Aaj Ki Taja Khabar: महाराष्ट्रः बीते 24 घंटे में कोरोना के 19,218 नए केस मिले, 378 की मौत
By विनीत कुमार | Updated: September 4, 2020 22:10 IST2020-09-04T07:55:31+5:302020-09-04T22:10:19+5:30

4 सितंबर: कोरोना लाइव अपडेट, ताजा खबरें
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट समेत कोरोना वायरस महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए 4 सितंबर के इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 39 लाख के पार हो गए हैं। भारत में अब तक 68 हजार से ज्यादा लोगों की मौत भी कोरोना से चुकी है। साथ ही 30 लाख के ज्यादा लोग संक्रमण से ठीक भी अब तक हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 39,36,748 है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 8,31,124 है। दूसरी ओर 30,37,152 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 68,472 हो गई है। ये आंकड़े शुक्रवार (4 सितंबर) सुबह तक के हैं।
आज की अन्य खबरों की बात करें तो देश भर में इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिये जेईई-मुख्य परीक्षा का आज चौथा दिन है। जेईई की परीक्षाएं 1 से 6 सितंबर तक चलेंगी। इसके लिये 8.58 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है। इस मुद्दे पर आज एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट सुनवाई करेगी।
दरअसल, परीक्षा के खिलाफ 6 गैर बीजेपी शासित राज्यों ने कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दी है। सु्प्रीम कोर्ट में जस्टिस अशोक भूषण, बी आर गवई और कृष्ण मुरारी की तीन सदस्यीय पीठ चैंबर में पुनर्विचार याचिका पर विचार करेगी।
वहीं, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल)-2020 का शेड्यूल भी जारी किया जाएगा। कोरोना संकट के कारण इस बार आईपीएल यूएई में हो रहा है। इसका आगाज 19 सितंबर से होना है। इस बार आईपीएल 19 सितंबर से 10 नवंबर के बीच खेला जाना है।
वहीं, वित्त आयोग आज अपनी आर्थिक सलाहकार परिषद के साथ बैठक करेगा। बैठक में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) में वृद्धि, जीएसटी क्षतिपूर्ति और राजकोषीय घाटे को कम करने के उपायों पर चर्चा होगी। ये बैठक ऐसे समय हो रही है कि जब देश की जीडीपी वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष 2020-21 की अप्रैल-जून तिमाही में 23.9 प्रतिशत घटी है।
04 Sep, 20 : 08:46 PM
दिल्ली के शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को कहा कि राजधानी में सभी स्कूल कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 30 सितंबर तक बंद रहेंगे, लेकिन बड़ी कक्षाओं के छात्रों को अपने शिक्षकों से मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए 21 सितंबर से स्कूल जाने की अनुमति होगी। शिक्षा निदेशालय (डीओई) ने कहा कि कोविड-19 निषिद्ध क्षेत्रों के बाहर 50 प्रतिशत शिक्षक और गैर-शिक्षक कर्मियों को ऑनलाइन कक्षाओं, टेली-काउंसलिंग तथा संबंधित कामकाज के लिए विद्यालयों में बुलाया जा सकता है। डीओई ने एक आधिकारिक आदेश में कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी के मद्देनजर सभी स्कूल 30 सितंबर तक छात्रों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के बच्चों को निषिद्ध क्षेत्रों से बाहर के इलाकों में उनके स्कूलों में स्वैच्छिक आधार पर शिक्षकों से राय लेने के लिए जाने की इजाजत होगी।’’ आदेश के मुताबिक, ‘‘उन्हें 21 सितंबर से उनके माता-पिता या अभिभावकों की लिखित सहमति के साथ ही स्कूल आने की अनुमति होगी जिसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय मानक परिचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी करेगा।’’ डीओई ने निर्देश दिया है कि छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं तथा शिक्षण प्रशिक्षण गतिविधियां जारी रहेंगी।
