अमरुद महोत्सव में चखिए 15 तरह के अमरूदों का स्वाद और जानिए
By मेघना वर्मा | Updated: January 6, 2018 13:41 IST2018-01-06T12:11:20+5:302018-01-06T13:41:03+5:30
अमरुद महोत्सव में ना सिर्फ अमरुद के अलग-अलग प्रकार देखने को मिलेंगे बल्कि अमरुद से बने व्यंजन भी चखने को मिलते हैं।

अमरुद महोत्सव में चखिए 15 तरह के अमरूदों का स्वाद और जानिए
ठंड की धूप में काले नमक के साथ अमरुद का स्वाद चखना किसे नहीं पसंद होगा। आपको जानकार हैरानी होगी कि भारत में अमरुद के कई प्रकार मिलते हैं। अलग-अलग जहों पर अलग प्रकार का अमरुद मिलता है और इन सभी के स्वाद में थोड़ा बहुत अंतर भी होता है। लेकिन अगर हम आपसे कहें कि अब आपको इन सभी प्रकार के अमरुद एक जगह पर ही चखने को मिल सकते हैं तो क्या आप ट्राई करना चाहेंगे?
जी हां, इलाहाबाद के खुसरो बाग में होने वाले अमरुद महोत्सव में आप एक साथ 15 तरह के अमरुद का स्वाद चख सकते हैं। उत्तर प्रदेश उद्यान विभाग और संचारी समूह की ओर से सात जनवरी को होने वाले इस महोत्सव में अमरुद के कई रंग देखने को मिलेंगे। अलग-अलग रंग रूप और प्रकार के ये अमरुद उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों जैसे मंझनपुर, कौशाम्बी आदि जगह से मंगवाए जाएंगे।
क्यों कराया गया है इस महोत्सव का आयोजन?
संचारी इलाहाबाद समूह की अध्यक्ष पल्लवी चंदेल ने बताया कि बीते कुछ सालों में शहर में अमरुद की पैदावार बहुत कम हुई है। इलाहाबाद जहां अमरुद की पैदावार के लिए मशहूर था, वहां इस साल पिछले सालों के अपेक्षा सिर्फ 35 से 40 प्रतिशत ही इसकी उपज हुई है। उन्होंने बताया कि अमरुद की खेती करने वाले किसान अब अमरुद को छोड़ केले की खेती कर रहे हैं। अमरुद महोत्सव के माध्यम से किसानों को अमरुद की खेती के लिए प्रोत्साहित करना है। पल्लवी ने बताया कि इस महोत्सव का सबसे बड़ा कारण है अमरुद की घटती हुई पैदावार की ओर सरकार का ध्यान खींचना। किसानों को अमरुद की खेती के लिए प्रोत्साहित करना और सरकार से किसानों के लिए सब्सिडी की मांग करना है।
साहित्यिक कार्यक्रमों से सजेगी शाम
सुबह 11 बजे से शुरू होने वाले इस महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यकर्मों के साथ अमरुद से जुड़ी बहुत सारी प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। जिसमें शहर की महिलाओं के साथ स्कूल और कॉलेज के बच्चे भी शामिल होंगे। सिर्फ इतना ही नहीं, महोत्सव में एग्रो विभाग को भी शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि लोगों को यहां ना सिर्फ अमरुद के अलग-अलग प्रकार देखने को मिलेंगे बल्कि अमरुद से बने अलग-अलग व्यंजन भी चखने को मिलेंगे।