बिहार में सम्राट सरकार के कामकाज का कांग्रेस विधायक ने किया खुलकर समर्थन, कहा- मौजूदा सरकार का प्रदर्शन काफी अच्छा दिख रहा है, अपराध रोकने के लिए कठोर कार्रवाई जरूरी
By एस पी सिन्हा | Updated: May 1, 2026 18:51 IST2026-05-01T18:51:44+5:302026-05-01T18:51:57+5:30
वाल्मीकिनगर से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कामकाज की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार का प्रदर्शन काफी अच्छा दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी जिस तरह काम कर रहे हैं, वह सराहनीय है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

बिहार में सम्राट सरकार के कामकाज का कांग्रेस विधायक ने किया खुलकर समर्थन, कहा- मौजूदा सरकार का प्रदर्शन काफी अच्छा दिख रहा है, अपराध रोकने के लिए कठोर कार्रवाई जरूरी
पटना: बिहार में इन दिनों में अपराधियों के खिलाफ हो रही पुलिस कार्रवाई और एनकाउंटर का कांग्रेस विधायक ने समर्थन किया है। वाल्मीकिनगर से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र प्रसाद कुशवाहा ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के कामकाज की खुलकर तारीफ करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार का प्रदर्शन काफी अच्छा दिख रहा है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी जिस तरह काम कर रहे हैं, वह सराहनीय है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती और जो भी कानून तोड़ेगा, उसके खिलाफ पुलिस को सख्त कदम उठाना ही चाहिए। अपराध रोकने के लिए कठोर कार्रवाई जरूरी है और अगर अपराधी कानून से ऊपर समझते हैं तो एनकाउंटर जैसी कार्रवाई भी गलत नहीं मानी जानी चाहिए।
वहीं, बिहार में संभावित कैबिनेट विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का अधिकार है। टीम में किसे- किसे जगह देते हैं, ये देखने वाली बात होगी। नई सरकार से लोगों को काफी उम्मीदें हैं। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा को लेकर सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि वाल्मीकिनगर से यात्रा शुरू करना कोई नई बात नहीं है।
इससे पहले नीतीश कुमार भी कई यात्राओं की शुरुआत यहीं से कर चुके हैं। अब निशांत कुमार भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव के एग्जिट पोल को लेकर उन्होंने कहा कि वे वहां चुनावी प्रक्रिया में शामिल नहीं थे, इसलिए ज्यादा दावा करना ठीक नहीं होगा। सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि 4 मई को नतीजे आने के बाद पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी।