Aaj Ki Taja Khabar: झारखंड में आज कोरोना के 768 नए केस, 1,158 मरीज हुए रिकवर
By विनीत कुमार | Updated: October 9, 2020 22:08 IST2020-10-09T08:39:42+5:302020-10-09T22:08:33+5:30

9 अक्टूबर: कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 9 अक्टूबर के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 69 लाख से ज्यादा हो गए हैं। भारत में अब तक एक लाख से ज्यादा लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। राहत की बात ये है कि 59 लाख लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 69,06,152 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 8,93,592 है। दूसरी ओर 59,06,070 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 1,06,490 हो गई है। ये आंकड़े शुक्रवार (9 अक्टूबर) सुबह तक के हैं।
आज की अन्य खबरों की बात करें तो रिजर्व बैंक की नव-गठित मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) के बैठक के नतीजों की घोषणा आज होनी है। यह बैठक बुधवार से हो रही है। एमपीसी की यह बैठक पहले 29 सितंबर से एक अक्टूबर के दौरान होने वाली थी। हालांकि नये स्वतंत्र सदस्यों की नियुक्ति में देरी के कारण बैठक का समय नये सिरे से तय किया गया।
दूसरी ओर आज एलजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री रहे रामविलास पासवान का पार्थिव शरीर पटना पहुंचेगा। इससे पहले इसे दिल्ली में उनके घर दर्शनों के लिए रखा जाएगा। रामविलास पासवान का अंतिम संस्कार शनिवार 10 अक्टूबर को पटना में किया जाएगा। इस बीच आज राजकीय शोक की घोषणा की गई है। रामविलास पासवान का निधन कल हो गया था।
मध्यप्रदेश की 28 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव और दूसरे चरण में बिहार में 94 सीटों पर विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया भी शुरू होगी।
वहीं, खेल की दुनिया की बात करें तो आईपीएल में आज राजस्थान और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। ये इस आईपीएल सीजन का 23वां मैच है। राजस्थान ने अब तक 5 मैच खेले हैं और उसे तीन में जीत मिली है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स 5 मैचों में 4 जीत के साथ प्वाइंट टेबल में दूसरे स्थान पर है। राजस्थान की टीम पांचवें स्थान पर है।
09 Oct, 20 : 09:47 PM
दिल्ली की अदालत ने फरवरी में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों से संबंधित मामले में शुक्रवार को एक आरोपी को जमानत देते हुए कहा कि घटना को लेकर दो सप्ताह तक गवाहों की खामोशी से उनकी विश्वसनीयता पर ''गंभीर संदेह'' पैदा होता है। अदालत ने कहा कि गवाहों ने घटना के दो सप्ताह बाद पुलिस में अपने बयान दर्ज कराए। अदालत ने कहा कि जब दो पुलिस सिपाही प्रत्यक्षदर्शी थे और उन्होंने आरोपी को दंगा करते देखा था तो उन्होंने उस दिन इसकी शिकायत क्यों नहीं की और अपने वरिष्ठों को इस बारे में क्यों नहीं बताया? अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश विनोद यादव ने 25 फरवरी को दयालपुर इलाके में दंगाई भीड़ द्वारा एक दुकान में लूटपाट और तोड़फोड़ किये जाने के मामले में आरोपी इरशाद अहमद को 20, 000 रुपये के मुचलके और इतनी ही जमानत राशि पर जमानत दे दी। शिकायतकर्ता जीशान के अनुसार उसे लगभग 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। अदालत ने आठ अक्टूबर को पारित अपने आदेश में कहा कि प्राथमिकी में भी अहमद का नाम नहीं था और इस मामले में उसपर कोई विशेष आरोप भी नहीं लगाए गए।
09 Oct, 20 : 09:07 PM
