वैशालीः 17 साल की किशोरी को घर से उठाया, पांच दरिंदों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, पीड़िता को जहर पिलाकर मारने की कोशिश, हालत गंभीर होने के बाद सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर
By एस पी सिन्हा | Published: June 2, 2023 02:22 PM2023-06-02T14:22:50+5:302023-06-02T14:23:32+5:30
बिहार में वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र का मामला है। दरिंदों ने लड़की से सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद पीड़िता को जहर पिलाकर मारने की कोशिश की।
पटनाः बिहार में बेखौफ अपराधियों के मन से पुलिस-प्रशासन का खौफ लगभग समाप्त हो गया है। यही कारण है कि वे आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने में थोड़ा सा भी नहीं हिचक रहे हैं। इसी कड़ी में वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र एक गांव में 17 साल की किशोरी से पांच दरिंदों ने सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पीड़िता को पातेपुर पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर किया गया है। आरोप है कि चार से पांच दरिंदों ने लड़की से सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद पीड़िता को जहर पिलाकर मारने की कोशिश की।
पीड़िता की हालत गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात को अपराधी ने किशोरी को उसके ही घर से उठाकर ले गए और घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर ले जाकर बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।
वहीं अपनी मनमानी करने के बाद दरिंदों ने पीड़िता को जहर देकर मारने की भी कोशिश की। किशोरी की गंभीर हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। वहीं पुलिस ने तत्काल मामले में कार्रवाई करते हुए कुछ चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।