ओडिशा: जज की लाश मिली कमरे में लटकी हुई, मां ने लगाया हत्या का आरोप
By आशीष कुमार पाण्डेय | Published: September 4, 2022 03:03 PM2022-09-04T15:03:48+5:302022-09-04T15:09:10+5:30
ओडिशा के कटक में पदस्थापित स्पेशल पोक्सो कोर्ट के जज सुभाष कुमार बिहारी बीते शुक्रवार को अपने आधिकारिक आवास पर फंदे से लटके हुए पाए गए। जज की मां इसे हत्या का केस बता रही हैं, जबकि पुलिस प्रारंभिक जांच के आधार पर आत्महत्या का मामला बता रही है।
भुवनेश्वर:कटक में स्पेशल पोक्सो कोर्ट के जज सुभाष कुमार बिहारी बीते शुक्रवार को अपने आधिकारिक आवास पर फंदे से लटके हुए पाए गए। मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में कहा कि जज सुभाष कुमार बिहारी ने आत्महत्या की है लेकिन जज की मां ने मामले में सीधे हत्या की आशंका जताते हुए आरोप के कटघरे में जज सुभाष कुमार बिहारी की पत्नी और उनके भाई को खड़ा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक जज सुभाष कुमार बिहारी की 70 साल की वृद्ध मां तुलसी बिहारी ने घटना के अगले दिन शनिवार को कटक के मरकटनगर पुलिस स्टेशन में अपने आशंका के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस के दिये शिकायत में जज बिहारी की मां तुलसी ने आरोप लगाया कि उसके बेटा सुभाष कुमार बिहारी की शादी 2007 में अपराजिता नाम की लड़की से हुई थी। शादी के बाद से उनके जज बेटे सुभाष कुमार बिहारी पत्नी के कारण मानसिक प्रताड़ना से गुजर रहे थे।
समाचार वेबसाइट द टेलीग्राफ के मुताबिक तुलसी बिहारी ने कहा, "मेरा बेटा सुभाष अक्सर मुझे बताता था कि वह अपनी पत्नी के कारण बेहद कठिन मानसिक आघात के दौर से गुजर रहा है क्योंकि दोनों के विचार मेल नहीं खाते थे और इस कारण दोनों के रिश्ते में कड़वाहट आ गई थी। मेरा बेटा जज था, वो हर स्थिति में न्याय की बात किया करता था। वो आत्महत्या कर ही नहीं सकता है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहू ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की है और बाद में उसे आत्महत्या का साबित करने के लिए उसके मरे हुए शरीर को छत के पंखे से लटका दिया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब वो बेटे के शव को उसके पैतृक गांव जाजपुर में दाह संस्कार के लिए ले जाना चाहती थीं तो उनकी पत्नी ने इस अनुरोध को ठुकरा दिया था।
घटना के बाद पोक्सो कोर्ट के जज सुभाष कुमार बिहारी के छोटे भाई सुबोध बिहारी ने कहा, “मां मेरे साथ ही गांव में रहती है। भईया सुभाष ने अपराजिता के साथ प्रेम विवाह किया था। इस कारण शादी के बाद वो घर आना कम कर दिये थे। आखिरी बार वो पिछले जून में गांव आये थे, एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लेकिन उस समय भी वो घर नहीं आये लेकिन हमें उनसे इस बात की कोई शिकायत नहीं थी। मृत जज सुभाष के छोटे भाई सुबोध बिहारी अपने पैतृक जाजपुर में रहते हैं और गांव के पास ही एक ऑटो शोरूम में काम करते हैं।
मामले में कटक के मरकटनगर पुलिस स्टेशन के प्रभारी निरीक्षक ब्यूटी मोहंती ने कहा, “घटना के फौरन बाद हमने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था। लेकिन अब चूंकि जज सुभाष कुमार बिहारी की 70 साल की मां ने खुद हत्या की एफआईआर दर्ज करावाई है तो हम मामले को उस एंगल से भी देख रहे हैं। सारी चीजें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर निर्भर करती हैं, जिसका हम इंतजार कर रहे हैं।"
खबरों के मुताबिक जज सुभाष कुमार बिहारी ने शुक्रवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, इस मामले में सबसे दुखद पहलू यह है कि उसी दिन उनके पिता की पुण्यतिथि भी थी। सुभाष के पिता का देहांत साल 1997 में हुआ था।
आशंका जताई जा रही है कि जज सुभाष कुमार बिहारी पिता की पुण्यतिथि में शामिल होने के लिए गांव जाना चाहते थे लेकिन इस बात को लेकर उनके और उनकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। शायद उस कारण वह मानसिक रूप से इतने परेशान हो गये हों कि उन्होंने आत्महत्या जैसा गंभीर कदम उठा लिया। पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है और संबंधित लोगों का बयान दर्ज कर रही है।