विमान में सवार थे वह बारामती हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते समय रनवे से उतर गया और उसमें आग लग गई। इस हादसे में पवार एवं चार अन्य की मौत हो गयी।
नायडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आज सुबह बारामती में हुए विमान हादसे में श्री अजित पवार के निधन से मैं अत्यंत व्यथित हूं। उनके परिवार, प्रियजनों और इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं।’’ नागर विमानन मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पवार के योगदान को याद किया जाए और ईश्वर शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।