04 Sep, 20 : 08:46 PM
केरल में शुक्रवार को एक दिन में कोविड-19 के संर्वाधिक 2,716 मरीजों को संक्रमणमुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई। स्वस्थ मंत्री के के शैलजा के मुताबिक राज्य में शुक्रवार को 2,479 और लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया तथा 11 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। केरल में कोविड-19 के कुल मामले 82,103 हो गए हैं और मौत का आंकड़ा 326 पहुंच गया है। संक्रमित हुए लोगों में 60 पुलिसक्रमी और 34 स्वास्थ्य कर्मी भी शामिल हैं। नए मामले में से 2,255 लोग स्थानीय संचरण के कारण संक्रमित हुए, जबकि 59 लोग विदेश से और 71 लोग अन्य राज्यों से लौटे हैं। इस बात की जानकारी नहीं है कि 149 लोगों को संक्रमण कहां से हुआ। मंत्री ने बताया कि राज्य में 21,268 मरीज संक्रमण का इलाज करा रहे हैं। राज्य में अबतक 60,448 लोग इस संक्रमण से उबर चुके हैं। राज्य में फिलहाल 1,97,937 लोगों पर निगरानी रखी जा रही है जिनमें से 17,194 लोग विभिन्न अस्पतालों के पृथकवास वार्ड में भर्ती हैं। राज्य में फिलहाल 557 निषिद्ध क्षेत्र हैं।
04 Sep, 20 : 08:46 PM
स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी के पिता ने शुक्रवार को स्पेनिश लीग को पत्र लिखकर कहा कि उनका बेटा 700 मिलियन यूरो चुकाये बिना तुरंत बार्सीलोना छोड़ने के लिये स्वतंत्र है । इससे पहले लीग ने कहा था कि मेस्सी का करार जून 2021 तक है और वह जुर्माना भरे बिना नहीं जा सकते । जॉर्ज मेस्सी ने पत्र में कहा कि अनुबंध इसकी अनुमति देता है कि सत्र के आखिर में उनका बेटा क्लब छोड़ सकता है । मेस्सी ने चैम्पियंस लीग क्वार्टर फाइनल में बायर्न म्युनिख के हाथों 8 . 2 से शर्मनाक हार के बाद भी इसका जिक्र किया था । बार्सीलोना पूरी कोशिश में लगा है कि मेस्सी अपना मन बदल लें और क्लब छोड़कर नहीं जाये ।
04 Sep, 20 : 07:53 PM
इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि उत्तर प्रदेश सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त के रिक्त पद को चार सप्ताह के अंदर भर लिया जाए। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि इन चार हफ्तों में नियुक्ति नहीं होती तो मुख्य सचिव को व्यक्तिगत हलफनामा दाखिल करना होगा। न्यायमूर्ति पंकज कुमार जायसवाल और न्यायमूर्ति दिनेश कुमार सिंह की खंडपीठ ने डॉ. नूतन ठाकुर की ओर से दाखिल जनहित याचिका पर यह आदेश दिया। अदालत ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय ने भी उक्त पद को जल्द भरने का आदेश दिया है लेकिन बार-बार अवसर दिये जाने के बावजूद सरकार संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रही है।
04 Sep, 20 : 07:52 PM
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी से शुक्रवार को यहां उनके आवास पर मुलाकात की । जोशी ने बाद में ट्विटर और फेसबुक पर इस मुलाकात की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत जी से आज आवास पर भेंट।’’ मुरली मनोहर जोशी (86 वर्ष) ने हालांकि इस मुलाकात का ब्यौरा नहीं दिया । गौरतलब है कि जोशी भाजपा के मार्गदर्शक मंडल के एक सदस्य हैं ।
04 Sep, 20 : 06:28 PM
पश्चिम बंगाल सरकार ने कोविड-19 की पाबंदियों में और राहत देते हुए बैंकों को कामकाजी शनिवार वाले दिनों में खुलने की अनुमति दे दी है। बैंक सामान्य तौर पर एक शनिवार छोड़कर खुलते हैं, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर राज्य सरकार ने सप्ताहांत में उन्हें बंद रखने का आदेश दिया था। तीन सितंबर को जारी आदेश के अनुसार निषिद्ध क्षेत्रों के बाहर सरकार द्वारा जिन विभिन्न गतिविधियों में राहत दी गयी है, उनके मद्देनजर बैंकों का कामकाज शनिवार को किया जा सकेगा। इसमें कहा गया कि सभी बैंक शाखाएं कामकाजी शनिवार यानी हर महीने के पहले, तीसरे तथा पांचवें शनिवार को खुल सकेंगी। दूसरे तथा चौथे शनिवार को बैंकों का अवकाश होता है।
