Aaj Ki Taja Khabar: पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासन का उल्लंघन पर संजय झा कांग्रेस से सस्पेंड
By विनीत कुमार | Updated: July 14, 2020 22:05 IST2020-07-14T08:21:59+5:302020-07-14T22:05:30+5:30

14 जुलाई लाइव अपडेट
देश और दुनिया की तमाम खबरों के अपडेट सहित कोरोना महामारी से जुड़ी हर जानकारी के लिए इस Live Blog के साथ बने रह सकते हैं। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले अब 9 लाख के पार पहुंच गए हैं। वहीं, राजस्थान में अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार में उठापटक जारी है। सचिन पायलट अपने बगावती तेवर के साथ खुल कर सामने आ गए हैं।
सचिन पायलट का दावा है कि उनके साथ कम से कम 30 विधायक हैं। उनके बीजेपी में भी शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही है। हालांकि, सोमवार को पायलट का एक बयान आया था जिसमें उन्होंने बीजेपी में जाने से इनकार किया था। सचिन पायलट को मनाने की कोशिश भी जारी है। सचिन पायलट की सोमवार को प्रियंका गांधी से बात हुई थी। वहीं, कांग्रेस की ओर से ये भी कहा गया कि हर समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा। बहरहाल, सचिन पायलट अगर कांग्रेस से अलग होते हैं तो ज्योतिरादित्य सिंधिया के बाद कांग्रेस के लिए ये दूसरा बड़ा झटका होगा।
वहीं, भारत में कोरोना संक्रमण की बात करें को बढ़ते मामलों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। कर्नाटक में भी तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। आज से बेंगलुरु सहित कर्नाटक के कुछ हिस्सों में एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन लगाया जा रहा है। मुंबई से जरूर राहत की खबर है लेकिन मुंबई से बाहर महाराष्ट्र के दूसरे क्षेत्रों में संक्रमण में काफी तेज इजाफा हुआ है। वहीं, दिल्ली में संक्रमण के मामलों में काफी गिरावट आई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना मामलों की कुल संख्या अभी 906752 हो चुकी है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या 311565 है। दूसरी ओर 571459 मरीज ठीक/डिस्चार्ज भी हो चुके हैं, जबकि कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 23727 हो गई है। ये आंकड़े मंगलवार सुबह तक के हैं।
14 Jul, 20 : 08:38 PM
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पृथक-वास केंद्र में सांप काटने से प्रवासी मजदूर की मौत हो गई है। कोरबा जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि जिले के पसान थाना क्षेत्र के अंतर्गत लेंगी गांव के पृथक-वास केंद्र में जहरीले सांप के काटने से प्रवासी मजदूर धन सिंह (25 वर्ष) की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धन सिंह लेंगी गांव स्थित स्कूल में बने पृथक-वास केंद्र में सो रहा था तब सांप ने उसे काट लिया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वहां मौजूद अन्य लोग धन सिंह को अस्पताल ले गए, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पेंड्रा भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान धन सिंह की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धन सिंह पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के झांसी से वापस अपने गांव लौटा था। जिसके बाद उसे पृथक-वास केंद्र में रखा गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है।
14 Jul, 20 : 08:13 PM
हरियाणा और पंजाब में मंगलवार को मौसम उमस भरा रहा तथा अधिकतम तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दोनों राज्यों की साझी राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम पारा 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सयिस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भिवानी सबसे गर्म इलाका रहा जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। करनाल में अधिकतम पारा 35.4 डिग्री सेल्सियस तो नारनौल में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान 37.4 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लुधियाना में अधिकतम तापमान 36.1, पटियाला में 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
14 Jul, 20 : 08:13 PM
महाराष्ट्र के उस्मानाबाद जिले में मंगलवार को 11 कैदी और छह जेल कर्मियों सहित कोविड-19 संक्रमण के 33 नए मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस के कुल मामलों का आंकड़ा 418 पहुंच गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिले में फिलहाल 151 संक्रमित मरीज उपचाराधीन हैं जबकि 250 मरीज संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। जिले में अब तक कुल 17 मरीजों की संक्रमण से जान जा चुकी है। उन्होंने बताया कि जिले की केंद्रीय जेल के 11 कैदियों और छह जेलकर्मियों सहित 17 लोग संक्रमित पाए गए हैं। नए मामलों में सात उस्मानाबाद शहर के मल्ली गल्ली, जबकि वाशी और तुल्जापुर तहसील में तीन तीन मरीज पाए गए हैं। इस बीच वायरस के प्रसार को रोकने के लिए उस्मानाबाद जिले में 19 जुलाई तक के लिए लॉकडाउन लागू कर दिया गया है।
14 Jul, 20 : 06:48 PM
कोविड—19 के मद्देनजर कांवड़ यात्रा रद्द किए जाने के बाद अब 19 और 20 जुलाई को पड़ने वाली सोमवती अमावस्या पर भी श्रद्धालु यहां गंगास्नान नहीं कर सकेंगे। हरिद्वार के जिलाधिकारी सी रविशंकर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अबुदई ने मंगलवार को यहां पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की संयुक्त बैठक के दौरान सोमवती अमावस्या पर जिले की सभी सीमाएं पूर्णत: सील रखे जाने की जानकारी दी । जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की सभी सीमाओं को अमावस्या की पूर्वरात्रि से ही बंद कर दिया जाएगा तथा इस दौरान बाहरी राज्यों से आने वालों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के यात्रियों या स्थानीय नागरिकों का इस दौरान गंगा घाटों पर स्नान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा । उन्होंने प्रतिबंध को लागू किए जाने के संबंध में अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा उसका सख्ती से पालन करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि अमावस्या पर स्थानीय मंदिरों में पुजारियों द्वारा सामाजिक दूरी का पालन भी अनिवार्य रूप से करवाया जायेगा ।
14 Jul, 20 : 06:17 PM
आतंकवादी हमले की साजिश रच रहे प्रतिबंधित लश्कर-ए-झांगवी समूह के तीन आतंकवादियों को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब पुलिस के आतंकवाद-रोधी विभाग (सीटीडी) ने लाहौर से 95 किलोमीटर दूर गुजरांवाला जिले में उनकी मौजूदगी की सूचना मिलते ही आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया, ‘‘पंजाब पुलिस के आतंकवाद रोधी विभाग को प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-झांगवी (एलईजे) के तीन आतंकवादियों के गुजरांवाला जिले के मुख्य जीटी रोड पर होने और गुजरांवाला शहर में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश के बारे में गोपनीय सूचना मिली।’’ सीटीडी ने मंगलवार को यहां जारी एक बयान में कहा, ‘‘सीटीडी दल ने सोमवार की शाम छापा मारा और तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया।’’ बयान में कहा गया है कि आतंकवादियों की पहचान मोहम्मद साकिब, अब्दुल मलिक और मुजाहिद इकबाल के रूप में की गई है। इसमें कहा गया है कि इनके पास से विस्फोटक सामग्री और डेटोनेटर बरामद किये गये है।
14 Jul, 20 : 05:33 PM
दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को 150 इंडोनेशियाई नागरिकों को जमानत दे दी जिन पर वीजा प्रावधानों का उल्लंघन कर तबलीगी जमात कार्यक्रम में शामिल होने का आरोप है। इसके अलावा उन पर मिशनरी गतिविधियों में अवैध रूप से शामिल होने और कोविड-19 महामारी के मद्देनजर जारी सरकारी दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने का भी आरोप है। मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट गुरमोहन कौर ने विदेशियों को 10,000-10,000 रुपये के निजी मुचलके पर राहत दी। आरोपियों के वकीलों असीमा मंडला, मंदाकिनी सिंह और फहीम खान ने कहा कि आरोपी बुधवार को ‘‘प्ली बारगेन’’ आवेदन दाखिल करेंगे। ‘‘प्ली बारगेन’’ क तहत आरोपी अपना अपराध स्वीकार करते हुए कमतर सजा का अनुरोध करता है। यह उन मामलो में दाखिल किया जा सकता है जिनमें अधिकतम सात साल की कैद हो सकती है। इन विदेशियों ने मार्च में निजामुद्दीन मरकज के कार्यक्रम में भाग लिया था।
