Aaj Ki Taja Khabar: केरल विमान हादसा: एक पायलट और दो यात्रियों की मौत
By विनीत कुमार | Updated: August 7, 2020 22:04 IST2020-08-07T08:50:43+5:302020-08-07T22:04:34+5:30

7 अगस्त: कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 7 अगस्त के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 20 लाख के पार हो गए हैं। हाल के दिनों में अब कोरोना की चपेट में बड़े-बड़े चेहरे आने लगे हैं। भारत में अब तक 40 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। साथ ही 13 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
वैसे, आधिकारिक आंकड़ों की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 20,27,075 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 6,07,384 है। दूसरी ओर 13,78,106 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं, जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 41,585 हो गई है। ये आंकड़े शुक्रवार (7 अगस्त) सुबह तक के हैं।
इन सब के बीच आज से किसान रेल सेवा की शुरुआत हो रही है। फल और सब्जियों के मालवहन के लिए भारतीय रेल आज से अपनी पहली ‘किसान रेल’ सेवा शुरू करने जा रही है। रेलवे ने गुरुवार को बताया था कि ऐसी पहली रेलगाड़ी महाराष्ट्र के देवलाली से बिहार के दानापुर के बीच चलेगी।
वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनके पिता द्वारा बिहार पुलिस के पास दर्ज करायी गई शिकायत से उत्पन्न धनशोधन मामले में आज रिया चक्रवर्ती से पूछताछ कर सकती है।
दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर का भूमि पूजन किए जाने के एक दिन बाद त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में ढील दी गई जिसके बाद अयोध्या के मंदिरों में आम आदमी सामान्य दिनों की तरह पहुंच रहे हैं। हनुमानगढ़ी मंदिर में श्रद्धालुओं का रोज तरह दर्शन के लिए आना शुरू हो गया लेकिन संक्रमण के कारण सुरक्षित दूरी का पालन करने पुलिस की नजर भी सब पर है।
आज नजरें जम्मू-कश्मीर की ओर भी होंगी। बीजेपी वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर के नए उप राज्यपाल के तौर पर नियुक्त किया गया है। वे आज शपथ ले सकते हैं।
07 Aug, 20 : 09:50 PM
उत्तराखंड में शुक्रवार को एक दिन में रिकार्ड 10 कोविड मरीजों की मौत हो गयी जिससे इस महामारी से मरने वालों का आंकडा 112 पहुंच गया । प्रदेश के स्वास्थय विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार, चार मरीजों की मौत दून मेडिकल कॉलेज में हुई जबकि तीन अन्य ने ऋषिकेश स्थित एम्स में और तीन अन्य ने हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में दम तोडा । महामारी से अब तक प्रदेश में 112 कोविड मरीजों की मौत हो चुकी है । इसके अलावा, प्रदेश में शुक्रवार को 278 नए मामलों में कोविड—19 की पुष्टि होने से महामारी से पीडितों की संख्या बढकर 8901 हो गयी । कोरोनावायरस से संक्रमित सर्वाधिक 85 ताजा मामले उधमसिंह नगर में मिले हैं जबकि हरिद्वार जिले में 73, नैनीताल जिले में 34 और देहरादून जिले में 21 मरीज सामने आए हैं । प्रदेश में अब तक कुल 5731 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं और उपचाराधीन मामलों की संख्या 3020 है । प्रदेश में कोविड 19 के 38 मरीज प्रदेश से बाहर चले गए हैं ।
07 Aug, 20 : 09:08 PM
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को अमेरिका, ब्राजील, आस्ट्रेलिया, इस्राइल, दक्षिण कोरिया के अपने समकक्षों के साथ डिजिटल माध्यम से बैठक की और इस दौरान कोविड-19 के फैलने से उत्पन्न चुनौतियों के बारे में चर्चा की । जयशंकर ने कहा कि उन्होंने अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ, आस्ट्रलिया के विदेश मंत्री मेरिस पेनी, दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री कांग क्यूंग व्हा, ब्राजील के विदेश मंत्री अर्नेस्टो अराउजो, इस्राइल के विदेश मंत्री गाबी अश्केनाजी के साथ ‘उपयोगी’ बैठक की । जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘‘ कोविड-19 की चुनौतियों के बारे में चर्चा जारी । हमेशा एक दूसरे से सीखना अच्छा होता है । ’’ यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब एक दिन पहले ही जयशंकर और पोम्पिओ ने टेलीफोन पर बातचीत की थी और कोविड-19 महामारी से निपटने के प्रयासों, हिन्द प्रशांत क्षेत्र की स्थिति सहित अंतरराष्ट्रीय चिंताओं से मुद्दे पर द्विपक्षीय एवं बहुस्तरीय सहयोग के बारे में चर्चा की थी ।