04 Sep, 20 : 06:13 PM
कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार को बुखार आने के बाद फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया है । कोविड-19 से संक्रमित होने पर हाल में वह उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती हुए थे और उन्हें छुट्टी दे दी गयी थी। शिवकुमार के कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘डी के शिवकुमार को बुखार आने के बाद बुधवार को जयानगर में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।’’ शिवकुमार ने अपने शुभचिंतकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अस्पताल या उनके आवास के पास नहीं आने की अपील की है क्योंकि वह अगले कुछ दिनों तक अस्पताल में उपचार कराएंगे। इससे पहले शिवकुमार (58) को 24 अगस्त को राजाजीनगर में सुगुना अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें 28 अगस्त को छुट्टी दे दी गयी थी। सुगुना अस्पताल ने 31 अगस्त को एक बयान में कहा था कि शिवकुमार पर इलाज ने असर अच्छा असर दिखाया। वह ‘‘ठीक’’ हो गए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है ।
04 Sep, 20 : 04:38 PM
उच्चतम न्यायालय ने वरिष्ठ अधिवक्ता पदनाम देने की प्रक्रिया के नियमन संबंधी दिशा-निर्देशों और इस संबंध में 2017 के उसके फैसले के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश देने की मांग करने वाले आवेदन पर सुनवाई के लिए शुक्रवार को रजामंदी दी। शीर्ष अदालत ने अक्टूबर 2017 के अपने फैसले में वकीलों को वरिष्ठ पदनाम देने के लिए भारत के प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक स्थायी समिति के गठन समेत कई दिशा-निर्देश जारी किए थे। न्यायमूर्ति आरएफ नरीमन की अध्यक्षता वाली पीठ ने वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह के आवेदन पर शीर्ष अदालत के सेक्रेटरी जनरल को नोटिस जारी किया। आवेदन में कोविड-19 महामारी के कारण अदालत में हो रही ऑनलाइन सुनवाई का हवाला देते हुए कहा गया कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के पदनाम देने की प्रक्रिया भी इसी प्रकार से की जा सकती है। जयसिंह ने अपने आवेदन में कहा कि शीर्ष अदालत के निर्देशों के मुताबिक, ‘‘वरिष्ठ अधिवक्ताओं को पदनाम देने की प्रक्रिया के नियमन संबंधी उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों’’ को छह अगस्त 2018 को प्रकाशित किया गया था तथा इसमें वरिष्ठ अधिवक्ताओं को पदनाम देने की प्रक्रिया बताई गई है।
04 Sep, 20 : 04:06 PM
पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष बिमान बनर्जी ने शुक्रवार को कहा कि सदन के आगामी दो दिवसीय मानसून सत्र के दौरान "समय की कमी और कोविड-19 की स्थिति" के कारण प्रश्नकाल नहीं होगा। भाजपा ने इसे लेकर तृणमूल कांग्रेस पर "दोहरा मानदंड" अपनाने का आरोप लगाया। तृणमूल ने संसद के आगामी सत्र के दौरान प्रश्नकाल नहीं रखने के फैसले को "लोकतंत्र की हत्या" कहा था। राज्य की अन्य प्रमुख विपक्षी पार्टियां-कांग्रेस और माकपा ने हालांकि कहा कि इस बारे में आधिकारिक रूप से जानकारी मिलने के बाद ही वे कोई टिप्पणी करेंगे। बनर्जी ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘हमने तय किया है कि नौ सितंबर से शुरू होने वाले दो दिवसीय मानसून सत्र के दौरान समय की कमी और कोविड-19 स्थिति के कारण प्रश्नकाल नहीं होगा।’’ उन्होंने कहा, "प्रश्नकाल का मतलब होगा सत्र को लम्बा खींचना और उसके लिए विधायकों को लंबी अवधि तक ठहरना होगा। हम इस महामारी के दौरान यह नहीं चाहते।’’
