Monkeypox: दिल्ली में मंगलवार को मंकीपॉक्स का तीसरा मामला सामने आया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में रहने वाला एक अन्य नाइजीरियाई व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। कल 35 वर्षीय एक नाइजीरियाई व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
पूरे देश में इसके अब तक 9 मामले सामने आ चुके हैं। मरीज़ को सोमवार को दिल्ली सरकार के लोक नायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंकीपॉक्स के पहले मरीज़ को सोमवार रात अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी थी।
केरल में पिछले महीने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से लौटा 30 वर्षीय एक व्यक्ति मंकीपॉक्स से संक्रमित पाया गया है, जिसके साथ ही राज्य में इस वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या पांच हो गई है। दिल्ली में तीन और राजस्थान में एक मामले है।
मंकीपॉक्स से संक्रमित मिले नाइजीरियाई व्यक्ति को सरकारी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जो राष्ट्रीय राजधानी में इस संक्रमण के इलाज के लिए नोडल अस्पताल है। सूत्रों के मुताबिक, नाइजीरियाई व्यक्ति पिछले पांच दिनों से बुखार से जूझ रहा है और उसके शरीर पर दाने भी हैं।
उन्होंने बताया कि संक्रमित के हाल-फिलहाल में विदेश या देश में यात्रा करने का कोई इतिहास नहीं है। सूत्रों के अनुसार, नाइजीरियाई व्यक्ति के नमूने पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) भेजे गए थे और सोमवार शाम आई जांच रिपोर्ट से उसमें संक्रमण की पुष्टि हो गई। उन्होंने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में अफ्रीकी मूल के दो और संदिग्ध मरीजों को भी भर्ती कराया गया है।