14 Jul, 20 : 04:30 PM
सचिन पायलट को राजस्थान के उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पायलट को हटाए जाने की घोषणा के कुछ देर बाद प्रियंका सोनिया के आवास 10 जनपथ पहुंचीं। माना जा रहा है कि दोनों ने राजस्थान के ताजा घटनाक्रम और आगे की रणनीति पर चर्चा की। गौरतलब है कि अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ बगावती रुख अपनाने वाले पायलट एवं उनके साथी नेताओं के खिलाफ कांग्रेस ने कड़ी कार्रवाई की है। पायलट को उपमुख्यमंत्री पद के साथ-साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद से भी हटा दिया गया है।
14 Jul, 20 : 04:07 PM
राजस्थान में जारी राजनीतिक घटनाक्रम के बीच पुलिस अमले को सतर्क कर दिया गया है ताकि कानून व व्यवस्था के संकट जैसी कोई स्थिति पैदा नहीं हो। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) सौरभ श्रीवास्तव ने कहा,“खुफिया जानकारी और राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए राज्य भर में पुलिस अमले को सतर्क किया गया है।” उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है ताकि आम जनता को कोई परेशानी नहीं हो।
14 Jul, 20 : 03:53 PM
घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और अमेरिकी डालर में मजबूती के चलते आरंभिक आंकड़ों के हिसाब से रुपया मंगलवार को डॉलर के मुकाबले 23 पैसे टूटकर 75.42 पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार पर डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 75.33 पर खुला। बाद में पिछले बंद स्तर से 23 पैसे गिरकर 75.42 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ। सोमवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 75.19 पर बंद हुआ था। चार घंटे के कारोबारी सत्र में घरेलू मुद्रा ने डॉलर के मुकाबले 75.28 के उच्चतम और 75.49 के निम्नतम स्तर को छुआ। मुद्रा कारोबारियों के अनुसार अन्य वैश्विक मुद्राओं के मुकाबले डॉलर में सुधार से रुपया कमजोर हुआ है। हालांकि, कच्चे तेल की स्थिर कीमतों के चलते रुपये को समर्थन मिला लेकिन अमेरिका-चीन के बीच बढ़ते तनाव से निवेशकों की जोखिम उठाने की धारणा कमजोर पड़ी। साथ ही घरेलू शेयर बाजारों में चले बिकवाली के दौर ने भी निवेशकों के रुख पर असर डाला। इसके अलावा जून में खुदरा मुद्रास्फीति के 6.09 प्रतिशत पर रहने से भी निवेशकों का रुख सावधानी भरा रहा।
14 Jul, 20 : 02:52 PM
राजस्थान में उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद सचिन पायलट ने मंगलवार को कहा कि सत्य को परेशान किया जा सकता है पराजित नहीं। कांग्रेस आलाकमान के निर्णय के बाद उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ सत्य को परेशान किया जा सकता है पराजित नहीं।’’ गौरतलब है कि कांग्रेस ने राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ बगावत करने वाले पायलट को मंगलवार को उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पदों से हटा दिया। इसके साथ ही पार्टी ने कड़ा रुख अपनाते हुए पायलट खेमे में गए सरकार के दो मंत्रियों विश्वेंद्र सिंह एवं रमेश मीणा को भी उनके पदों से तत्काल हटा दिया।
14 Jul, 20 : 02:33 PM
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार दोपहर यहां राजभवन में राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की। कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद गहलोत राज्यपाल से मिलने पहुंचे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, गहलोत मौजूदा राजनीतिक हालात के बारे में मिश्र को अवगत करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंत्रिमंडल में शीघ्र ही बदलाव संभव है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने बगावती रुख अपनाने वाले सचिन पायलट सहित तीन नेताओं को मंत्रिपदों से हटा दिया है।