04 Sep, 20 : 03:11 PM
घरेलू शेयर बाजार में गिरावट के बाजवूद रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 33 पैसे चढ़कर 73.14 (अनंतिम) पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में घरेलू मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.38 के स्तर पर मजबूती के साथ खुली और आगे बढ़ हासिल करते हुए 73.14 पर बंद हुई, जो अपने पिछले बंद भाव से 33 पैसे की बढ़त को दर्शाता है। दिन के कारोबार के दौरान रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.01 के ऊपरी स्तर और 73.47 के निचले स्तर को देखा। तेल आयातकों की ओर से डॉलर की मांग बढ़ने से गुरुवार को रुपया 44 पैसे गिरकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73.47 के स्तर पर बंद हुआ था। छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.03 प्रतिशत बढ़कर 92.77 पर था।
04 Sep, 20 : 03:09 PM
सूचना एवं प्रसारण मामलों पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सलाहकार लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत) आसिम सलीम बाजवा ने खुद पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद शुक्रवार को पद से इस्तीफा दे दिया। पाकिस्तानी सेना के पूर्व प्रवक्ता बाजवा सेना की दक्षिणी कमान के कमांडर भी रहे चुके हैं। वह हालांकि चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा (सीपीईसी) प्राधिकरण के अध्यक्ष के तौर पर काम करते रहेंगे। दरअसल एक वेबसाइट पर प्रकाशित खबर में आरोप लगाया गया था कि बाजवा ने अपने पद का इस्तेमाल कर अपनी पत्नी, बेटों और भाइयों को कारोबारी फायदा पहुंचाया है। इन आरोपों के बाद बाजवा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
04 Sep, 20 : 02:55 PM
कोविड-19 के मद्देनजर बिना मास्क पहने घर से बाहर निकलने के मामले में बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने पिछले पांच महीने में 2,700 से अधिक मुम्बई वासियों पर जुर्माना लगाया है। वैश्विक महामारी के मद्देनजर केन्द्रीय सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार नगर निकाय ने नौ अप्रैल से घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनना अनिवार्य कर रखा है। अधिकारी ने बताया कि मुम्बई में नगर निकाय ने नौ अप्रैल से 31 अगस्त के बीच 2,798 लोगों से जुर्माने के तौर पर कुल 27.48 लाख रुपये वसूले हैं। उन्होंने बताया कि नगर निकाय के ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग ने कम से कम 9,954 नागरिकों को कड़ी चेतावनी भी जारी की। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन विभाग ही मास्क ना पहनने वालों पर कड़ी नजर रख रहा है। नगर निकाय ने मास्क नियमों का उल्लंघन करने वालों से 1,000 रुपये का जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया है। मुम्बई में कोरोना वायरस के अभी तक 1.5 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं और 7,761 लोगों की मौत हुई है।
04 Sep, 20 : 02:54 PM
