विवाहित प्रेमिका से मिलने आए शख्स की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, मुंबई में टैक्सी चलाता था
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Published: December 19, 2021 03:55 PM2021-12-19T15:55:43+5:302021-12-19T15:57:34+5:30
सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्र ने बताया कि शनिवार रात अयोध्या जिले के मनगवां का रहने वाला यूनुस (40) अपनी प्रेमिका से मिलने जिले के करौंदी कला थाना क्षेत्र के हिंदुआ बाग में आया था।
सुलतानपुरः सुलतानपुर जिले के करौंदी कला थाना क्षेत्र अंतर्गत हिंदुआ बाग में अपनी विवाहित प्रेमिका से मिलने आए एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्याकर दी गई। पुलिस ने रविवार को बताया कि इस मामले में उक्त महिला के दो देवरों को गिरफ्तार कर लिया है।
सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्र ने बताया कि शनिवार रात अयोध्या जिले के मनगवां का रहने वाला यूनुस (40) अपनी प्रेमिका से मिलने जिले के करौंदी कला थाना क्षेत्र के हिंदुआ बाग में आया था। उन्होंने बताया कि इसकी जानकारी महिला के देवरों को हो गई और उन लोगों ने लाठी-डंडे से पीटकर यूनुस को घायल कर दिया जिसकी बाद में मौत हो गई।
यूनुस और महिला का पति रमाशंकर मुंबई में टैक्सी चलाते थे और इस बीच महिला से यूनुस को प्रेम हो गया था। घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष अमरेंद्र बहादुर सिंह ने दोनों आरोपियों कृपाशंकर और शिव शंकर को गिरफ्तार कर लिया तथा मृतक यूनुस के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महाराष्ट्र : घर में घुसकर दंपति पर हमला, महिला के पूर्व प्रेमी की भूमिका की जांच
महाराष्ट्र के पालघर में एक नवविवाहित युगल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में कथित तौर पर घुसकर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। तुलिंज थाने के वरिष्ठ निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि घटना नालासोपारा इलाके में शनिवार तड़के करीब दो बजे हुई।
उन्होंने कहा कि 24 वर्षीय व्यक्ति और उसकी 22 वर्षीय पत्नी घर में थी और उसी दौरान आरोपी ने दंपति के घर में घुसकर चाकू से कथित तौर पर हमला किया। अधिकारी ने बताया कि शोरशराबा होने के बाद कुछ पड़ोसी वहां पहुंचे और दंपति को अस्पताल ले गए जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, महिला का पूर्व प्रेमी उससे बदला लेने के लिए उत्तर प्रदेश से नालासोपारा आया था। पुलिस को महिला के व्हाट्सऐप अकाउंट पर कुछ धमकी भरे संदेश भी मिले। अधिकारी ने कहा कि तुलिंज पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि आरोपी का पता लगाने की कोशिश जारी है।