कोरोना वायरस के कहर के बीच विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए वंदे भारत मिशन का दूसरा चरण 16 मई से शुरू किया जाएगा, जो 22 मई तक चलेगा। न्यूज एजेंसी एएनआई ने बताया कि इस दौरान 31 देशों से भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए फीडर फ्लाइट सहित 149 उड़ानें तैनात की जाएंगी।
बता दें कि वंदे भारत मिशन का पहला फेज 7 मई को शुरू हुआ था। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इसकी शुरुआत करते हुए कहा, "एयर इंडिया लॉकडाउन के बीच विदेशों में फंसे करीब 15 हजार भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए सात मई से 13 मई के बीच 64 उड़ानें संचालित करेगी।
दूसरे चरण में इन देशों लाए जाएंगे भारतीय
अमेरिका, यूएई, कनाडा, सऊदी अरब, ब्रिटेन, मलेशिया, ओमान, कजाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, यूक्रेन, कतर, इंडोनेशिया, रूस, फिलीपींस, फ्रांस, सिंगापुर, आयरलैंड, किर्गिस्तान, कुवैत, जापान, जॉर्जिया, जर्मनी, तजाकिस्तान, बहरीन, अर्मेनिया, थाईलैंड, इटली, नेपाल, बेलारूस, नाइजीरिया, बांग्लादेश।
पहले फेज में अब तक आ चुके हैं 6037 भारतीय
बता दें कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि, "वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया और उसकी सहायक एयर इंडिया एक्सप्रेस सात मई 2020 से शुरू हुए पहले फेज के तहत अब तक 31 उड़ानों के जरिए 6037 भारतीयों को वापस स्वदेश लाने में कामयाब हुई है।
वंदे भारत मिशन के तहत एयर इंडिया और उसकी सहायक एयर इंडिया एक्सप्रेस 12 देशों में 64 उड़ानें चला रही है। इनमें से 42 उड़ानें एयर इंडिया और 24 उड़ानों का परिचालन एयर इंडिया एक्सप्रेस कर रही है। 12 देशों में अमेरिका, लंदन, बांग्लादेश, सिंगापुर, सऊदी अरब, कुवैत, फिलीपींस, यूएई और मलयेशिया शामिल है।
देशभर में कोरोना की चपेट में 70 हजार से ज्यादा लोग
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार अब तक देशभर में 70756 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं, जिसमें से 2293 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि देशभर में 22454 लोग इस महामारी से ठीक भी हुए हैं और एक व्यक्ति देश से बाहर चला गया है। भारत में अभी कोरोना के 46008 एक्टिव केस मौजूद हैं।