दिल्ली में शुक्रवार को कोविड-19 के 2,860 नये मामले सामने आने से राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3.03 लाख हो गई। वहीं 39 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतक संख्या बढ़कर 5,692 हो गई। ऐसा लगातार आठवें दिन हुआ कि दिल्ली शहर में 3,000 से कम नये मामले सामने आये। बृहस्पतिवार को 2,726 नये मामले और बुधवार को 2,871 नये मामले सामने आये थे। दिल्ली में शुक्रवार को 39 मरीजों की मौत हुई। बृहस्पतिवार को 37 और बुधवार को 35 मरीजों की मौत हुई थी। दिल्ली में 29 सितम्बर को 48 मरीजों की मौत हुई थी जो कि 16 जुलाई के बाद एक दिन में मरीजों की होने वाली सबसे अधिक मौत थी। 16 जुलाई को दिल्ली में 58 मरीजों की मौत हुई थी। दो अक्टूबर से दिल्ली में होने वाली मौतों की संख्या 40 से कम रही है। दिल्ली में सामने आये कुल संक्रमितों से में 2,76,046 या तो ठीक हो गए हैं, उन्हें छुट्टी दे दी गई है या वे बाहर चले गए हैं। बृहस्पतिवार को 49,135 कोविड-19 जांच की गई जिसमें से 11,651 आरटी-पीसीआर जांच और 37,484 रैपिड एंटीजन टेस्ट थे।
09 Oct, 20 : 09:06 PM
ओडिशा के बालेश्वर सदर और तिरतोल विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को होने जा रहे उप चुनाव के लिये नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार को शुरू हो गई। इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हुई नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 16 अक्टूबर तक चलेगी। मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) एस. के. लोहानी ने बताया कि नामांकन पत्रों की जांच 17 अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 19 अक्टूबर है। मतगणना 10 नवंबर को होगी। बालेश्वर सदर सीट से भाजपा विधायक मदन मोहन दत्त और तिरतोल सीट से बीजद विधायक विष्णु चरण दास के निधन के कारण इन सीटों पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी। भाषा
09 Oct, 20 : 06:38 PM
भाजपा सांसद संबाजी क्षत्रपति ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उनके पूर्ववर्ती देवेंद्र फड़नवीस को मराठा आरक्षण के मुद्दे पर भविष्य की रूपरेखा तय करने के लिए साथ आना चाहिए। उन्होंने उस्मानाबाद जिले के तुलजापुर में मराठा आरक्षण के मुद्दे पर एक विराोध मार्च को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘ मराठा समुदाय की आवाज उन नेताओं तक पहुंचनी चाहिए जो राज्य में शासन चला रहे हैं। वर्तमान मुख्यमंत्री (ठाकरे) और उनके पूर्ववर्ती (फड़णवीस) को साथ आना चाहिए और स्पष्ट तौर पर बताना चाहिए कि मराठा समुदाय के लिए उनकी क्या करने की योजना है। ’’ पिछले महीने के प्रारंभ में उच्चतम न्यायालय ने शिक्षा और नौकरियों में मराठाओं को आरक्षण देने से संबंधित महाराष्ट्र के 2018 के कानून को लागू करने पर स्थगनादेश जारी करते हुए इस कानून की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं को बड़ी पीठ के पास भेज दिया।
09 Oct, 20 : 06:37 PM
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक व्यक्ति को थाना जेवर पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) विशाल पांडे ने बताया कि पांच अक्टूबर को अशोक शर्मा मंडल अध्यक्ष भाजपा जेवर ने थाना जेवर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ एक व्यक्ति ने अभद्र व आपत्तिजनक पोस्ट डाली है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस ने आज योगेश चौधरी उर्फ शिवप्रताप पुत्र जीत राम निवासी ग्राम चैरौली थाना जेवर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि उक्त व्यक्ति के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल आदि बरामद हुआ है।
09 Oct, 20 : 06:24 PM
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने नोएडा के दीनदयाल उपाध्याय पुरातत्व संस्थान में पुरातत्व से संबंधित दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम में दाखिले के लिये तमिल भाषा में मास्टर्स की डिग्री को न्यूनतम योग्यता मानदंडों में शामिल किये जाने पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘मैंने इससे पहले प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर पत्र लिखकर यह अनुरोध किया था।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, ''पुरातत्व से संबंधित दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम में दाखिले के लिये तमिल भाषा में मास्टर्स की डिग्री को न्यूनतम योग्यता मानदंडों में शामिल करने के मेरे अनुरोध पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के लिये आपके प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।'' द्रमुक अध्यक्ष तथा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एम के स्टालिन ने भी इस फैसले का स्वागत किया है।