14 Jul, 20 : 02:00 PM
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं कक्षा की परीक्षा का परिणाम बुधवार को घोषित किया जायेगा । मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने यह जानकारी दी । निशंक ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘‘ बच्चों, अभिभावक और शिक्षकगण... सीबीएसई 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा का परिणाम कल (बुधवार) को घोषित किया जायेगा । मैं सभी छात्रों को शुभकामनाएं देता हूं । ’’ सीबीएसई ने सोमवार को 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम घोषित किया था । इसमें लड़कियों का पास प्रतिशत लड़कों की तुलना में 5.96 प्रतिशत बेहतर रहा । 12वीं कक्षा में क्षेत्रवार त्रिवेंद्रम क्षेत्र का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा, जहां के छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 97.67 रहा । सीबीएसई ने कोरोना वायरस के कारण उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए इस वर्ष मेधा (मेरिट) सूची जारी नहीं करने का निर्णय लिया है । इस वर्ष 12वीं कक्षा में कुल 88.78 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए जबकि 2019 में 83.40 प्रतिशत छात्र उत्तीर्ण हुए थे। यानी, पिछले साल की तुलना में इस साल 5.38 प्रतिशत अधिक छात्र उत्तीर्ण हुए।
14 Jul, 20 : 02:00 PM
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार को खनिज अभियंता कार्यालय झुंझुनू के एक कनिष्ठ सहायक को 20,000 रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि खनिज अभियंता कार्यालय झुंझुनू में कार्यरत कनिष्ठ सहायक मदनलाल को 20 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी ने शिकायतकर्ता की मां की सिलिकोसिस बीमारी से मौत हो जाने के बाद तीन लाख रुपए की दावा राशि खनिज अभियंता कार्यालय से पारित करवाने की एवज में 30 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। ब्यूरो की टीम ने आरोपी मदनलाल को मंगलवार को 20 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
14 Jul, 20 : 01:59 PM
राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से नाराज चल रहे खेमे द्वारा सदन में शक्ति परीक्षण कराए जाने की मांग की जा रही है। विधायक दीपेंद्र सिंह के बाद अब मुख्यमंत्री सचिन पायलट के करीबी माने जाने वाले मंत्री रमेश मीणा ने भी यह मांग की है। मीणा ने कहा है कि सदन में शक्ति परीक्षण से साफ हो जाएगा कि अशोक गहलोत सरकार के साथ कितने विधायक हैं। मीणा ने मंगलवार को कहा, ‘‘ सदन में शक्ति परीक्षण (फ्लोर टेस्ट) होना चाहिए। इससे उस दावे की पोल खुल जाएगी कि अशोक गहलोत सरकार को 109 विधायकों का समर्थन प्राप्त है।’’ पायलट के करीबी मीणा उन 19 विधायकों में से हैं जो सोमवार तथा मंगलवार को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शामिल नहीं हुए। हालांकि मीणा ने इससे ज्यादा कुछ नहीं बोला। इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विधायक दीपेंद्र सिंह शेखावत ने भी सोमवार को मांग की थी कि राजस्थान विधानसभा में जल्द से जल्द शक्ति परीक्षण हो ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सचिन पायलट के समर्थन में कितने विधायक है। राज्य में जारी राजनीतिक उठा-पटक के बीच कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को दावा किया था कि कुल मिलाकर 109 विधायकों का समर्थन अशोक गहलोत सरकार को हासिल है।
14 Jul, 20 : 01:59 PM