वैश्विक महामारी कोविड-19 के प्रकोप के बीच महाराष्ट्र में मानसून सत्र के निर्विघ्न चलने और कार्यवाही के दौरान सदस्यों को सुरक्षित रखने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मानसून सत्र यहां सात सितम्बर से शुरू हो रहा है। विधान भवन के अधिकारियों ने बताया कि सात सितम्बर से शुरू हो रहे दो दिवसीय सत्र के लिए विधायकों के लिए अनिवार्य ‘एंटीजन’ परीक्षण, कोविड-19 किटों का वितरण और सदस्यों के बीच शारीरिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए बैठने की नई व्यवस्था जैसे कुछ उपाय किए गए हैं। कोविड-19 के मद्देनजर महाराष्ट्र विधानसभा के इतिहास के सबसे छोटे सत्र का आयोजन किया जा रहा है। राज्य में 8.43 लाख से अधिक लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। संक्षिप्त सत्र के दौरान अन्य विधायिका के कार्यों के बीच अनुपूरक मांगों और कुछ विधेयकों पर गौर किया जाएगा। विधायी कार्य मंत्री अनिल परब ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इस दौरान प्रश्नकाल और चर्चा नहीं होगी। शिवसेना नीत महा विकास आघाडी सरकार के नवम्बर में सत्ता में आने के बाद यह पहला विधानसभा सत्र है। इससे पहले 22 जून से और अगस्त के आखिरी सप्ताह में दो बार सत्र स्थगित किया जा चुका है।
04 Sep, 20 : 02:41 PM
Announcement of the schedule of Bihar General Assembly elections as well as these by-elections will be done by the Commission at an appropriate time: Election Commission of India https://t.co/j05jezzIHI
— ANI (@ANI) September 4, 2020
04 Sep, 20 : 12:45 PM
असम में कोविड-19 के 3,054 नए मामले सामने आए
असम में कोविड-19 के 3,054 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में शुक्रवार को संक्रमण के मामले बढ़कर 1,18,333 हो गए। वहीं, सात और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 330 हो गई। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने बताया कि कामरूप महानगर जिले में सबसे अधिक 735 नए मामले सामने आए। इसके बाद डिब्रूगढ़ में 198, कछार में 192 और होजाई में 176 नए मामले सामने आए। उन्होंने बताया कि संक्रमण से मरने वाले सात मरीजों में थियेटर कलाकार चेतना दास के पति बिमाला नंद दास भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में अभी कुल 29,274 मरीजों का कोरोना वायरस का इलाज जारी है और 88,726 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। सरमा ने बताया कि राज्य में अभी तक 23 लाख से अधिक नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई है, जिनमें से 48,846 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटे में ही की गई। जोरहाट से भाजपा सांसद तपन कुमार गोगोई और मंगलदोई सीट से दिलीप सैकिया, तेजपुर से एजीपी के विधायक बृंदाबन गोस्वामी और उनकी पत्नी भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
04 Sep, 20 : 12:42 PM
सज्जन कुमार को जमानत नहीं
कांग्रेस के पूर्व नेता सज्जन कुमार को जमानत देने से सुप्रीम कोर्ट ने इनकार कर दिया है। सज्जन कुमार 1984 में हुए दंगों के मामले में दोषी पाए गए थे और सजा काट रहे हैं। कोर्ट ने कहा है कि उनका केस उस समय सुनवाई के लिए लिया जा सकता है जब सुप्रीम कोर्ट में फिजिकल हियरिंग शुरू हो जाए।
Supreme Court refuses to grant bail to former Congress leader Sajjan Kumar (in file pic), a convict in 1984 anti-Sikh riots case. The Court says that his appeal against the conviction in the case may be taken up for hearing after the Supreme Court starts its physical hearing. pic.twitter.com/WtZ0JPxtyl
— ANI (@ANI) September 4, 2020
04 Sep, 20 : 10:48 AM
शौविक चक्रवर्ती को ले गई है NCB टीम
एनसीबी ने रिया चक्रवर्ती के घर का सर्च ऑपरेशन अब खत्म कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार एनसीबी की टीम रिया के भाई शौविक को अपने साथ पूछताछ के लिए लेकर गई है। सैमुअल मिरांडा को भी एनसीबी टीम ले गई है।
04 Sep, 20 : 10:41 AM
सेंसेक्स 600 अंकों से अधिक गिरा