07 Aug, 20 : 08:21 PM
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि यौन उत्पीड़न, मार-पीट और शारिरीक प्रताड़ना झेलने वाली 12 साल की बच्ची अब भी एम्स में अपनी जिंदगी के लिए लड़ रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने बच्ची के माता-पिता और उसका इलाज कर रहे डॉक्टरों से फोन पर बातचीत की। केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘मैंने यौन उत्पीड़न का शिकार हुई 12 साल की बच्ची के डॉक्टरों और माता-पिता से बात की। मैं कल उससे मिलने अस्पताल गया था। वह अब भी जिंदगी के लिए लड़ रही है। डॉक्टर अपना सर्वोत्तम प्रयास कर रहे हैं। उसके लिए दुआ करें। इस बीच पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।’’ आज दिन में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के सूत्रों ने बताया था कि बच्ची की एक और सर्जरी करने की जरुरत है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूत्रों ने बताया कि उसके प्लेटलेट कम हैं और वह न्यूरोसर्जरी आईसीयू में हैं। बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस ने इस मामले में कृष्ण नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
07 Aug, 20 : 07:56 PM
बिहार स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को 71,000 से अधिक नमूनों की जांच का दावा किया तथा राज्य में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 3,646 नए मामले सामने आए। इसके अलावा संक्रमण से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 400 पर पहुंच गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के मुताबिक, बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान संक्रमण से मरने वाले 12 मरीजों में पटना के चार, वैशाली के दो और भागलपुर,नवादा, मुंगेर भोजपुर, पूर्वी चंपारण और सारन के एक-एक मरीज शामिल हैं। नए मामलों में पटना में सर्वाधिक 566 मरीज सामने आए हैं। इसके अलावा कटिहार में 211, पूर्वी चंपारण में 188, नालंदा में 162, बांका में 128, वैशाली में 125, भागलपुर में 124, पश्चिमी चंपारण में 118, रोहतास में 114, सीतामढ़ी में 113, मुजफ्फरपुर में 109, समस्तीपुर में 105 और पूर्णिया में 104 नए मरीज मिले हैं। सभी 38 जिलों में अब तक पटना में सर्वाधिक 71 मरीजों की मौत हुई है और संक्रमण के 12,160 मामले आए हैं। जिले में अब तक कुल 8,015 मरीज संक्रमण से उबर चुके हैं जबकि 4,074 मरीज उपचाराधीन हैं। राज्य में संक्रमण के कुल मामलों का आंकड़ा 71,794 पहुंच गया है जिनमें से अब तक 46,265 मरीज ठीक हो चुके हैं जबकि 25,129 मरीज इलाजरत हैं।
07 Aug, 20 : 07:28 PM
कांग्रेस विधायक और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के पुत्र डॉक्टर यतीन्द्र सिद्धरमैया ने शुक्रवार को अपने कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि की। पेशे से डॉक्टर यतीन्द्र ने उनके संपर्क में आए सभी लोगों से स्व पृथक-वास में जाने का अनुरोध किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मेरी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। मैं पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए सभी लोगों से अनुरोध करता हूं कि वे स्व पृथक-वास में जाएं और एहतियात बरतें।’’ चालीस वर्षीय यतीन्द्र पहली बार चुनाव जीतकर विधायक बने हैं। वह मैसूर जिले के वरुणा विधानसभाक्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके पिता और विपक्ष के नेता सिद्धरमैया के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि मंगलवार को हुई थी। फिलहाल एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। सिद्धरमैया के स्वास्थ्य के बारे में मणिपाल अस्पताल ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि उनकी हालत स्थिर है और उनपर दवाओं का असर हो रहा है। बयान के अनुसार, ‘‘वह आराम से हैं, उनकी खुराक बढ़ी है। हमारे विशेषज्ञ उनका ध्यान रख रहे हैं।’’
07 Aug, 20 : 07:28 PM