दिल्ली उच्च न्यायालय ने कोविड-19 वैश्विक महामारी की मौजूदा स्थिति के मद्देनजर मंगलवार को तय किया कि उसका और उसके अधीन आने वाली जिला अदालतों का कामकाज 31 जुलाई तक केवल अत्यावश्यक मामलों तक सीमित रहेगा। इससे पहले, उच्च न्यायालय ने 15 जुलाई तक अपना और जिला अदालतों का कामकाज अत्यावश्यक मामलों तक सीमित किया था। रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय ने कहा कि मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल की अध्यक्षता वाली उच्च न्यायालय की प्रशासनिक एवं सामान्य पर्यवेक्षण समिति ने फैसला किया है कि यह प्रतिबंध 31 जुलाई तक जारी रहेगा। इसने यह भी कहा कि वर्तमान में, अदालती कामकाज रुके होने के मद्देनजर सभी तरह के आवश्यक मामलों के साथ-साथ ही नियमित एवं अंतिम श्रेणी वाले मामलों की सुनवाई उच्च न्यायालय की सभी पीठें वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कर रही हैं, जहां न्यायाधीश अपने-अपने घर से ही मामलों की सुनवाई कर रहे हैं। वर्तमान में उच्च न्यायालय की सात खंड पीठ और एकल न्यायाधीश की 18 पीठ हैं। रजिस्ट्रार जनरल कार्यालय ने यह भी कहा कि 13 जून को उच्च न्यायालय में ऑनलाइन ई-फाइलिंग प्रणाली के उद्घाटन के बाद 10,480 वकीलों एवं वादी ने ई-फाइलिंग के लिए खुद को पंजीकृत कराया है।
14 Jul, 20 : 01:58 PM
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी कोविड-19 की जांच में संक्रमित नहीं पाये गए हैं। लगभग एक महीने में दूसरी बार जांच में उनके संक्रमित नहीं होने की पुष्टि हुई है। सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोमवार को मुख्यमंत्री और उनके कैंप कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों की कोरोना वायरस जांच की गई और जांच के परिणामों से पुष्टि हुई है कि वह और उनके कैंप कार्यालय के कोई कर्मचारी संक्रमित नहीं हैं। पिछले महीने भी मुख्यमंत्री की कोरोना वायरस के लिए जांच की गई थी, जिसकी रिपोर्ट में भी संक्रमण नहीं होने की पुष्टि हुई थी। मुख्यमंत्री के कार्यालय में एक अधिकारी और एक अन्य व्यक्ति को संक्रमित पाया गया था, जिसके बाद उनकी जांच की गई थी।
14 Jul, 20 : 01:58 PM
पाकिस्तान में कोविड-19 के 1,979 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 2,53,604 हो गए। राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय के अनुसार देश में 1,70,656 लोग ठीक हो चुके हैं। मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोविड-19 से 50 और लोगों की जान जाने से वायरस से मरने वालों की संख्या 5,320 हो गई। वहीं, अभी 2,151 लोगों की हालत गंभीर है। आंकड़ों के अनुसार, 26 मई को 1,446 नए मामले सामने आने के बाद एक दिन में सामने आए ये सबसे कम मामले हैं। आंकड़ों के अनुसार सिंध में सबसे अधिक 1,06,622 मामले हैं। इसके बाद पंजाब में 87,492, खैबर-पख्तूनख्वा में 30,747, इस्लामाबाद में 14,202, बलूचिस्तान में 11,192, गिलगित-बालस्तिान में 1,694 और पीओके में 1,655 मामले हैं। देश में अभी तक 16,06,190 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से पिछले 24 घंटे में 21,020 नमूनों की जांच की गई।
14 Jul, 20 : 12:37 PM
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने आज विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरियाणा में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
Union Minister Nitin Gadkari inaugurated and laid foundation stone of National Highway Projects in Haryana via video conferencing today. pic.twitter.com/3GVbBpe2xU
— ANI (@ANI) July 14, 2020
14 Jul, 20 : 12:11 PM
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से तीन और मौत, 98 नये मामले
राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण से पिछले 24 घंटे में तीन और मौत दर्ज की गयी जिससे राज्य में संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 521 हो गई है। इसके साथ ही राज्य में 98 नये मामले सामने आने से राज्य में इस घातक वायरस से संक्रमितों की कुल संख्या 25034 हो गयी है, जिनमें से 5759 रोगी उपचाराधीन हैं। एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को जयपुर, अजमेर व अलवर में एक-एक और संक्रमित की मौत दर्ज की गई। इससे राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या 521 हो गई है। केवल जयपुर में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या 176 हो गयी है।
14 Jul, 20 : 11:02 AM
कोविड-19: झारखंड उच्च न्यायालय में कामकाज दो दिन तक बंद
