'हम राजनीति छोड़ देंगे अगर...' केजरीवाल ने भाजपा को समय पर MCD चुनाव कराने की चुनौती दी
By विशाल कुमार | Updated: March 23, 2022 14:27 IST2022-03-23T14:24:20+5:302022-03-23T14:27:24+5:30
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के तीन नागरिक निकायों उत्तर, पूर्व और दक्षिण को एकीकृत करने संबंधी विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के एक दिन बाद यह टिप्पणी की है।

'हम राजनीति छोड़ देंगे अगर...' केजरीवाल ने भाजपा को समय पर MCD चुनाव कराने की चुनौती दी
नई दिल्ली:दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नगर निगम चुनावों के ‘स्थगन’ को लेकर बुधवार को भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर भाजपा इन चुनावों को समय पर कराकर जीत हासिल करती है तो आम आदमी पार्टी (आप) राजनीति छोड़ देगी।
उन्होंने दिल्ली के तीन नागरिक निकायों उत्तर, पूर्व और दक्षिण को एकीकृत करने संबंधी विधेयक को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने के एक दिन बाद यह टिप्पणी की है।
केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा के बाहर संवाददाताओं से कहा, ''यदि भाजपा एमसीडी चुनाव (समय पर) करवाती है और उन्हें जीत लेती है, तो हम (आम आदमी पार्टी) राजनीति छोड़ देंगे।''
"मैं BJP को चुनौती देता हूँ!
— AAP (@AamAadmiParty) March 23, 2022
MCD के चुनाव समय पर कराओ और जीतकर दिखाओ। अगर हम हार गये तो राजनीति छोड़ देंगे।"
- CM @ArvindKejriwalpic.twitter.com/okEMkGUjNh
उन्होंने ट्वीट किया, ''भाजपा अपने आप को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी कहती है। कमाल है। दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी एक छोटी सी आम आदमी पार्टी से घबराकर भाग गयी? हिम्मत है तो एमसीडी के चुनाव समय पर करवाकर दिखाओ।''
उन्होंने कहा कि चुनाव टालना ''शहीदों का अपमान'' है। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ''भाजपा का दिल्ली नगर निगम का चुनाव टालना शहीदों का अपमान है, जिन्होंने अंग्रेजों को देश से भगाकर देश में जनतंत्र स्थापित करने के लिए कुर्बानियां दीं थीं। आज ये हार के डर से दिल्ली नगर निगम के चुनाव टाल रहे हैं, कल ये राज्यों और देश के चुनाव टाल देंगे।''
बता दें कि, इस महीने की शुरुआत में ही एमसीडी चुनाव की तारीखों का ऐलान होना था लेकिन जब दिल्ली के निर्वाचन आयुक्त अपने पूर्व निर्धारित समय पर तारीखों का ऐलान करने आए तब उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा था कि आधे घंटे पहले उन्हें केंद्र सरकार से तीनों निगमों को एक करने की सूचना मिली है इसलिए वह तारीखों का बाद में ऐलान करेंगे।