नालंदाः पड़ोसी शिक्षक ने 9 साल के बच्चे को 12 बार चाकूओं से गोदकर की निर्मम हत्या, बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, इस विवाद में ली जान
By एस पी सिन्हा | Published: July 12, 2023 05:34 PM2023-07-12T17:34:38+5:302023-07-12T17:35:57+5:30
नालंदाः शिक्षक ने पहले रोका और फिर मीट काटने वाले चाकू से उस पर ताबड़तोड़ 12 वार किए। जिससे यह बच्चा बुरी तरह घायल हो गया।
पटनाः बिहार में नालंदा जिले के सिलाव थाना क्षेत्र के कड़ाह मोहल्ले से एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पड़ोसी शिक्षक ने 9 साल के बच्चे को 12 बार चाकूओं से गोदकर मौत की नींद सुला दिया। घटना का अंजाम उसवक्त दिया गया, जब बच्चा जब घर से बाहर खेलने निकला था।
कहा जा रहा है कि शिक्षक ने पहले उसे रोका और फिर मीट काटने वाले चाकू से उस पर ताबड़तोड़ 12 वार किए। जिससे यह बच्चा बुरी तरह घायल हो गया। उसके बाद इलाज के दौरान इसकी मौत हो गई। मृतक मासूम की पहचान मोहम्मद शफीक के रूप में की गई है।
पुलिस की माने तो नाली में पानी गिराने को लेकर पड़ोसी शिक्षक का बच्चे के परिवार से विवाद हुआ था। इसका बदला लेने के लिए उसने बच्चे की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी शिक्षक भागने लगा, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बच्चे के मौसा ने बताया कि वो घर से खेलने के लिए निकला था। जैसे ही बाहर पहुंचा, पड़ोसी शिक्षक मोहम्मद फिरोज ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। वो खून से लथपथ हो गया था। इसके बाद हम उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी अशोक मिश्रा ने बताया कि आरोपित शिक्षक मो. फिरोज को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित कतरीसराय प्रखंड में शिक्षक के पद पर कार्यरत है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।