09 Oct, 20 : 05:57 PM
पाकिस्तान के उच्चतम न्यायालय के एक वरिष्ठ न्यायाधीश ने कहा है कि देश के न्यायाधीश और वरिष्ठ सैन्य अधिकारी न तो संविधान और न ही किसी कानून के तहत आवासीय या वाणिज्यिक भूखंड पाने के हकदार हैं। शुक्रवार को मीडिया में आई एक खबर में यह बात कही गई है। न्यायमूर्ति काजी फाइज ईसा ने बृहस्पतिवार को चार न्यायाधीशों की पीठ द्वारा सरकारी कर्मचारियों के लिये आवास परियोजना के वास्ते भूमि के अधिग्रहण से संबंधित मामले में चार न्यायाधीशों द्वारा विस्तृत निर्णय सुनाए जाने के अतिरिक्त यह टिप्पणी की। समाचार पत्र द 'डॉन' की खबर के अनुसार न्यायमूर्ति ईसा ने कहा कि संविधान और कानून (राष्ट्रपतीय आदेश) के तहत बड़ी अदालतों के मुख्य न्यायाधीश और न्यायाधीश भूखंड हासिल करने के हकदार नहीं है। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, '' सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सदस्यों को भूखंड और कृषि भूमि मिलती है और रैंक बढ़ने पर उन्हें अतिरिक्त भूखंड और कृषि भूमि दी जाती है।'' ईसा ने कहा कि वे न तो संविधान और न ही कानून के तहत रिहायशी या वाणिज्यिक भूमि पाने के हकदार हैं।
09 Oct, 20 : 05:01 PM
पश्चिम बंगाल के उत्तरी 24 परगना जिले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कर्मियों ने एक महिला समेत तीन बांग्लादेशी नागरिकों और एक संदिग्ध दलाल को पकड़ा है जो पड़ोसी देश जाने की कोशिश कर रहे थे। बीएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि सात अक्टूबर को इन चारों को भारत और बांग्लादेश को बांटने वाली इच्छामति नदी पार करने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। उनमें से दो बांग्लादेश के भोला और जेस्सोर के रहने वाले हैं जबकि महिला ढाका की निवासी है। अधिकारी के अनुसार पूछताछ करने पर बांग्लादेशियों ने बताया कि वे नौ महीने पहले काम की तलाश में अवैध रूप से भारत आये थे। प्रवक्ता के मुताबिक तीनों ने दावा किया कि उन्होंने नदी पार कराने में मदद के लिए दलाल को 10000 रूपये दिये थे। चारों को आगे की जांच के लिए गाइघाटा थाने को सौंप दिया गया है।
09 Oct, 20 : 04:50 PM
गृह मंत्री अमित शाह ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के राजधानी स्थित सरकारी आवास पहुंचकर शुक्रवार को उनके अंतिम दर्शन किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। पासवान ने बृहस्पतिवार शाम राजधानी के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। देश के प्रमुख दलित नेताओं में शुमार पासवान 74 वर्ष के थे। लोजपा के संस्थापक और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पासवान कई सप्ताह से यहां के एक अस्पताल में भर्ती थे। हाल ही में उनके दिल का ऑपरेशन हुआ था। पासवान के पार्थिव शरीर को उनके सरकारी आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। बाद में शाह ने एक ट्वीट कर कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्रिमंडल के हमारे वरिष्ठ साथी राम विलास पासवान जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने कुशल व्यवहार और जन कल्याण के कार्यों से पासवान जी सदैव हमारी स्मृति में बने रहेंगे। प्रभु उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें और सभी परिजनों को ये दुःख सहन करने की शक्ति दे। ॐ शांति।’’ केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने भी पासवान के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से राष्ट्र ने एक प्रतिष्ठित नेता, उत्कृष्ट सांसद और सक्षम प्रशासक खो दिया है। बैठक में यह फैसला हुआ कि पासवान का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद पटना में शनिवार को होने वाले पासवान के अंतिम संस्कार में केंद्र सरकार और केंद्रीय मंत्रिपरिषद के प्रतिनिधि के रूप में शिरकत करेंगे।
