महाराष्ट्र: हमारे पास 170 विधायक हैं और संख्या बढ़ रही है, बहुमत को लेकर बोले सीएम एकनाथ शिंदे
By रुस्तम राणा | Published: July 1, 2022 08:14 PM2022-07-01T20:14:03+5:302022-07-01T20:21:17+5:30
288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के पास 106 विधायक हैं और शिंदे का दावा है कि उनके पास 50 विधायकों का समर्थन है। इसमें शिवसेना के 39 और बाकी निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
मुंबई: महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को 4 जुलाई को फ्लोर टेस्ट का सामना करना है। इस फ्लोर टेस्ट में शिंदे सरकार अपना बहुमत साबित करेगी। बहुमत को लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमारे पास 170 विधायक हैं और विधायकों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने कहा हमारे पास विधानसभा में सहज बहुमत है। 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के पास 106 विधायक हैं और शिंदे का दावा है कि उनके पास 50 विधायकों का समर्थन है। इसमें शिवसेना के 39 और बाकी निर्दलीय विधायक शामिल हैं।
सीएम शिंदे के अभी उनके गुट के बागी विधायक गोवा में ही ठहरे हुए हैं। वे सभी शनिवार को मुंबई पहुंचेंगे। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने शिंदे को सदन में 4 जुलाई को बहुमत साबित करने को कहा है। वहीं शुक्रवार को बीजेपी नेता राहुल नार्वेकर ने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है। 3 जुलाई से विधानसभा का विशेष सत्र प्रारंभ हो रहा है।
बता दें कि एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। 2.5 साल तक चली उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के पीछे शिंदे खेमे का हाथ है। शिंदे ने शिवसेना के 39 विधायकों के साथ राकांपा और कांग्रेस के साथ महा विकास अघाड़ी गठबंधन को लेकर अपनी ही पार्टी के खिलाफ विद्रोह कर दिया।
बागी विधायक चाहते थे कि शिवसेना प्रमुख ठाकरे उन पार्टियों से गठबंधन तोड़ दें जिनका उन्होंने कभी विरोध किया था। उन्होंने कहा कि शिवसेना का स्वभाविक गठबंधन भाजपा के साथ है और उसे वापस जाना चाहिए। ठाकरे के खिलाफ बगावत करने के तुरंत बाद बागी विधायक महाराष्ट्र छोड़कर भाजपा शासित गुजरात, फिर इसके बाद गुवाहाटी (असम) चले गए।
राज्यपाल द्वारा ठाकरे को विधानसभा में बहुमत साबित करने के लिए कहने के बाद बागी विधायक मुंबई लौटने को तैयार हो गए, लेकिन वे सबसे पहले गोवा पहुंचे, जहां वे अब भी ठहरे हुए हैं। आज मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि विधायक शनिवार को मुंबई लौटेंगे
इससे पहले आज शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शिंदे पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने उनकी पीठ में छुरा घोंपा है। शिवसेना प्रमुख ने यह भी कहा कि अगर भाजपा 2019 में उनसे किए गए वादे पर सहमत होती, तो कोई एमवीए नहीं होता।