द्रविड़ मुनेत्र कझगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम के स्टालिन और पार्टी के अन्य नेताओं ने शुक्रवार को एम करुणानिधि की दूसरी पुण्यतिथि पर यहां उनके स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। मरीना तट पर स्थित करुणानिधि के स्मारक पर दुरईमुरुगन और टी आर बालू समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। द्रमुक अध्यक्ष ने पार्टी मुख्यालय पर भी जाकर पूर्व मुख्यमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण किया। स्टालिन ने डिजिटल माध्यम से करुणानिधि के गृह जिले तिरुवरुर में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस मौके पर उन्होंने कोविड-19 से अग्रिम मोर्चे पर मुकाबला कर रहे कर्मियों और नर्सों के लिए कल्याणकारी सहायता का भी वितरण किया। द्रमुक सांसद कनिमोझी और के एन नेहरू भी इस मौके पर उपस्थित थे। करुणानिधि का सात अगस्त 2018 को निधन हो गया था।
07 Aug, 20 : 07:28 PM
दक्षिण असम के सिलचर शहर के मालुग्राम पुलिस चौकी क्षेत्र से शुक्रवार को कर्फ्यू हटा लिया गया। कछार जिले के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह छह बजे कर्फ्यू हटा लिया गया और सुबह माइक से लोगों को इसके बारे में जानकारी दी गई थी। कछार के जिलाधिकारी कीर्ति जल्ली ने कहा कि स्थिति सामान्य करने के लिए सिलचर शहर के मालुग्राम पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों से कर्फ्यू हटा लिया गया है और बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक इस इलाके में किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं मिली है। रविवार देर शाम दो समूहों द्वारा एक-दूसरे पर पथराव किए जाने के बाद सोमवार को मालुग्राम पुलिस चौकी के तहत आने वाले गोनीवाला और आसपास के इलाकों में कर्फ्यू लगा दिया गया था।
07 Aug, 20 : 07:00 PM
दिल्ली में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,192 नए मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1.42 लाख के पार पहुंच गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। शुक्रवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार पिछले चौबीस घंटे में कोविड-19 से 23 और मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद इस महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 4,082 हो गई। दिल्ली में अभी कोविड-19 के 10,409 मरीज उपचाराधीन हैं। शुक्रवार को जारी बुलेटिन के अनुसार अब तक सामने आए संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,42,723 हो गई है।
07 Aug, 20 : 07:00 PM
पश्चिमी अफ्रीका में मॉरिटानिया और पश्चिमी सहारा के बीच तट पर एक नौका के पटलने से उसमें सवार कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई। संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार बृहस्पतिवार को हुई इस दुर्घटना में 40 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका है। अंतरराष्ट्रीय प्रवास संगठन की मॉरिटानिया मिशन की प्रमुख लॉरा लुंगारोट्टी ने कहा, ''कोविड-19 के दौरान आवाजाही पर रोक के बावजूद प्रवासी जोखिम उठाकर यात्रा कर रहे हैं।'' संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने कहा कि यह नौका कुछ दिन पहले पश्चिमी सहारा के डाखला से रवाना हुई थी और स्पेन के केनेरी द्वीपसमूह की ओर बढ़ रही थी। इस दौरान इसके इंजन में गड़बड़ी हुई और इसमें सवार यात्री समुद्र में फंस गए।
07 Aug, 20 : 06:59 PM
निषाद पार्टी के भदोही से विधायक विजय मिश्रा, उनकी पत्नी और बेटे के खिलाफ रिश्तेदार को कथित तौर पर धमकी देकर उसकी संपत्ति हड़पने का मामला दर्ज हुआ है । पुलिस अधीक्षक राम बदन सिंह ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया कि यह प्राथमिकी गोपीगंज थाने में दर्ज की गयी है, जो मिश्रा, उनकी एमएलसी पत्नी रामलली मिश्रा और बेटे विष्णु के खिलाफ चार अगस्त को कृष्ण मोहन तिवारी की ओर से दर्ज करायी गयी है । तिवारी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है, ‘‘विधायक और उनके परिवार वालों ने मेरी (तिवारी की) संपत्ति हड़पी है, बंधक बनाया और धमकी भी दी है ।’’ तिवारी खुद को विधायक का रिश्तेदार बताते हैं । एसपी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है । तिवारी और उसके परिवार वालों को सुरक्षा मुहैया करायी गयी है । सिंह ने बताया कि विधायक के खिलाफ 72 मामले चल रहे हैं । वह 2017 का विधानसभा चुनाव निषाद पार्टी के टिकट पर जीते थे । हाल ही में एक व्यक्ति को धमकी देने के कारण उन पर गुंडा एक्ट लगा था । विधायक को जिलाधिकारी की अदालत ने अपना पक्ष रखने के लिए 13 अगस्त तक का समय दिया है ।
07 Aug, 20 : 05:32 PM
पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर के नौगाम तथा तंगधार सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर शुक्रवार को संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की। सेना के एक प्रवक्ता ने बताया, “ पाकिस्तान ने (उत्तर कश्मीर के जिले) कुपवाड़ा में नौगाम तथा तंगधार सेक्टरों पर बिना उकसावे के संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए मोर्टार दागे तथा अन्य हथियारों से गोलीबारी की। “ उन्होंने कहा कि तंगधार में पाकिस्तान की गोलाबारी की वजह से छह नागरिक जख्मी हो गए जबकि नौगाम से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी हमले का भारतीय सेना ने मुहंतोड़ जवाब दिया है।
07 Aug, 20 : 05:32 PM
गाजियाबाद पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि एक विशेष अभियान चलाकर 171 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें से 100 ऐसे हैं जो फरार चल रहे थे या उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात तक ‘ऑपरेशन प्रहार’के तहत इन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि उनमें से एक 10 कुख्यात गुंडों में शामिल है। उन्होंने बताया कि उनमें से 71 को सीआरपीसी की धारा 151 के तहत जेल भेज दिया गया है।
07 Aug, 20 : 05:31 PM
गाजियाबाद में कौशाम्बी और विजय नगर पुलिस ने मादक पदार्थों के छह तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से सात किलो गांजा बरामद किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के शहरों में प्रतिबंधित गांजे की आपूर्ति करते थे और उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। एसएसपी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान यश, आदित्य, मयंक, निचिकेता, आसिफ और साजिद के रूप में हुई है। उनके पास से एक कार और एक स्कूटर भी जब्त किया गया है।
07 Aug, 20 : 05:08 PM
उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई । मौसम विभाग ने शुक्रवार को बताया कि अकबरपुर (कानपुर देहात) में पांच सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी । आजमगढ, कर्वी (चित्रकूट), इगलास (अलीगढ), कुलपहर (महोबा) में तीन तीन, घोसी (मउ), बबेरू एवंअतर्रा (बांदा), मैनपुरी, चिल्लाघाट (झांसी), इटावा और मौदहा में दो दो सेंटीमीटर पानी बरसा । विभाग ने बताया कि राज्य में अधिकतम 36 . 6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इटावा सबसे गर्म स्थान रहा । मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के बारे में अनुमान व्यक्त किया कि प्रदेश में कुछ जगहों पर चमक—गरज के साथ बारिश हो सकती है । भाषा
07 Aug, 20 : 04:58 PM
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने दक्षिण एशिया एवं दक्षेस के महानिदेशक जाहिद हफीज़ चौधरी को अपना नया प्रवक्ता नियुक्त किया है। शुक्रवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि चौधरी दक्षिण एशिया और दक्षेस के निदेशक के साथ-साथ आइशा फारूकी के स्थान पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता का काम भी देखेंगे। इससे पहले मोहम्मद फैसल भी दोहरा प्रभार संभाल चुके हैं। उन्हें जर्मनी में पाकिस्तान का राजदूत नियुक्त किया गया है। फारूकी को दिसंबर में प्रवक्ता नियुक्त किया गया था। बताया जाता है कि वह एक प्रशिक्षण कार्यक्रम पर जा रही हैं। चौधरी विदेश सेवा के अधिकारी हैं और वह वाशिंगटन तथा लंदन समेत पाकिस्तान के कई मिशनों में सेवा दे चुके हैं।
07 Aug, 20 : 04:31 PM
सेना प्रमुख, जनरल एमएम नरवणे ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात की । एक सरकारी प्रवक्ता ने इसकी जानकारी दी । सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि ''दोनो के बीच शिष्टाचार भेंट वार्ता थी । मुख्यमंत्री ने सेना प्रमुख को एक प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया ।'' सेना ने बयान जारी कर बताया, ''सेना प्रमुख, जनरल एमएम नरवणे ने शुक्रवार को लखनऊ छावनी स्थित मुख्यालय मध्य कमान का दौरा किया।'' बयान में बताया गया कि सेना प्रमुख को मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल आई एस घुमन द्वारा सैन्य आपरेशनल और प्रशासनिक दोनों पहलुओं पर जानकारी दी गई। जनरल नरवणे ने मध्य क्षेत्र में सैन्य बलों की क्षमता वृद्धि और आपरेशनल प्रभावशीलता और बुनियादी ढांचे का विकास सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने ऑपरेशन तैयारियों के उच्च स्तर को प्राप्त करने के लिए मध्य कमान की प्रशंसा की। बयान में बताया गया कि लखनऊ से प्रस्थान करने से पहले जनरल नरवणे ने उप्र की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से भी मुलाकात की।
07 Aug, 20 : 04:30 PM
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को ‘राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र’ का उद्घाटन करेंगे। महात्मा गांधी को समर्पित राष्ट्रीय स्वच्छता केंद्र (आरएसके) की प्रधानमंत्री ने सबसे पहले घोषणा 10 अप्रैल 2017 को गांधीजी के चम्पारण ‘सत्याग्रह’ के 100 वर्ष पूरे होने के मौके पर की थी। यह स्वच्छ भारत मिशन पर एक परस्पर संवादात्मक (इंटरैक्टिव) अनुभव केंद्र होगा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राजघाट के समीप स्थित आरएसके का दौरा करने के बाद मोदी शारीरिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए आरएसके के सभागार में दिल्ली के 36 स्कूली छात्रों से बातचीत करेंगे जो 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद वह संबोधन देंगे। बयान के अनुसार आरएसके में स्थित सभागार में भावी पीढ़ियों को स्वच्छ भारत मिशन की सफल यात्रा से रूबरू कराया जाएगा। साथ ही स्वच्छता पर जागरूकता और शिक्षा दी जाएगी। बयान में कहा गया है कि सभागार नंबर एक में दर्शक 360 डिग्री का अनूठा ऑडियो-विजुअल कार्यक्रम देखेंगे, जिसमें भारत की स्वच्छता की कहानी यानी दुनिया के इतिहास में लोगों की आदतों में बदलाव लाने वाले सबसे बड़े अभियान की यात्रा दिखाई जाएगी। सभागार नंबर दो में विभिन्न माध्यमों से स्वच्छ भारत के गांधी के सपने को हासिल करने के लिए किए गए कार्यों की कहानी बयां की जाएगी।
07 Aug, 20 : 04:29 PM
विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनके अमेरिकी समकक्ष माइक पोम्पिओ ने कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से निपटने, हिंद-प्रशांत और चतुष्पक्षीय वार्ता समेत क्षेत्रीय एवं वैश्विक मामलों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के प्रधान उप प्रवक्ता कैले ब्राउन ने बताया कि दोनों नेताओं ने बृहस्पतिवार को फोन पर बातचीत के दौरान हिंद-प्रशांत और विश्वभर में समृद्धि एवं शांति कायम रखने और सुरक्षा मजबूत करने में भारत एवं अमेरिका के संबंधों की महत्ता की बात दोहराई। जयशंकर ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने पोम्पिओ के साथ व्यापक मामलों पर बातचीत की। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘प्रासंगिक तंत्रों की कार्यप्रणाली समेत द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की। दक्षिण एशिया, अफगानिस्तान, हिंद-प्रशांत समेत क्षेत्रीय एवं वैश्विक मामलों पर आकलन साझा किए।’’ उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कोरोना वायरस चुनौती से निपटने पर विचार साझा किए। निकट भविष्य में चतुष्पक्षीय बैठक को लेकर चर्चा की।’’ भारत और अमेरिका ने संसाधन समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर बातचीत की। इस क्षेत्र में चीन अपना प्रभाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। इस मामले पर 2018 में गोवा में हुई भारत-अमेरिका समुद्री सुरक्षा वार्ता के तीसरे दौर में भी विस्तार से बातचीत हुई थी। अमेरिका रणनीतिक रूप से अहम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत को बड़ी भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित करता रहा है। ब्राउन ने कहा, ‘‘दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मामलों में निकट सहयोग जारी रखने एवं इस वर्ष के आखिर में अमेरिका भारत ‘टू प्लस टू’ मंत्रिस्तरीय वार्ता और चतुष्पक्षीय वार्ता को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।’’
07 Aug, 20 : 04:06 PM
पाकिस्तान के सैनिकों ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के नौगाम में नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तान की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया गया। अधिकारी ने बताया, ‘ ‘ पाकिस्तान ने बिना उकसावे के उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा के नौगाम सेक्टर में मोर्टार के गोले दागे और अन्य हथियारों से गोलीबारी की।’’ अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
07 Aug, 20 : 03:52 PM
महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव तालुका में दो बच्चे समेत एक परिवार के चार सदस्यों की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि 35 वर्षीय समाधान अन्ना चव्हाण, उनकी 26 वर्षीय पत्नी भारताबाई और छह तथा चार साल के दो बच्चे सोमवार तड़के जेयूर शिव क्षेत्र में स्थित अपने घर में खून से लथपथ मिले। चव्हाण ऑटोरिक्शा चलाते थे और उसकी पत्नी मजदूरी करती थी। अधिकारी ने बताया कि सभी के गले कटे हुए थे। इस संबंध में जांच की जा रही है।
07 Aug, 20 : 03:16 PM
फ्रांस ने शुक्रवार को 2020 की पहली छमाही के लिए विदेश व्यापार के आंकड़े जारी किए, जिससे पता चलता है कि कोरोना वायरस महामारी के चलते मची आर्थिक तबाही से यूरोपीय देश बुरी तरह पीड़ित हैं। इन आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान फ्रांस का निर्यात 2019 की पहली छमाही के मुकाबले 21.5 प्रतिशत घट गया। यह 2009 में महामंदी के दौरान पहली छमाही में हुई गिरावट के मुकाबले अधिक है। हालांकि, फ्रांस के आयात में भी कमी आई है, जिससे व्यापार घाटे की कुछ भरपाई हुई। फ्रांस के विदेश व्यापार मंत्री फ्रेंक रिस्टर ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण रूप से ये आंकड़े आश्चर्यजनक नहीं हैं, क्योंकि हम जिस संकट से गुजर रहे हैं, वह असाधारण है।
07 Aug, 20 : 02:59 PM
अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण के 93 नए मामले सामने आए जिनमें से 68 सुरक्षा बलों के जवान हैं। वहीं राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 1,948 हो गई। एक वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि कुल 1,948 संक्रमितों में से 700 का इलाज चल रहा है और 1,245 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। तीन लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य निगरानी अधिकारी डॉक्टर एल जाम्पा ने बताया कि संक्रमण के नए 55 मामले नामसाई जिले, 10 मामले लोहित जिले, पूर्वी कामेंग से आठ मामले, राजधानी परिसर और तवांग से छह-छह मामले, चांगलांग और निम्न सियांग से दो-दो मामले तथा पूर्वी कामेंग, तिरप, पापुमपारे और पश्चिमी सियांग से एक-एक मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि संक्रमण के नए मरीजों में अर्धसैनिक बलों के 68 सुरक्षाकर्मी संक्रमित हैं। इनमें से 54 नामसाई में, 10 लोहित में और चार तवांग जिले में संक्रमित हैं।
07 Aug, 20 : 02:17 PM
आजमगढ़ जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के मसूरियापुर गांव में मिट्टी का एक कच्चा मकान ढहने से पति और पत्नी की मौत हो गयी। पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात झिनकराम (55) और उनकी पत्नी कलावती देवी (51) घर मे सोये हुए थे। रात करीब दो बजे उनका कच्चा मकान ढह गया और उसके मलबे में पति और पत्नी दोनों दब गये। पुलिस ने बताया कि आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे को हटा कर उन्हें बाहर निकाला। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर सुबह पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतकों के परिजन को मुआवजा देने का आश्वासन दिया।
07 Aug, 20 : 02:01 PM
इडुक्की जिले के राजमाला के पेत्तिमुदी में मूसलाधार बारिश के कारण शुक्रवार सुबह भूस्खलन हुआ, जिसमें एक चाय बागान के कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण बिजली की लाइन प्रभावित होने से इलाके में संचार सेवाएं बाधित हैं। उन्होंने बताया कि कम से कम 70 लोगे के वहां फंसे होने की आशंका है। भूस्खलन के कारण करीब 10 मजूदरों के घर वहां धंस गए हैं। पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर मौजूद हैं और जिला प्रशासन ने अस्पतालों से भी हर स्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहने को कहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इलाके में ‘रेड अलर्ट’ भी घोषित कर दिया है।
07 Aug, 20 : 01:49 PM
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने बृहस्पतिवार को 10 आईएएस अधिकारियों का तबादला और नियुक्ति की। उन्होंने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव अंकिता मिश्रा बुंदेला को अपना सचिव नियुक्त किया है। सेवा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नियुक्ति का इंतजार कर रहे 2001 बैच के आईएएस अफसर जी.एस. मीणा को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव बनाया गया है। आईएएस अधिकारी बुंदेला, विजय कुमार की जगह लेंगी, उनका हाल ही में केन्द्र सरकार में तबादला हुआ है।
07 Aug, 20 : 01:45 PM
पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के नये उपराज्यपाल के तौर पर शपथ ग्रहण की। वह पहले नेता हैं, जिन्होंने केंद्र शासित प्रदेश का प्रभार संभाला है। जम्मू-कश्मीर की मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल ने राज भवन में उन्हें पद की शपथ दिलाई। सिन्हा को ग्रामीण इलाकों में लोगों से उनके जुड़ाव के लिए जाना जाता है। 61 वर्षीय सिन्हा ने पूर्व आईएएस अधिकारी गिरीश चंद्र मुर्मू की जगह ली है जिन्होंने बुधवार रात इस्तीफा दे दिया था। मुर्मू को बृहस्पतिवार को नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) नियुक्त किया गया। शपथग्रहण कार्यक्रम में फारुक खान, बशीर खान समेत पूर्व उपराज्यपालों के सलाहकार रहे अन्य लोगों के साथ ही वरिष्ठ नौकरशाह एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। राज्यसभा सदस्य नजीर अहमद लवाय, भाजपा से लोकसभा सदस्य जुगल किशोर शर्मा और जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के नेता गुलाम हसन मीर भी इस कार्यक्रम में मौजूद रहे।
07 Aug, 20 : 01:23 PM
हिमाचल प्रदेश भाजपा प्रमुख सुरेश कश्यप कोरोना वायरस से संक्रमित न पाए जाने के बावजूद एहतियाती कदम के तौर पर पृथक-वास कर रहे हैं। पार्टी के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। कश्यप हाल ही में बिजली मंत्री सुखराम चौधरी के संपर्क में आए थे जो बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। प्रवक्ता ने बताया कि कश्यप एहतियाती कदम के तौर पर पृथक-वास कर रहे हैं। वहीं, पुलिस ने बताया कि शिमला में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के कार्यालय को शुक्रवार को सैनिटाइजेशन के काम के लिए बंद कर दिया गया है। शिमला पुलिस ने एक फेसबुक पोस्ट में बताया कि बुधवार को एसपी कार्यालय आया एक पुलिसकर्मी अगले दिन कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, इसलिए एसपी कार्यालय शुक्रवार को सैनिटाइजेशन के काम के लिए बंद रहेगा।
07 Aug, 20 : 12:36 PM
केरल में भारी बारिश से इडुक्की में भूस्खलन के बाद पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 10 को बचाया गया है।
#WATCH 5 dead in landslide in Idukki's Rajamala, #Kerala; 10 rescued so far
— ANI (@ANI) August 7, 2020
Kerala CM has requested assistance from Indian Air Force for the rescue operation. pic.twitter.com/yWmwXHUxEz
07 Aug, 20 : 12:12 PM
राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर पीएम नरेंद्र मोदी ने क्या कहा, पढ़िए
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार सार्वजनिक तौर पर अपनी बात रखी। पीएम ने शुक्रवार को एनईपी पर आयोजित एक कॉनक्लेव में कहा कि लंबे मंथन के बाद इसे बनाया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि करीब 3-4 साल तक इस पर चर्चा हुई और लाखों की संख्या में सलाह इस बारे में सरकार को मिले। पूरी खबर पढ़ें
07 Aug, 20 : 12:10 PM
राष्ट्रीय शिक्षा नीति, 21वीं सदी के नए भारत की नींव रखेगी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनईपी पर कहा।
07 Aug, 20 : 12:06 PM
ईडी दफ्तर पहुंची रिया चक्रवर्ती
रिया चक्रवर्ती मुंबई में ईडी के कार्यालय पहुंच गई हैं। इससे पहले उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में जारी सुनवाई का हवाला देते हुए पेशी से छूट की मांग की थी। हालांकि प्रवर्तन निदेशालय ने ये छूट देने से इनकार कर दिया था।
#SushantSinghRajput death case: Rhea Chakraborty arrives at Enforcement Directorate (ED) office in Mumbai.
— ANI (@ANI) August 7, 2020
ED rejected her earlier request that the recording of her statement be postponed till Supreme Court hearing. pic.twitter.com/MIWYlYMXhT
07 Aug, 20 : 10:45 AM
सुशांत सिंह राजपूत के दोस्त और पूर्व बिजनेस मैनेजर को समन
ईडी ने सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व बिजनेस मैनेजर श्रुति मोदी को भेजा समन, आज पेश होने का निर्देश दिया गया है। साथ ही ईडी ने सुशांत के दोस्त सिद्धार्थ पिठानी को भी 8 अगस्त से पहले पेश होने को कहा है।
Enforcement Directorate (ED) summons Shruti Modi, former business manager of #SushantSinghRajput, asking her to appear before them today.