09 Oct, 20 : 03:53 PM
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने राजस्थान में अपराध में बढ़ोतरी का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को प्रदेश सरकार और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “भाजपा शासित राज्यों में राजनीतिक पर्यटन करने वाले राहुल गांधी जरा राजस्थान पर भी ध्यान दें।” राठौड़ ने आरोप लगाया, “राजस्थान में आज कोई सुरक्षित नहीं है... ना महिला, ना बच्चे, पुलिस का मनोबल गिर रहा है..यहां तक कि मंदिर में पूजा करने वाले पुजारी तक सुरक्षित नहीं है।” यहां नांगल गांव में आयोजित किसान चौपाल के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि राज्य में बढ़ते अपराधों के कारण राजस्थान का नाम धूमिल होता जा रहा है। राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो के अनुसार राजस्थान पूरे देश में महिला उत्पीड़न, महिला अपराधों में पहले नंबर पर है।
09 Oct, 20 : 03:31 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिख शहीद भाई तारू सिंह को उनकी 300वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने अपने धार्मिक विश्वासों के साथ समझौता करने के बजाय अपने जीवन का बलिदान कर दिया। तारू सिंह ने 1745 में शहादत दी। मोदी ने कहा कि सिंह का नाम हमेशा साहस और निडरता का पर्याय रहेगा। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘मैं महान भाई तारू सिंह जी को उनकी 300वीं जयंती के विशेष अवसर पर नमन करता हूं। उनका नाम हमेशा साहस और निडरता का पर्याय रहेगा। अपनी संस्कृति के साथ-साथ लोकाचार पर हमेशा गर्व करते हुए, वह कभी भी अन्याय के आगे नहीं झुके। वह लाखों लोगों को प्रेरित करते रहेंगे।’’
09 Oct, 20 : 03:30 PM
हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले में बृहस्पतिवार देर रात 3.3 की तीव्रता का भूकंप का झटका महसूस किया गया। यह जानकारी मौसम विज्ञान विभाग ने दी। इसमें किसी के हताहत होने या सम्पत्ति का नुकसान होने की कोई सूचना नहीं है। विभाग ने कहा कि भूकंप का केंद्र शिमला जिले में उत्तर-पूर्व में जमीन से पांच किलोमीटर की गहरायी में स्थित था। विभाग ने कहा कि कल रात दो बजकर 43 मिनट पर आया भूकंप जिले में और इसके आसपास के क्षेत्र में महसूस किया गया।
09 Oct, 20 : 02:58 PM
राजस्थान के करौली जिले में भूमि विवाद में एक पुजारी को कथित तौर पर आग लगा दी गयी जिनकी शुक्रवार को यहां एसएमएस अस्पताल में मौत हो गयी। पुलिस ने इस संबंध में दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार घटना सापोटरा के बूकना गांव की है। उन्होंने बताया कि बुधवार को एक मंदिर के पुजारी बाबू लाल वैष्णव पर पांच लोगों ने हमला किया। आरोप है कि इन लोगों ने पुजारी पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। उन्होंने बताया कि पुजारी को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें बृहस्पतिवार को जयपुर भेजा गया। करौली के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। इस बीच पुजारी के परिवार वालों ने इस मामले में थानाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई, परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने इस घटना को निंदनीय करार दिया। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार को अब अपनी गहरी नींद को त्यागते हुए दोषियों को सख्त सजा दिलाकर परिवार को तुरंत न्याय दिलाना चाहिए।
09 Oct, 20 : 02:37 PM
पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) को लड़ाकू विमान संबंधी जानकारी मुहैया कराने को लेकर हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) के एक कर्मी को गिरफ्तार किया गया है। महाराष्ट्र पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि व्यक्ति भारतीय लड़ाकू विमान और उसकी विनिर्माण इकाई संबंधी खुफिया जानकारी आईएसआई को दे रहा था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्य आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) की नासिक इकाई को व्यक्ति के बारे में विश्वसनीय खुफिया जानकारी मिली थी। व्यक्ति आईएसआई के लगातार संपर्क में था।’’ उन्होंने बताया कि व्यक्ति भारतीय लड़ाकू विमान और उसकी संवेदनशील विस्तृत जानकारी संबंधी खुफिया सूचना के अलावा नासिक स्थित ओझर में एचएएल विमान विनिर्माण इकाई, वायुसेना अड्डे और विनिर्माण इकाई में प्रतिबंधित क्षेत्र संबंधी जानकारी दे रहा था।
09 Oct, 20 : 02:13 PM
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के निधन पर दुख प्रकट करते हुए शुक्रवार को कहा कि पासवान एक कुशल प्रशासक थे जिनके जाने से देश ने एक महान दलित एवं समाजवादी नेता खो दिया है। पासवान के पुत्र चिराग पासवान को भेजे शोक संदेश में सिंह ने 2004-09 के दौरान संप्रग की पहली सरकार में पासवान के बतौर मंत्री काम करने एवं उनके साथ अपने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा, ‘‘रामविलास पासवान जी विभिन्न दलों की सरकारों में बहुत महत्वपूर्ण दलित चेहरा रहे। मेरी अगुवाई वाली सरकार में उनके मंत्री रहने के दौरान उनके साथ मेरी सुखद यादे हैं। वह एक कुशल प्रशासक थे जिन्होंने रसायन एवं उर्वरक मंत्री के तौर पर मेरे साथ बहुत नजदीक से काम किया।’’
09 Oct, 20 : 01:19 PM
गौतमबुद्ध नगर जिले में पिछले 24 घंटे में विभिन्न जगहों पर बदमाशों ने लूटपाट की चार घटनाओं को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि नताशा त्यागी और उसका भाई नितिन त्यागी स्कूटी से बृहस्पतिवार देर रात को सेक्टर 29 से सेक्टर 26 स्थित अपने घर जा रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। उन्होंने बताया कि सेक्टर-78 स्थित हाइड पार्क में रहने वाले विक्रम सिंह से बृहस्पतिवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल फोन छीन लिया। उन्होंने बताया कि सेक्टर 77 के पास से बाइक सवार बदमाशों ने हेमंत शर्मा नामक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीन लिया। इसके अलावा, सेक्टर 62 में भी बाइक सवार बदमाशों ने प्रदीप त्यागी नामक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ितों ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
09 Oct, 20 : 01:19 PM
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृन्दावन में परिवार के साथ आया एक व्यक्ति अपनी पत्नी को कथित तौर पर होटल के कमरे में सोता छोड़कर गायब हो गया। वह बेटे को भी साथ ले गया है। कोतवाली प्रभारी अनुज कुमार सिंह ने बताया, "बेंगलुरु निवासी महेश ने सात वर्ष पूर्व रूस की नागरिक नादिया से शादी की थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से दोनों में अनबन चल रही थी। उन्होंने बताया कि वे बुधवार को पांच वर्ष के बेटे के साथ वृन्दावन पहुंचे थे और प्रेम मंदिर के सामने एक होटल में रुके थे। उन्होंने बताया कि नादिया ने गुरुवार को पुलिस में तहरीर दी कि उसका पति उसे होटल में सोता छोड़कर गायब हो गया तथा बेटे को भी ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
09 Oct, 20 : 12:53 PM
रामविलास पासवान को राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रामविलास पासवान के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। रामविलास पासवान का कल निधन हो गया था।
Delhi: Congress leader Rahul Gandhi pays last respects to Union Minister and LJP leader Ram Vilas Paswan at the latter's residence.