झारखंड उच्च न्यायालय के एक कर्मी के कोरोना वायरस से संक्रमित पाये जाने के बाद अदालत परिसर में दो दिन के लिए कामकाज बंद कर दिया गया। झारखंड उच्च न्यायालय के महापंजीयक कार्यालय ने सोमवार को बताया कि उच्च न्यायालय के एक कर्मी के संक्रमित पाये जाने के कारण सोमवार को अदालत में किसी तरह का कोई काम नहीं हुआ। सोमवार को पूरे परिसर को संक्रमणमुक्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गयी, जो मंगलवार तक जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि एक न्यायाधीश के होम गार्ड का नमूना जांच के लिए लिया गया था। जांच में उसके संक्रमित पाए जाने के बाद अदालत के सभी कार्य निलंबित कर दिए गए हैं।
14 Jul, 20 : 10:36 AM
मिली जानकारी के अनुसार सचिन पायलट ने कांग्रेस की दूसरी बैठक से भी किनारा कर लिया है। ऐसे में कांग्रेस में संकट बरकरार है। सूत्रों के अनुसार बार-बार बैठक के जरिए सचिन पायलट को संदेश देने की कोशिश हो रही है कि अभी भी उनके लिए दरवाजे खुले हैं। हालांकि पायलट नहीं आते तो आज की बैठक के बाद आगे की कार्रवाई पर कांग्रेस पार्टी विचार करेगी।
Congress Legislative Party meeting is being conducted again & again to send messages to Sachin Pilot that still there's time for him to come. Party's top leadership still has flexibility for him. Decision will be taken after today's meeting over further course of action: Sources
— ANI (@ANI) July 14, 2020
14 Jul, 20 : 10:09 AM
कोरोना वायरस के कारण शिकागो मैराथन रद्द
कोरोना वायरस महामारी के दौरान धावकों, दर्शकों और स्वयंसेवकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए शिकागो मैराथन रद्द कर दी गयी है। मैराथन के आयोजकों और शहर के अधिकारियों ने कहा कि कोविड-19 महामारी को देखते हुए 11 अक्टूबर को इस प्रतियोगिता का आयोजन करना चुनौतीपूर्ण होता। शिकागो स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यहां वायरस से संक्रमित 55,184 मामले सामने आये हैं जिनमें से 2,682 ने अपनी जान गंवायी।
14 Jul, 20 : 10:08 AM
कोरोना: रिकवरी रेट और बढ़ा
भारत में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की दर अब 63 प्रतिशत से ज्यादा हो गई है। भारत सरकार के अनुसार ये दर अब 63.02 प्रतिशत हो गई है। वहीं मृत्यु दर 3.99 प्रतिशत है।
The recovery rate among COVID-19 patients has increased to 63.02%. The recoveries/deaths ratio is 96.01%:3.99% now: Government of India https://t.co/O2YyMuLCwL
— ANI (@ANI) July 14, 2020
14 Jul, 20 : 10:06 AM
भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9 लाख के पार
भारत में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिन से देश में 28 हजार से अधिक केस सामने आ रह हैं। मंगलवार (13 जुलाई) को देश में पिछले 24 घंटे में एक बार फिर 28 हजार हजार से अधिक केस सामने आए। ऐसे में कुल संक्रमितों की संख्या 9 लाख के पार हो गई है। पूरी खबर पढ़ें
14 Jul, 20 : 08:28 AM
कोरोना को लेकर WHO ने दी बड़ी चेतावनी
दुनियाभर में कोरोना वायरस संक्रमण के 1.3 करोड़ मामले हो गए हैं। वहीं अबतक 567,951 लोगों की मौत इससे हो चुकी है। इसी बीच विश्व स्वास्थ्य संगठ (WHO) ने कोरोना को लेकर चेतावनी देते हुए कहा है कि कोरोना अभी दुनिया का दुश्मन नंबर एक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के महानिदेशक ट्रेडोस एडहानोम गेब्रेयेसस ने कहा, ''कोरोना वायरस अभी भी लोगों के लिए दुश्मन नंबर एक बना हुआ है। लेकिन कई देशों की सरकार और वहां के नागरिक इस खतरे को लेकर लापरवाही बरत रहे हैं।'' पूरी खबर पढ़ें
14 Jul, 20 : 08:27 AM
राजस्थान में आज विधायक दल की बैठक
राजस्थान में चल रहे सियासी उठापठक के बीच मंगलवार (14 जुलाई) सुबह 10 बजे फिर से विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। कांग्रेस पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नाराज चल रहे उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट और अन्य कई विधायक इसमें शामिल होंगे। सचिन पायलट को कांग्रेस मनाने की कोशिश में लगी हुई है। पूरी खबर पढ़ें