महिला कर्मचारी ने पत्रिका के संपादक को उतारा मौत के घाट, यौन उत्पीड़न का लगाया आरोप
By नियति शर्मा | Published: March 19, 2019 06:54 PM2019-03-19T18:54:46+5:302019-03-19T18:54:46+5:30
इंडिया अनबाउंड के संपादक नित्यानंद पांडे का शव भिवंडीं के खारदी गांव के एक नाले से मिला। पांडे को गला घोंट कर मारा था और उसके सिर पर भी कई वार किये गए थे।
महाराष्ट्र के थाणे जिले में सोमवार (18 मार्च) को सूबे की पुलिस ने हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आरोपियों में एक 24 वर्षीय महिला भी है। महिला एक पत्रिका में काम करती थी। पुलिस ने बताया कि महिला ने यौन उत्पीड़न का बदला लेने के लिए अपने सहकर्मी के साथ मिलकर पत्रिका के संपादक की हत्या की है।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान 45 वर्षीय नित्यानंद पांडे के रूप में हुई है। वह इंडिया अनबाउंड के संपादक थे। नित्यानंद पांडे के परिवार ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 15मार्च, 2019 को दर्ज करवाई थी। पुलिस को नित्यानंद का शव भिवंडी के नाले से मिला।
थाणे जिले के पुलिस अधीक्षक शिवाजी राठौर ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पूछताछ में महिला ने हत्या का कारण यौन उत्पीड़न बताया है। महिला नित्यानंद की सहायक थी और करीब दो सालों से यौन उत्पीड़न का शिकार थी।
महिला ने इस काम के लिए अपने एक सहकर्मी की मदद ली थी। उसके तैयार होने पर दोनों ने मिलकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया।
पुलिस ने मीडिया को बताया कि दोनों आरोपी पांडे को एक प्रापर्टी दिखाने के बहाने से उसी की कार से भायंदर ले कर गये थे। बीच रास्ते में ही सहकर्मी ने पांडे को ड्रिक में नशीली दवा मिला कर दी, जिससे थोड़ी ही देर में वो बेहोश हो गए। दोनों ने मिलकर नित्यानंद का गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।