— ANI (@ANI) October 9, 2020
The LJP leader passed away yesterday. pic.twitter.com/Bsvrw0MkJz
09 Oct, 20 : 12:50 PM
दिल्ली की वायु गुणवत्ता में थोड़ा सुधार
राष्ट्रीय राजधानी के वायु प्रदूषण में कमी आने से शुक्रवार सुबह वायु गुणवत्ता थोड़ी बेहतर होकर ‘मध्यम’ श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 198 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। बृहस्पतिवार को 24 घंटों में औसत एक्य़ूआई 208 था। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में 29 जून के बाद पहली बार बुधवार को वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में पहुंची थी। वायु गुणवत्ता शून्य से 50 के बीच ‘अच्छी’, 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक‘मध्यम’, 201 से 300 तक ‘खराब’, 301 से 400 तक ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ मानी जाती है।
09 Oct, 20 : 11:30 AM
रामविलास पासवान के घर पहुंचे राजनाथ सिंह
दिल्लीः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी रामविलास पासवान के घर पहुंचे हैं और उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने चिराग पासवान से भी मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
Delhi: Defence Minister Rajnath Singh pays tribute to Union Minister and Lok Janshakti Party (LJP) leader #RamVilasPaswan at the latter's residence. pic.twitter.com/9EPmjfcyLO
— ANI (@ANI) October 9, 2020
09 Oct, 20 : 10:48 AM
रामविलास पासवान के घर पहुंचे पीएम मोदी, दी श्रद्धांजलि
पीएम नरेंद्र मोदी ने राम विलास पासवान के पार्थिव शरीर पर उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और दुखी परिवार को ढांढस बंधाया। पीएम नरेंद्र मोदी के साथ मौके पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद भी मौजूद थे। पूरी खबर पढ़ें
09 Oct, 20 : 10:47 AM
भारत में कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या 9 लाख से कम
भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 69 लाख के पार हो गया है। देश में पिछले 24 घंटे में 70 हजार से अधिक नए मामले आए और 964 लोगों की जान कोरोना से चली गई। राहत की बात ये है कि देश में एक्टिव कोरोना मरीजों की संख्या अब 9 लाख से कम हो गई है। पूरी खबर पढ़ें
09 Oct, 20 : 09:30 AM
रामविलास पासवान के निधन पर राजकीय शोक
रामविलास पासवान के निधन के बाद आज राजकीय शोक की घोषणा की गई है। इसके तहत दिल्ली में राष्ट्रपति भवन और संसद भवन सहित तमाम जगहों पर राष्ट्रीय झंडे को आधा झुकाया गया है।
Delhi: Flags at Rashtrapati Bhavan and Parliament fly at half-mast to condole the demise of Union Minister and LJP leader Ram Vilas Paswan. pic.twitter.com/n1Aj8Cy8Si
— ANI (@ANI) October 9, 2020
09 Oct, 20 : 09:28 AM
दिल्ली: केंद्रीय मंत्री रहे और एलजेपी नेता राम विलास पासवान का पार्थिव शरीर एम्स अस्पताल से दिल्ली स्थिति उनके आवास पर ले जाया जा रहा है। उनका कल शाम निधन हो गया था।
Delhi: Mortal remains of Union Minister and LJP leader #RamVilasPaswan being taken to his residence from AIIMS (All India Institute of Medical Sciences).
— ANI (@ANI) October 9, 2020
The LJP leader passed away yesterday. pic.twitter.com/hfxd2vMEIT
09 Oct, 20 : 08:42 AM
कोरोना का कहर पूरी दुनिया में जारी
पूरी दुनिया में एक दिन में 3.48 लाख कोरोना संक्रमण के मामले सामने आए हैं। साथ ही 6424 मरीजों की भी मौत भी हुई है। इससे पहले 7 अक्टूबर को एक दिन में सबसे ज्यादा 3.42 लाख मामले सामने आए थे। वर्ल्डोमीटर के अनुसार, दुनियाभर में अबतक 3 करोड़ 67 लाख लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 10 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं 2 करोड़ से अधिक ठीक हुए हैं।