FIFA World Cup 2018: यूरेरी पॉलसन के एक गोल ने किया कमाल, पेरू पर डेनमार्क की 1-0 से जीत
By विनीत कुमार | Updated: June 17, 2018 00:10 IST2018-06-17T00:05:35+5:302018-06-17T00:10:00+5:30
इस पूरे मैच में पेरू को सामने सबसे आसान मौका हाफ टाइम के ठीक पहले मिला। हालांकि, उसने उसे गंवा दिया।

Yussef Yurary Poulsen
मॉस्को, 16 जून: कैस्पर शेईमेकेल की बेहतरीन गोलकीपिंग और यूसुफ यूरेरी पॉलसन के एक गोल की बदौलत डेनमार्क ने फीफा वर्ल्ड कप-2018 के अभियान का आगाज जीत से किया। ग्रुप 'सी' में शनिवार को खेले गए दूसरे मैच में डेनमार्क ने पेरू को 1-0 से हराया। इससे पहले इसी ग्रुप के पहले मैच में फ्रांस ने ऑस्ट्रेलिया को 2-1 से मात दी थी।
सरांस्क के मंदोविया एरेना में खेले गए इस मैच में डेनमार्क की ओर से विजयी गोल यूरेरी ने मैच के 59वें मिनट में दागा। वहीं, गोलकीपर कैस्पर का भी योगदान अहम रहा जिन्होंने पेरू की ओर से किए गए आक्रमण में कई संभावित गोल के मौकों को जाया किया। इस जीत के साथ ही डेनमार्क को तीन अंक मिल गए। (और पढ़ें- फीफा वर्ल्ड कप 2018: नहीं दिखा मेसी का जलवा, आइसलैंड ने अर्जेंटीना को ड्रा पर रोका)
#PERDEN // STATS #WorldCuppic.twitter.com/jqkr850QCX
— FIFA World Cup 🏆 (@FIFAWorldCup) June 16, 2018
पेरू ने गंवाया आसान मौका
इस पूरे मैच में पेरू को सामने सबसे आसान मौका हाफ टाइम के ठीक पहले मिला। रेफरी ने वीएआर की मदद से पेरू के पक्ष में पेनल्टी दी। दरअसल, क्रिस्टियान क्वेबा गेंद लेकर डेनमार्क के खेमे में जा रहे थे। इस दौरान पॉलसन से टकरा कर वह गिर गए। रेफरी ने वीएआर का इस्तेमाल किया और पॉलसन की गलती को देखते हुए पेरू को पेनल्टी दी।
हालांकि क्वेबा ने ये आसान मौका गंवा दिया। क्वेबा ने शॉट लिया और गेंद गोलपोस्ट से काफी ऊपर होते हुए बाहर चली गई। इस वर्ल्ड कप में ये दूसरा मौका है जब किसी टीम ने पेनल्टी पर मौका गंवाया है। इससे पहले अर्जेंटीना और आइसलैंड के बीच मैच के दौरान लियोनेल मेसी ने भी ऐसे ही पेनल्टी पर गोल का आसान मौका गंवा दिया था।
बहरहाल, मैच के 12वें मिनट में भी पेरू के लिए एक उम्मीद जगी थी और आंद्रे कारिलो ने डेनमार्क के तीन डिफेंडरों को छकाते हुए गोलपोस्ट की ओर गेंद मार दिया। लेकिन गोलकीपर कैस्पर ने इसे रोक लिया। (फीफा वर्ल्ड कप से जुड़ी सारी खबरें यहां पढ़ें)