सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, आपत्तिजनक सामग्री, कंडोम और दवाएं बरामद, मकान के आसपास कई नामी कोचिंग संस्थान
By एस पी सिन्हा | Updated: January 30, 2026 15:21 IST2026-01-30T15:20:35+5:302026-01-30T15:21:44+5:30
नवादाः बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद सेक्स रैकेट के ठिकाने से शराब की बोतलें मिलना पुलिस और प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती है।

सांकेतिक फोटो
नवादाः बिहार में नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र के नवीन नगर मोहल्ले में चल रहे एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने इस मामले में दो लड़कियों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के निर्देश पर की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के देखरेख में डीएसपी हुलास कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी कर मौके से कई आपत्तिजनक सामग्री, कंडोम और दवाएं बरामद की हैं। दिलचस्प बात तो बात तो यह है कि जिस मकान में यह काम चल रहा था, उसके आसपास कई नामी कोचिंग संस्थान हैं।
यहां प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ने के लिए आते हैं। पुलिस को मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, कंडोम और दवाएं मिली हैं। घटनास्थल के पास कचरे के ढेर से विभिन्न ब्रांड की शराब की खाली बोतलें और इस्तेमाल किए गए कंडोम भी बरामद किए गए हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि यहां लंबे समय से सेक्स रैकेट का काम चल रहा था।
जांच में सामने आया है कि यह मकान श्रवण यादव का है। मकान मालिक खुद यहां नहीं रहते और उन्होंने इसे किराए पर दे रखा था। किराएदारों की आड़ में यहां जिस्मफरोशी का धंधा चलाया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें इस गतिविधि की भनक तक नहीं थी, लेकिन छापेमारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बता दें कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद सेक्स रैकेट के ठिकाने से शराब की बोतलें मिलना पुलिस और प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती है। फिलहाल, पुलिस हिरासत में लिए गए सभी छह व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह के मुख्य सरगना और अन्य कड़ियों का पता लगाया जा सके।