वैश्विक इक्विटी बाजार में चौतरफा बिकवाली के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान 600 अंक से अधिक गिर गया। बीएसई सेंसेक्स 615.70 अंक या 1.58 प्रतिशत की गिरावट के साथ 38,375.24 पर कारोबार कर रहा था, जबकि एनएसई निफ्टी 170.40 अंक या 1.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11,357.05 पर था। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की गिरावट एसबीआई में हुई, जिसके बाद एक्सिस बैंक, कोटक बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, एचडीएफसी और एचसीएल टेक रहे।
04 Sep, 20 : 09:39 AM
NCB ने सैमुअल मिरांडा को हिरासत में लिया
सुशांत सिंह राजपूत केस में ड्रग ऐंगल की जांच कर रही नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने सैमुअल मिरांडा को हिरासत में ले लिया है। इससे पहले आज सुबह NCB की टीम मिरांडा के घर तलाशी के लिए पहुंची थी। NCB की टीम ने आज सुबह रिया चक्रवर्ती के घर की भी तलाशी ली है।
Samuel Miranda detained by Narcotics Control Bureau (NCB), under provisions of Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act, 1985. https://t.co/SehPI3YMmO
— ANI (@ANI) September 4, 2020
04 Sep, 20 : 09:19 AM
कोरोना: लगातार दूसरे दिन 11 लाख से अधिक सैंपल की जांच
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआ) के अनुसार 3 सितंबर तक कुल 4,66,79,145 कोरोना टेस्ट किए गए हैं। इसमें बीते 24 घंटे में ही 11,69,765 टेस्ट किए गए। ये लगातार दूसरा दिन है जब 11 लाख से अधिक सैंपल की जांच हुई है।
A total of 4,66,79,145 samples tested up to 3rd September 2020. Of these, 11,69,765 samples were tested yesterday: Indian Council of Medical Research (ICMR) pic.twitter.com/lVt46NKENE
— ANI (@ANI) September 4, 2020
04 Sep, 20 : 09:16 AM
बारामूला में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी घायल
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक अधिकारी घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने पर सुरक्षा बलों ने उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में पट्टन इलाके के येदिपोरा में घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया था। मुठभेड़ अभी जारी है।
04 Sep, 20 : 08:35 AM
सतीश पूनिया कोरोना पॉजिटिव
बीजेपी राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। उन्होंने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं हैं और वे डॉक्टरों की सलाह के अनुसार होम आइसोलेशन में रहेंगे।
State president of BJP in Rajasthan, Satish Poonia tests positive for #COVID19. He is asymptomatic and under home-isolation, as advised by doctors. pic.twitter.com/dt01ECZd6m
— ANI (@ANI) September 4, 2020
04 Sep, 20 : 08:06 AM
रिया चक्रवर्ती के घर पहुंची नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में जांच के दौरान ड्रग्स कनेक्शन की बात आने के बीच शुक्रवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के अधिकारी मुंबई स्थित अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के आवास पर पहुंचे हैं। एक अधिकारी का कहना है कि यह सिर्फ एक प्रक्रियात्मक मामला है, जिसे फॉलो किया जा रहा है। ये रिया और सैमुअल मिरांडा के घर पर किया जा रहा है। पूरी खबर पढ़ें
04 Sep, 20 : 08:04 AM
बारामूला में मुठभेड़
बारामूला के येडिपुरा पाटन क्षेत्र में सुरक्षाबलों और आतंकियों की बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। फिलहाल इस मामले में और जानकारी का इंतजार है: जम्मू-कश्मीर पुलिस
An encounter has started at Yedipora Pattan area of Baramulla. Police and security forces are on the job. Further details shall follow: Jammu and Kashmir police
— ANI (@ANI) September 4, 2020