फीफा वर्ल्ड कप 2018: बेल्जियम का जीत के साथ सफर खत्म, तीसरे स्थान के प्लेआफ मुकाबले में इंग्लैंड को हराया
By भाषा | Updated: July 14, 2018 22:23 IST2018-07-14T22:06:13+5:302018-07-14T22:23:42+5:30
इससे पहले बेल्जियम का फीफा विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1986 में था जब वह चौथे स्थान पर रहा था।

Belgium beat England
सेंट पीटर्सबर्ग, 14 जुलाई: थॉमस मियूनियेर और एडेन हेजार्ड के गोलों की मदद से बेल्जियम ने फीफा विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए तीसरे स्थान के प्लेआफ मुकाबले में 2-0 से हराया।
निलंबन के कारण फ्रांस के खिलाफ सेमीफाइनल नहीं खेल सके मियूनियेर ने चौथे ही मिनट में गोल करके बेल्जियम को बढत दिला दी। इसके बाद हेजार्ड ने आखिरी क्षणों में गोल करके 2-0 से जीत सुनिश्चित की। इससे पहले बेल्जियम का विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1986 में था जब वह चौथे स्थान पर रहा था। बेल्जियम ने एक पखवाड़े के भीतर दूसरी बार इंग्लैंड को हराया है। ग्रुप चरण में उसे हराने वाले बेल्जियम ने 82 साल तक इंतजार किया था।
गेरेथ साउथगेट ने क्रोएशिया से सेमीफाइनल में हारी इंग्लैंड टीम में चार बदलाव किये थे। इंग्लैंड ने विश्व कप में अपनी सबसे युवा टीम उतारी जिसमें खिलाड़ियों की औसत आयु 25 वर्ष 174 दिन थी।
बहरहाल, तीसरे स्थान के लिए हुए इस मुकाबले में बेल्जियम शुरू से ही आक्रामक थी और उसने इंग्लैंड के डिफेंस तथा अटैक को कमजोर कर रखा था। पेरिस सेंट जर्मेन के डिफेंडर थॉमस मियूनियेर ने रोमेलू लुकाकू के बनाये मूव पर चौथे ही मिनट में गोल करके बेल्जियम को बढत दिला दी। थॉमस गोल के सामने ही खड़े थे। उन्होंने बड़ी आसानी से गेंद को नेट में डाल अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद हेजार्ड ने 83वें मिनट में दूसरा गोल करके इंग्लैंड की वापसी के सारे रास्ते बंद कर दिये।
यह भी पढ़ें- कतर में 2022 में होने वाले फीफा वर्ल्ड कप के समय में बड़ा बदलाव, इतिहास में पहली बार होगा ऐसा