महिला स्वास्थ्यकर्मी के पति और दो बच्चों की हत्या, सुबह नौकरानी पहुंची तो हुआ मामले का खुलासा
By भाषा | Published: May 31, 2018 08:57 PM2018-05-31T20:57:56+5:302018-05-31T20:57:56+5:30
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा अभी तक हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में जानकारी नहीं मिली है।
रायपुर, 31 मई: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में महिला स्वास्थ्यकर्मी और उसके परिवार के सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। महासमुंद जिले के पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने आज ‘भाषा’ को फोन पर बताया कि जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत किसनपुर गांव में योगमाया (30 वर्ष), पति चैतन साहू (35 वर्ष), पुत्र तन्मय (नौ वर्ष) और कुणाल (छह वर्ष) की हत्या कर दी गई।
सिंह ने बताया कि आज सुबह पुलिस को किसनपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत योगमाया और उसके परिवार की हत्या की सूचना मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। बाद में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि योगमाया और उसका परिवार उप स्वास्थ्य केंद्र के करीब मकान में रहता था। योगमाया का पति रायपुर में एक निजी अस्पताल में कर्मचारी था। बीती रात अज्ञात लोगों ने घर के अंदर घुसकर फरसा जैसे धारदार हथियार से परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी और घर के बाहर ताला लगाकर वहां से फरार हो गए।
चीखता रहा बच्चा, लोग देखते रहे तमाशा, चोर बताकर 13 साल के लड़के की हुई बेरहमी से पिटाई
उन्होंने बताया कि आज सुबह जब घर की नौकरानी वहां पहुंची तब उसने घर में ताला लगा देखा। बाद में उसने इसकी जानकारी गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों को दी। ग्रामीणों ने घर के भीतर प्रवेश किया तब योगमाया और उसके परिवार की हत्या होने की जानकारी मिली। बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा अभी तक हत्या के कारणों और आरोपियों के संबंध में जानकारी नहीं मिली है।
लोकमत न्यूज के लेटेस्ट यूट्यूब वीडियो और स्पेशल पैकेज के लिए यहाँ क्लिक कर के सब्सक्राइब करें