बेटी तेरे पिता की मौत सूरत में हो गई, मैं जा रही हूं?, 13 वर्षीय पुत्री का सौदा 55 वर्षीय अधेड़ प्रभाकर कुमार मिश्रा से किया और प्रेमी के साथ फरार मां
By एस पी सिन्हा | Updated: February 8, 2026 16:01 IST2026-02-08T16:00:04+5:302026-02-08T16:01:16+5:30
Palamu: पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और अपहरण जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

सांकेतिक फोटो
Palamu:झारखंड के पलामू जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां एक मां ने अपने प्रेम प्रसंग के रास्ते से कांटा हटाने के लिए अपनी ही 13 वर्षीय मासूम बेटी का सौदा कर दिया। मां ने बेटी को झूठ बोला कि सूरत में काम करने वाले उसके पिता की मृत्यु हो गई है। पिता की मौत का झूठा डर दिखाकर मां ने अपनी नाबालिग बच्ची को 55 वर्षीय अधेड़ प्रभाकर कुमार मिश्रा के हाथों सौंप दिया और खुद अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। आरोपी प्रभाकर मिश्रा ने उस 13 साल की बच्ची से न केवल जबरन शादी की, बल्कि उसे पिछले दो महीनों से मेदिनीनगर के एक किराए के मकान में बंधक बनाकर रखा था। पीड़िता के अनुसार, उसे बाहरी दुनिया से काट दिया गया था और वह एक खौफनाक जीवन जीने को मजबूर थी।
यह पूरी साजिश सिर्फ इसलिए रची गई ताकि आरोपी मां बिना किसी बाधा के अपने प्रेमी के साथ नया जीवन शुरू कर सके। इस घिनौने अपराध का पर्दाफाश तब हुआ जब बच्ची के पिता गुजरात के सूरत से मजदूरी कर वापस पलामू लौटे। घर पर बेटी को न पाकर उन्होंने उसकी तलाश शुरू की और अंततः उस तक पहुंचने में सफल रहे।
पिता के सामने आते ही मासूम फूट-फूट कर रोने लगी और अपनी मां की साजिश से लेकर प्रभाकर मिश्रा की दरिंदगी तक की पूरी कहानी बयां कर दी। इसके बाद पिता ने तुरंत पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पलामू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और आरोपी प्रभाकर कुमार मिश्रा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी पर पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम और अपहरण जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बच्ची को रेस्क्यू कर काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है, जबकि पुलिस फरार मां और उसके प्रेमी की तलाश में छापेमारी कर रही है।