उदयपुरः 17 वर्षीय नाबालिग पत्नी को साथ नहीं भेजने पर सास का गला दबाकर हत्या, दामाद ने सासू मां बहला फुसलाकर राजसमंद ले गया और जान ली, ऐसे खुल गए राज!
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: August 9, 2023 03:05 PM2023-08-09T15:05:41+5:302023-08-09T15:08:30+5:30
उदयपुरः अधिकारी ने बताया कि मृतका की बेटी की तरफ से आरोपी ईश्वर सिंह (24) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
जयपुरः राजस्थान के उदयपुर जिले के सुखेर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने उसकी नाबालिग पत्नी को साथ नहीं भेजने पर सास का गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस उपाधीक्षक (अतिरिक्त चार्ज सुखेर थाना) चेतना भाटी ने बताया कि मीरा नगर निवासी गीता कुंवर भाटी की 17 वर्षीय बेटी का विवाह इस वर्ष मई में राजसमंद निवासी ईश्वर सिंह (24) के साथ हुआ था।
शादी के बाद से नाबालिग अपनी मां के पास रह रही थी। उन्होंने बताया कि रविवार को ईश्वर सिंह अपने ससुराल (उदयपुर) आया था, सास ने बेटी को दामाद (ईश्वर सिंह) के साथ भेजने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि ईश्वर सिंह सास को अपने साथ बहला फुसलाकर राजसमंद ले गया और वहां उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मां के वापस घर नहीं आने पर बेटी ने फोन लगाया।
लेकिन मां ने फोन नहीं उठाया। इसी दौरान बेटी ने ईश्वर सिंह को भी फोन किया तो उसका मोबाइल भी बंद था। पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह सुखेर थाना पुलिस ने शव को राजसमंद से लाकर उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मृतका की बेटी की तरफ से आरोपी ईश्वर सिंह (24) के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी दामाद की तलाश कर रही है।