— ANI (@ANI) August 7, 2020
ED also asks Sushant's friend Siddharth Pithani to appear before the agency tomorrow, 8th August. pic.twitter.com/K8BZUry3lo
07 Aug, 20 : 10:31 AM
सुशांत केस: बिहार सरकार का सुप्रीम कोर्ट में जवाब
सुशांत केस: बिहार सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एक एफिडेविट दाखिल कर कहा है कि रिया चक्रवर्ती की केस को मुंबई ट्रांसफर करने की मांग उचित नहीं है। बिहार सरकार ने साथ ही अपने जवाब में कहा है कि राज्य को मामले में जांच का अधिकार है।
Bihar Government, in its affidavit before the Supreme Court, states that the state govt has the jurisdiction to investigate the matter. #SushantSinghRajputhttps://t.co/mhlncpY1Gj
— ANI (@ANI) August 7, 2020
07 Aug, 20 : 10:25 AM
भारत में कोरोना मामलों में बड़ा उछाल
भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में सबसे बड़ी उछाल दर्ज की गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में ही देश में कोरोना के 62,538 नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ देश में संक्रमितों की कुल संख्या अब 20 लाख के पार हो गई है। वहीं, पिछले 24 घंटे में 886 लोगों की मौत भी कोरोना से हुई है। पूरी खबर पढ़ें
07 Aug, 20 : 09:56 AM
पूंछ में पाकिस्तान ने की गोलीबारी
जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान ने पूंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में आज सुबह 6.30 बजे सीजफायर का उल्लंघन किया।
07 Aug, 20 : 09:08 AM
कोरोना टेस्ट अपडेट
आईसीएमआर ने बताया है कि 6 अगस्त तक देश में 2,27,24,134 कोरोना टेस्ट हुए हैं। इसमें कल गुरुवार को ही 5,74,783 सैंपल के टेस्ट किए गए।
The total number of #COVID19 samples tested up to 6th August is 2,27,24,134 including 5,74,783 samples tested yesterday: Indian Council of Medical Research (ICMR) pic.twitter.com/uyfL3IjWaM
— ANI (@ANI) August 7, 2020
07 Aug, 20 : 08:56 AM
भोजपुरी और TV एक्ट्रेस अनुपमा पाठक ने की आत्महत्या
मुंबई में 40 वर्षीया भोजपुरी और टीवी एक्ट्रेस अनुपमा पाठक ने आत्महत्या कर ली है। अनुपमा पाठक मुंबई के दहिसर इलाके स्थित अपने घर में कथित तौर फांसी लगाकर जान दी है। मुंबई के दहिसर में स्थित घर में उनकी बॉडी फंदे पर लटकती पाई गई है। अनुपमा पाठक ने खुदखुशी से एक दिन पहले फेसबुक लाइव पर आई थी। अनुपमा पाठक के घर से पुलिस को सुसाइड नोट भी मिला है। पूरी खबर पढ़ें
07 Aug, 20 : 08:54 AM
बिहार के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी का क्वारंटीन खत्म
सुशांत सिंह राजपूत मामले में जांच करने मुंबई गए पटना एसपी विनय तिवारी को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने क्वारंटीन से छूट दे दी है। माना जा रहा है कि विनय तिवारी आज ही पटना लौट सकते हैं। इससे पहले बिहार पुलिस के चार अन्य अधिकारी गुरुवार को पटना लौट गए थे। पूरी खबर पढ़ें
07 Aug, 20 : 08:53 AM
अमेरिका और भारत के विदेश मंत्री के बीच वार्ता
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो और भारती विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बीच गुरुवार को फोन पर बातचीत हुई। दोनों देशों के विदेश मंत्रियों के बीच वार्ता में द्विपक्षीय संबंधों और बहुपक्षीय सहयोग पर चर्चा हुई। इसमें क्षेत्रीय मसलों सहित वैश्विक मुद्दों पर बात हुई, जिसमें दक्षिण एशिया, अफगानिस्तान, इंडो-पैसिफिक और कई अन्य विषय शामिल रहे। साथ ही कोरोना संकट पर भी बातचीत हुई।
Exchanged views on responding to the Coronavirus challenge. Discussed meeting in the Quad format in the near future: External Affairs Minister S Jaishankar https://t.co/VqVI5CZRRu
— ANI (@ANI) August 7, 2020