FIFA WC: नाइजीरिया के अहमद मूसा ने दागे दो गोल, आइसलैंड पर दर्ज की शानदार जीत

By भाषा | Updated: June 22, 2018 23:01 IST2018-06-22T23:01:35+5:302018-06-22T23:01:35+5:30

FIFA World Cup 2018: नाइजीरिया ने आइसलैंड को 2-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2018 के नॉकआउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी।

FIFA World Cup 2018: Nigeria beat Iceland by 2-0 | FIFA WC: नाइजीरिया के अहमद मूसा ने दागे दो गोल, आइसलैंड पर दर्ज की शानदार जीत

FIFA World Cup 2018: Nigeria beat Iceland by 2-0

वोल्गोग्राद, 22 जून। स्ट्राइकर अहमद मूसा के दूसरे हाफ में दागे गए दो गोल की मदद से नाइजीरिया ने आइसलैंड को 2-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2018 के नॉकआउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदें बरकरार रखी। मूसा ने 49वें और 75वें मिनट में गोल दागे जिससे नाइजीरिया अपनी पहली जीत दर्ज करने में सफल रहा। उसे पहले मैच में क्रोएशिया के हाथों 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी, लेकिन ग्रुप डी में अर्जेंटीना के लचर प्रदर्शन के कारण अब नाइजीरिया तीन अंक के साथ दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। 

आइसलैंड ने अर्जेंटीना के खिलाफ 1-1 से ड्रा छूटे पहले मैच में जिस तरह का जलवा दिखाया था वह आज नहीं दिखा पाया। पहले हाफ में उसने जरूर अच्छे मौके बनाए, लेकिन दूसरे हाफ में नाइजीरिया के आक्रामक तेवरों का उसके पास कोई जवाब नहीं था। इसके अलावा उसके स्टार स्टार गिल्फी सिगुर्डसन ने एक पेनल्टी को भी गंवाया। (फीफा विश्व कप 2018 की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें)

पहले हाफ में आइसलैंड के सिगुर्डसन ने दो अच्छे मौके बनाए, लेकिन दोनों अवसरों पर फ्रांसिस उजोहो ने उनके प्रयासों को नाकाम कर दिया। नाइजीरिया ने पहले छह मिनट में सिगुर्डसन के इन हमलों के बाद सतर्कता बरती और गेंद को अपने कब्जे में रखने पर ध्यान दिया। 

नाइजीरिया इसमें काफी हद तक सफल भी रहा, लेकिन यह मैदान के बीच तक ही सीमित रहा और उसने कोई खतरनाक मूव नहीं बनाया। इस बीच आइसलैंड ने जरूर आक्रामक तेवर दिखाए, लेकिन वह गोल करने में नाकाम रहा। पहले हाफ के इंजुरी टाइम में सिगुर्डसन और जान बोडवर्सन दोनों चूक गए और इस तरह से मध्यांतर तक स्कोर गोलरहित बराबरी पर रहा।

नाइजीरिया ने हालांकि दूसरे हाफ के शुरू में ही जवाबी हमले से गोल करके आइसलैंड पर दबाव बना दिया। मूसा ने 49वें मिनट में विक्टर मोसेज के क्रास पर अच्छी तरह से नियंत्रण जमाने के बाद शाट जमाया और हेनेस हाल्डरसन के पास उसे रोकने का कोई मौका नहीं था।

इसके बाद नाइजीरिया अधिक आक्रामक होकर खेला। मूसा ने अपना असली जलवा तो खेल के 75वें मिनट में दिखाया, जब उन्होंने एकल प्रयास से गोल करके अपनी टीम की बढ़त दोगुनी की। यह भी पढ़ें- FIFA World Cup: ब्राजील ने कोस्टा रिका को 2-0 से हराया, 91वें और 97वें मिनट में किया गोल

मूसा ने पहले कारी अर्नसन को अपनी तेजी और कौशल से पीछे छोड़ा और फिर गोलकीपर हाल्डरसन को छकाकर आसानी से गोल दागा। यह उनका पिछले दो विश्व कप मैचों में चौथा गोल है। वह पिछले मैच में नहीं खेले थे लेकिन इससे पहले 2014 में ब्राजील में खेले गये अपने पिछले विश्व कप मैच में उन्होंने अर्जेंटीना के खिलाफ दो गोल किये थे। 

इसके तुरंत बाद अल्फ्रेड फिनबोगसन को बाक्स में गिराने के कारण आइसलैंड को वीएआर के सहारे पेनल्टी मिली लेकिन सिगुर्डसन का शाट क्रास बार के ऊपर से बाहर चला गया और इस तरह से उन्होंने टीम को वापसी दिलाने में महत्वपूर्ण मौका गंवा दिया। नाइजीरिया अपने आखिरी मैच में 26 जून को अर्जेंटीना से भिड़ेगा, जबकि आइसलैंड का सामना ग्रुप से शीर्ष पर चल रहे क्रोएशिया से होगा।

Web Title: FIFA World Cup 2018: Nigeria beat Iceland by 2-0

फुटबॉल से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे